‘नशा मुक्त पंजाब, नशा मुक्त भारत’ के संकल्प के साथ पंजाब पहुंचे सीएम धामी

CM Dhami arrived in Punjab with the resolve of a 'Drug-free Punjab, Drug-free India'

रविवार दिल्ली नेटवर्क

देहरादून : उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ‘नशा मुक्त पंजाब, नशा मुक्त भारत’ के संकल्प के साथ पंजाब पहुंचे। होशियारपुर के मुकेरियां में विशाल रोड शो में शामिल होकर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने पंजाब की जनता, विशेषकर युवाओं से नशे के खिलाफ एकजुट होकर निर्णायक लड़ाई लड़ने का आह्वान किया।

मुकेरियां (दसूहा) में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नशा मुक्त पंजाब यात्रा भारतीय जनता पार्टी की पंजाब को नशे के अभिशाप से मुक्त कराने के लिए एक निर्णायक पहल है। आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले पंजाब की जनता से नशे के खिलाफ बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन सत्ता मिलते ही उन वादों से मुकर गई। आज पंजाब में नशे का बढ़ता कारोबार और उसकी गिरफ्त में जाती युवा पीढ़ी इस सरकार की नाकामी और वादा खिलाफी का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देशभर में नशे के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है वहीं पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार नशे के बढ़ते कारोबार को मौन समर्थन दे रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को प्रभावित करता है। युवाओं की ऊर्जा नशे में नहीं, राष्ट्र निर्माण में लगे, इसी संकल्प के साथ नशा मुक्त पंजाब से नशा मुक्त भारत की दिशा में आगे बढ़ना है। कार्यक्रम में माननीय पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री श्री सोम प्रकाश, विधायक श्री जंगी लाल महाजन, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री संजीव मिन्हास समेत अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।