मुंबई (अनिल बेदाग): अपनी दमदार अदाकारी से हर किरदार में जान फूंकने वाले अभिनेता यशपाल शर्मा एक बार फिर दर्शकों को डर, रहस्य और रोमांच की अनदेखी दुनिया में ले जाने के लिए तैयार हैं। उनकी नई सुपरनैचुरल हॉरर थ्रिलर फिल्म ‘झाड़-फूंक’ जिओ हॉटस्टार पर रिलीज हो चुकी है। फिल्म की ओटीटी दस्तक के साथ मेकर्स ने नया ट्रेलर भी जारी किया है, जो अपनी रहस्यमयी झलकियों और खौफनाक घटनाओं से दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाता है।
निर्देशक राजन रामगोपाल वर्मा की इस फिल्म में यशपाल शर्मा के साथ पद्मिनी कोल्हापुरे, सुम्बुल तौकीर खान, हर्ष राजपूत और अप्रतिम सिंह अहम भूमिकाओं में हैं। यशपाल शर्मा के मुताबिक, उनका किरदार कई परतों वाला है, जो कलाकार के तौर पर उन्हें चुनौतीपूर्ण लगा। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, “झाड़-फूंक मेरे लिए एक दिलचस्प और चुनौतीपूर्ण फिल्म रही है। मेरे किरदार में कई परतें हैं और यही बात इसे निभाने के लिहाज से खास बनाती है। एक कलाकार के तौर पर मुझे ऐसे किरदार पसंद हैं, जिनमें दर्शकों को हर पल कुछ नया महसूस हो और वे उसके बारे में सोचने पर मजबूर हों। राजन रामगोपाल वर्मा के साथ काम करने का अनुभव अच्छा रहा। फिल्म की कहानी और इसका सस्पेंस दर्शकों को बांधे रखेगा। मुझे खुशी है कि अब यह फिल्म जिओ हॉटस्टार के माध्यम से देशभर के दर्शकों तक पहुंच रही है।
कहानी उत्तराखंड की पहाड़ियों में एक सड़क दुर्घटना के बाद शुरू होती है, जहां गर्भवती आस्था एक अनजान घर में शरण लेती है। शुरुआत में मददगार नजर आने वाला परिवार धीरे-धीरे रहस्यमयी और डरावना लगने लगता है। एक अनजान महिला की मौजूदगी, साथी का लापता होना और आने वाले बच्चे की सुरक्षा की चिंता कहानी को रोमांचक मोड़ देती है।
नीव एंटरटेनमेंट इंडिया के बैनर तले बनी इस फिल्म के निर्माता शैलेश परिहार और सह-निर्माता वृंदा ब्रह्मभट्ट हैं। हॉरर, सस्पेंस और मनोवैज्ञानिक डर का संगम पेश करती ‘झाड़-फूंक’ में यशपाल शर्मा की दमदार मौजूदगी दर्शकों के लिए खास आकर्षण है।





