रविवार दिल्ली नेटवर्क
तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के कॉलेज ऑफ कंप्यूटिंग साइंसेज एंड इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी- सीसीएसआईटी में देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में महत्वपूर्ण पदों पर तैनात पांच विशिष्ट एल्युमिनाई ने स्टुडेंट्स से साझा किए पेशेवर अनुभव
- डॉ. शशांक ने कहा, एआई शिक्षा, शोध और प्रोग्रामिंग में तेजी से ला रही बदलाव
- श्री तरुण अग्रवाल ने इंटर्नशिप, लाइव प्रोजेक्ट्स में सक्रिय भागीदारी के लिए किया प्रेरित
- नियमित कोडिंग अभ्यास, तार्किक चिंतन सफलता के लिए आवश्यकः सुश्री इशिता सक्सेना
- समय प्रबंधन, प्रभावी संप्रेषण, सहयोग की भी अहम भूमिकाः सुश्री चंद्रिम श्रीवास्तव
- श्री निखिल सिंघल बोले, एआई आधारित प्लेटफॉर्म कोडिंग, डिबगिंग और तकनीकी समस्याओं के समाधान में सहायक
- वीसी प्रो. वीके जैन ने कहा, एल्युमिनाई तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी की महत्वपूर्ण पूंजी
तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद के कॉलेज ऑफ कंप्यूटिंग साइंसेज एंड इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी- सीसीएसआईटी की एल्युमिनाई एसोसिएशन की ओर से ऑडिटोरियम में डिस्टिंग्विश्ड एल्युमिनाई कैंपस एंगेजमेंट प्रोग्राम में देश के प्रतिष्ठित संगठनों में महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत पांच विशिष्ट एल्युमिनाई ने स्टुडेंट्स से पेशेवर अनुभव साझा करते हुए एआई के प्रभावी उपयोग, प्रोग्रामिंग, तकनीकी दक्षता, प्रभावी संप्रेषण, टीमवर्क और निरंतर सीखने के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। प्रश्नोत्तर सत्र में स्टुडेंट्स ने आईटी क्षेत्र में रोजगार के लिए आवश्यक तकनीकी कौशल, उद्योग की अपेक्षाओं, उभरती तकनीकों और कॉरपोरेट जीवन की चुनौतियों से जुड़े सवाल पूछे। अंत में कुलपति प्रो. वीके जैन ने सभी एल्युमिनाई को प्रशस्ति प्रमाणपत्र, बैग और शॉल भेंट करके सम्मानित किया। रैंडस्टैड डिजिटल, बेंगलुरु में डिलीवरी लीड एवम् सीनियर सॉल्यूशंस मैनेजर और एमसीए 2007 बैच के एल्युमिनाई डॉ. शशांक शर्मा ने कहा, एआई शिक्षा, शोध और प्रोग्रामिंग के क्षेत्र में तेजी से बदलाव ला रहा है। उन्होंने कहा, एआई स्वतंत्र चिंतन और विषय की गहरी समझ का विकल्प नहीं, बल्कि सीखने का सहायक माध्यम है। इससे पूर्व दीप प्रज्ज्वलन के संग कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। स्टुडेंट अंकिता घोष ने गणेश वंदना पर आकर्षक नृत्य की प्रस्तुति दी। संचालन स्टुडेंट्स गौरवी प्रजापति और अभिवंश जैन ने किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
एक्सेंचर, नोएडा में टेक्निकल आर्किटेक्ट मैनेजर एवम् एमसीए 2013 बैच के एल्युमिनाई श्री तरुण अग्रवाल ने यूनिवर्सिटी से कॉरपोरेट जगत तक के सफर के अनुभव साझा करते हुए कहा, तकनीकी ज्ञान के साथ प्रभावी संप्रेषण, टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता और व्यावहारिक समस्या समाधान कौशल भी पेशेवर सफलता के लिए जरूरी हैं। उन्होंने स्टुडेंट्स को इंटर्नशिप, लाइव प्रोजेक्ट्स और उद्योग आधारित गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। नेक्स्टवर्ज सॉल्यूशंस, नोएडा में हेड-डिमांड जनरेशन एवम् एमसीए 2013 बैच की एल्युमिना सुश्री इशिता सक्सेना ने प्रोग्रामिंग में मजबूत आधार तैयार करने पर जोर देते हुए कहा, सी$$, जावा, पायथन सरीखी किसी एक प्रोग्रामिंग भाषा पर अच्छी पकड़ बनाना, अनेक भाषाओं का सतही ज्ञान रखने से अधिक उपयोगी है। उन्होंने नियमित कोडिंग अभ्यास, तार्किक चिंतन और तकनीकी साक्षात्कार की व्यवस्थित तैयारी को सफलता के लिए आवश्यक बताया।
गुरुग्राम के एडवांस्ड जीआरसी में प्रोजेक्ट लीड एवम् एमसीए 2013 बैच की एल्युमिना सुश्री चंद्रिम श्रीवास्तव ने कहा, तकनीकी दक्षता के साथ समय प्रबंधन, प्रभावी संप्रेषण, पारस्परिक सहयोग और सकारात्मक दृष्टिकोण भी कार्यस्थल पर सफलता के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने स्टुडेंट्स को समूह परियोजनाओं और प्रस्तुतियों में सक्रिय भागीदारी करने और टीम भावना विकसित करने की सलाह दी। गुरुग्राम की अलाइट सर्विसेज इंडिया प्रा. लि. में एप्लिकेशन आर्किटेक्ट एवम् सीनियर मैनेजर श्री निखिल सिंघल ने बताया, एआई आधारित प्लेटफॉर्म कोडिंग, डिबगिंग और तकनीकी समस्याओं के समाधान में सहायक हो सकते हैं। हालांकि स्टुडेंट्स को एआई से प्राप्त समाधानों की तार्किकता और शुद्धता को स्वयं परखना चाहिए। उन्होंने नियमित कोडिंग अभ्यास और वास्तविक समस्याओं पर आधारित परियोजनाओं में भाग लेने की सलाह दी। इससे पूर्व कुलपति प्रो. वीके जैन ने कहा, एल्युमिनाई किसी भी यूनिवर्सिटी की महत्वपूर्ण पूंजी होते हैं। उन्होंने कहा, अनुशासन, दृढ़ संकल्प, आलोचनात्मक चिंतन, प्रभावी संप्रेषण और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति सफलता के प्रमुख आधार हैं। कार्यक्रम में सीसीएसआईटी के वाइस प्रिंसिपल प्रो. अशोक कुमार, एआरसी के असिस्टेंट डायरेक्टर श्री सिद्धार्थ माथुर, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग एचओडी डॉ. रूपल गुप्ता, डॉ. प्रियांक सिंघल, इवेंट कोऑर्डिनेटर श्री नवनीत विश्नोई आदि मौजूद रहे।





