रविवार दिल्ली नेटवर्क
भारतीय संगीत और डाक टिकटों की विरासत को समर्पित 400 पृष्ठीय पुस्तक में संगीत के इतिहास, महान कलाकारों और 50 रागों का संकलन
रायपुर : राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी को उनके रायपुर प्रवास पर लोढ़ा समाज के डॉ. कुमेश कुमार जैन ने भारतीय संगीत की समृद्ध विरासत को डाक टिकटों के माध्यम से सहेजने वाली की अपनी अनूठी पुस्तक ‘झंकार–द स्ट्रम’ भेंट की । लगभग 400 पृष्ठों की इस पुस्तक में भारतीय संगीत की विविध विधाओं, महान संगीतज्ञों, वाद्ययंत्रों, लोक एवं जनजातीय संगीत, फिल्म संगीत और राग परंपरा को फिलाटेली यानी डाक टिकट संग्रह के अनूठे दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया गया है।
जयपुर में आयोजित सुर संगम के 37वें राष्ट्रीय युवा संगीत एवं टैलेंट हंट प्रतियोगिता समारोह में लोकार्पित हुई यह पुस्तक भारतीय संगीत की सांस्कृतिक यात्रा को डाक टिकटों में दर्ज स्मृतियों के साथ जोड़ती है। इसमें पंडित रविशंकर, उस्ताद जाकिर हुसैन, एम.एस. सुब्बुलक्ष्मी और उस्ताद बिस्मिल्लाह खाँ जैसे दिग्गज कलाकारों के योगदान के साथ 50 रागों का संकलन भी शामिल है।
डॉ. कुमेश कुमार जैन ने रायपुर के पहुना सर्किट हाउस में विधानसभाध्यक्ष देवनानी का गुलदस्ता भेंट कर और शाल ओढ़ा कर अभिनन्दन किया और अपनी पुस्तक ‘झंकार–द स्ट्रम’ और अन्य प्रकाशित पुस्तकों के बारे में भी जानकारी दीं। उन्होंने बताया कि उनके पास भारतीय डाक टिकटों का विशाल भंडार है तथा इस संग्रह के लिए देश विदेशों से उन्हें कई अवार्ड मिले हैं। डॉ जैन ने स्पीकर देवनानी को अपने समाज की राजस्थान में स्थित लोढ़ा समाज की कुलदेवी की जानकारी भी दी।
डॉ. जैन ने बताया कि इस पुस्तक को सुर संगम के राष्ट्रीय अध्यक्ष और वीणा म्यूजिक ग्रुप जयपुर के संस्थापक स्वर्गीय के.सी. मालू की स्मृति को समर्पित किया है। पुस्तक में के.सी. मालू का जीवनवृत्त वरिष्ठ स्वतंत्र पत्रकार गोपेन्द्र नाथ भट्ट ने लिखा है।
विधानसभाध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने डॉ कुमेश कुमार जैन को पुस्तक लेखन और डॉक टिकटों के संग्रह के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी और कहा कि ‘झंकार–द स्ट्रम’ भारतीय संगीत, कला और सांस्कृतिक स्मृतियों को संरक्षित करने की दिशा में एक विशिष्ट साहित्यिक एवं शोधपरक प्रयास है।
इस अवसर पर भाईपा उपाध्यक्ष रवि लोढ़ा लोढ़ा, छत्तीसगढ़ी फिल्म के डायरेक्टर नवीन लोढ़ा, छत्तीसगढ़ लोढ़ा समाज के सक्रिय कार्यकर्ता मनीष लोढ़ा आदि भी उपस्थित थे।





