मनीष कुमार त्यागी
गाजियाबाद : परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश द्वारा दिये गये निर्देशों के कम में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने, यात्री हितों की रक्षा करने तथा अनधिकृत रूप से संचालित यात्री वाहनों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग, गाजियाबाद द्वारा “ऑपरेशन कवच 2.0” के अंतर्गत विशेष सघन चेकिंग एवं प्रवर्तन अभियान संचालित किया जा रहा है। सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), गाजियाबाद ने बताया कि उक्त अभियान के तहत परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीमों द्वारा जनपद के प्रमुख मार्गों, राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों, बस अड्डों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष जांच की जा रही है। इस दौरान बिना वैध परमिट संचालित बसों, निर्धारित शर्तों का उल्लंघन करने वाले वाहनों तथा नियमों के विपरीत संचालित यात्री वाहनों को विशेष रूप से चिन्हित किया जा रहा है। चेकिंग के दौरान बसों के वैध परमिट, फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा, कर भुगतान, चालक अनुज्ञापन पत्र सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों एवं सुरक्षा मानकों की गहन जांच की जा रही है। जांच के दौरान अनियमितता पाए जाने पर संबंधित बस संचालकों एवं वाहन स्वामियों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम एवं प्रचलित नियमों के अंतर्गत प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 07 सितंबर 2026 को की गयी प्रवर्तन कार्यवाही के दौरान 30 बसों को चालान कर 23 बसों निरूद्ध किया गया तथा 8.40 जुर्माना अधिरोपित किया गया।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है। अनधिकृत एवं नियमों के विपरीत संचालित बसें न केवल राजस्व की क्षति का कारण बनती हैं, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करती हैं। “ऑपरेशन कवच 2.0” का उद्देश्य अवैध एवं अनधिकृत परिवहन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करते हुए सुरक्षित, सुगम एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।





