दिलप्रीत के चार गोल से भारतीय पुरुष हॉकी टीम का इंडोनेशिया पर बड़ी जीत से आगाज

Indian men's hockey team kicks off with a big win over Indonesia, powered by four goals from Dilpreet

केसरिया जर्सी में जीती भारत की पुरुष व महिला हॉकी टीमें

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : स्ट्राइकर दिलप्रीत सिंह के हैट्रिक सहित चार, सुखजीत सिंह व शिलानंद लाकरा के दो -दो गोल से भारतीय पुरुष हॉकी ने लहरों की तरह हमले बोल कर कमजोर इंडोनेशिया को काकामिगहारा (जापान) में कावासाकी जूडो स्टेडियम में एशियाई खेलों में रविवार को पूल ए के अपने मैच में से 13-1 से हरा कर अपना अभियान दमदार ढंग से शुरू किया। भारत के लिए राजिंदर सिंह, मंदीप सिंह, जुगराज सिंह सुखजीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह ने भी एक एक गोल किया।पराजित इंडोनेशिया के लिए सम्मान बचाने वाला इकलौता गोल ओलिया अल अर्द्ध ने तीसरे क्वॉर्टर में दागा। इंडोनेशिया के गोलरक्षक आलम फज्र की तारीफ करनी होगी कि उन्होंने रविवार को भारत के स्ट्राइकरों के आधा दर्जन से ज्यादा लगभग निश्चित गोल न रोके होते तो उनकी टीम 20 गोल के अंतर से यह मैच हारती। भारत की पुरुष हॉकी टीम ने महिला टीम की तरह एशियाई खेलों में अपने अभियान का आगाज केसरिया जर्सी में कर बड़ी जीत के साथ किया। भारतीय हॉकी टीमों के भारत से रवाना होने से पहले हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की ने कहा था कि एशियाई खेलों में भारतीय हॉकी टीमें नीली जर्सी पहन कर खेलेंगी। सच तो यह है कि भारत की पुरुष और महिला हॉकी टीमों को केसरिया जर्सी रास आई।

कप्तान हरमनप्रीत सिंह के लंबे पास पर तीसरे मिनट डी के भीतर खड़े दिलप्रीत सिंह गेंद को गोल में नहीं डाल सके और भारत के हाथ आया खाता खोलने का मौका फिसल गया। कप्तान ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह के पहले पेनल्टी कॉर्नर पर ड्रैग फ्लिक को इंडोनेशिया के गोलरक्षक आलम फज्र ने रोका लेकिन लौटती गेंद को वहीं मंडराते शिलानंद लाकरा ने गोल में डाल कर भारत को मैच के छठे मिनट में 1-0से आगे कर दिया। भारत ने इसके बाद मैच पर अपनी पकड़ बनाई लेकिन इंडोनेशिया ने अपने किले की मुस्तैदी से चौकसी कर उसे गोल करने से रोका। मंदीप सिंह ने डी के भीतर तेज शॉट जमाया लेकिन इसे भी इंडोनेशिया की रक्षापंक्ति के खिलाड़ी ने अपनी स्टिक पर अपने शॉट को ले रोक कर उन्हें गोल करने से रोका। अभिषेक नैन ने पहला क्वॉर्टर खत्म होने से तीन मिनट पहले कप्तान हरमनप्रीत सिंह के एरियल पास पर डी के भीतर गेंद का संभाल तेज शॉट जमाया इसे इंडोनेशिया के गोलरक्षक ने रोका जरूर लेकिन लौटती गेंद पर उन्होनें फिर तेज शॉट जमा गोल कर भारत को 2-0 से आगे कर दिया। अभिषेक ने दो मिनट बाद एक और एरियल पास पर गेंद संभाली लेकिन इंडोनेशिया की रक्षापंक्ति के खिलाड़ियों ने दीवार की तरह उनके शॉट को रोक लिया। भारत की टीम पहला क्वॉर्टर खत्म होने पर 2-0से आगे थी।

दिलप्रीत ने दूसरे क्वॉर्टर के तीसरे मिनट में अभिषेक से मिले पास पर डी के भीतर तेज शॉट जमा बढ़िया मैदानी गोल कर भारत को 3-0से आगे कर दिया। दिलप्रीत ने अगले ही मिनट सुखजीत सिंह के बढ़िया पास पर अचूक शॉट जमा मैच का अपना दूसरा गोल कर भारत को 4-0से और अगले ही क्षण सुखजीत सिंह के डी के भीतर तेज शॉट पर लौटती गेंद को राजिंदर सिंह ने संभाल कर गोल कर भारत को 5-0से आगे कर दिया। इंडोनेशिया के गोलरक्षक आलम फज्र ने अपने दाएं गोता लगा कर पेनल्टी स्ट्रोक पर भारत के कप्तान हरमनप्रीत सिंह के पुश को रोका। मंदीप सिंह ने मैच के 21 वें मिनट में गोल कर भारत को 6-0से आगे कर दिया। सुमित ने इंडोनेशिया के फॉरवर्ड को गलत ढंग से रोका और उन्हें ग्रीन कार्ड दिखा कर दो मिनट के लिए मैदान से बाहर भेजा गया। मनप्रीत सिंह जैसे ही गेंद को गोल में डालने जा रहे थे उन्हें गलत ढंग से रोकने पर 28 वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर मिला और इसे कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने गोल में बदल कर भारत को हाफ टाइम तक 7-0 से आगे कर दिया।
इंडोनिशिया के ओलिया अल अर्द्ध ने तीसरे क्वॉर्टर के तीसरे मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर उंचे ड्रैग फ्लिक से गोल कर स्कोर 1-7 कर दिया।

इंडोनेशिया ने विडियो रेफरल पर यह पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया था। राजिंदर सिंह के डी के भीतर मिले पास पर शिलानंद लाकरा ने तीसरे क्वॉर्टर के पांचवें मिनट में गोल कर भारत को 8-1 से आगे कर दिया। दिलप्रीत सिंह के डी के भीतर पहले शॉट को इंडोनेशिया के गोलरक्षक फज्र ने रोका लेकिन लौटती गेंद को संभाल उन्होंने मैच का अपना तीसर गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी कर 37 वें मिनट में भारत को 9-1से और सुखजीत सिंह ने अगले मिनट मैच का अपना पहला गोल कर स्कोर 10-1 कर दिया। तीसरे क्वॉर्टर की समाप्ति पर भारत 10-1से आगे था। जुगराज सिंह ने चौथे और आखिरी क्वॉर्टर के पहले मिनट में मिले दूसरे पेनल्टी कॉर्नर पर ड्रैग फ्लिक से गोल कर भारत को 11-1 और सुखजीत सिह ने दो मिनट बाद मैच का अपना दूसरा गोल कर स्कोर 12-1 कर दिया। अभिषेक के बढ़िया पास पर डी के भीतर गेंद संभाल कर दिलप्रीत सिंह ने मैच का अपना चौथा गोल कर भारत की बढ़त 13-1 कर दी।

पुरुष हॉकी में पूल ए में स्ट्राइकर कोजी यामायकी के चार गोल से मेजबान जापान ने श्रीलंका को 9-0 से, दक्षिण कोरिया ने बांग्लादेश को 5-0 से हराकर अपना अभियान शुरू किया।

भारत पूल ए में अपने दूसरे मैच में श्रीलंका से मंगलवार को शाम साढ़े तीन बजे भि़ड़ेगा।