लोक सभा अध्यक्ष तिरुवनंतपुरम में संसद तथा राज्य/संघ राज्य क्षेत्र विधानमंडलों की लोक लेखा समितियों के सभापतियों के सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे

Lok Sabha Speaker to inaugurate the Conference of Chairmen of Public Accounts Committees of Parliament and State/UT Legislatures in Thiruvananthapuram

  • केरलम के मुख्यमंत्री, राज्य सभा के उपसभापति, केरलम विधान सभा के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष तथा लोक लेखा समितियों के सभापति उद्घाटन सत्र की शोभा बढ़ाएंगे
  • ‘लेखा परीक्षा, जवाबदेही एवं सुशासन – लोक लेखा समिति की उभरती भूमिका’ विषय पर होगा सम्मेलन में विचार-विमर्श
  • लोक सभा अध्यक्ष 4 नवंबर 2026 को समापन सत्र को संबोधित करेंगे

प्रमोद शर्मा

नई दिल्ली : लोक सभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला मंगलवार, 3 नवंबर, 2026 को केरलम के तिरुवनंतपुरम में संसद तथा राज्य/संघ राज्य क्षेत्र विधानमंडलों की लोक लेखा समितियों (पीएसी) के सभापतियों के सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।

उद्घाटन सत्र में केरलम के मुख्यमंत्री श्री वी. डी. सतीशन; राज्य सभा के उपसभापति श्री हरिवंश; केरलम विधान सभा के अध्यक्ष श्री थिरुवनचूर राधाकृष्णन तथा केरलम विधान सभा की लोक लेखा समिति के सभापति श्री के. एन. बालगोपाल उपस्थित रहेंगे और सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

संसद की लोक लेखा समिति के सभापति श्री के. सी. वेणुगोपाल स्वागत भाषण देंगे, जबकि केरलम विधान सभा की उपाध्यक्ष श्रीमती शानिमोल उस्मान धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करेंगी। सम्मेलन में संसद तथा राज्य/संघ राज्य क्षेत्र विधानमंडलों की लोक लेखा समितियों के सभापति एवं सदस्यगण तथा अन्य विशिष्ट गणमान्य व्यक्ति भाग लेंगे।

दो दिवसीय सम्मेलन में ‘लेखा परीक्षा, जवाबदेही एवं सुशासन – लोक लेखा समिति की उभरती भूमिका’ विषय पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा। सम्मेलन के दौरान अनुभवों को साझा करने, श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान तथा सार्वजनिक व्यय पर विधायी निगरानी सुनिश्चित करने और शासन में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं वित्तीय अनुशासन को बढ़ावा देने में लोक लेखा समितियों की भूमिका को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उपायों पर सार्थक चर्चा होगी।

सार्वजनिक व्यय की जांच करने तथा यह सुनिश्चित करने वाली कि जनधन का उपयोग विधायिका की मंशा एवं स्वीकृति के अनुरूप हो, लोक लेखा समितियां जवाबदेही और उत्तरदायी शासन के सिद्धांतों को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस सम्मेलन में सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन के क्षेत्र में उभरती चुनौतियों, लेखा परीक्षा के बदलते परिदृश्य तथा विधायी समीक्षा एवं निगरानी की प्रभावशीलता को और अधिक बढ़ाने की आवश्यकता पर रचनात्मक संवाद को प्रोत्साहन मिलने की अपेक्षा है।

सम्मेलन का समापन बुधवार, 4 नवंबर, 2026 को होगा। इस अवसर पर लोक सभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला समापन सत्र को संबोधित करेंगे। केरलम विधान सभा के अध्यक्ष तथा संसद की लोक लेखा समिति के सभापति भी समापन सत्र को संबोधित करेंगे। केरलम विधान सभा की उपाध्यक्ष स्वागत भाषण देंगी, जबकि केरलम विधान सभा की लोक लेखा समिति के सभापति धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करेंगे।