- रोहित के साथ इशान करेंगे भारत की पारी का आगाजृ
- क्या मोहम्मद सिराज को एकादश में मिलेगा मौका?
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : भारत शुरू के दोनों मैच जीतने और तीसरे के बारिश के चलते धुलने के बाद अब श्रेयस अय्यर की अगुआई में माउंट माउंगानी में मेजबान न्यूजीलैंड से शुक्रवार को चौथा वन डे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच जीत 3-0 की बढ़त के साथ पांच मैचों की सीरीज अपने नाम करने उतरेगा। भारत के नियमित वन डे और टेस्ट कप्तान शुभमन गिल और विकेटकीपर केएल राहुल खुद को न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए तैयार करने के लिए आखिरी के दोनों वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैचों के लिए टीम से हट गए हैं। बावजूद इसके विराट कोहली और रोहित शर्मा यानी ‘रो- को‘ की जोड़ी की मौजूदगी में भारत की बल्लेबाजी अभी भी बहुत मजबूत है।
न्यूजीलैंड का अपने घर में लगातार 11 वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज जीतने का सिलसिला अब टूट चुका है। न्यूजीलैंड की टीम आखिरी बार अपने घर में वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज सात बरस पहले भारत से ही हारी थी। न्यूजीलैंड को अभी भी अपने घर में अजेय रहने के लिए भारत से माउंट माउंगानी में चौथा व पांचवां वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैच जीतना होगा। दोनों टीमों के लिए अच्छी खबर यह है कि सीरीज के दोनों आखिरी दो वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैचों में मौसम साफ रहने और बिना किसी बाधा के बढ़िया क्रिकेट की आस है। ऑकलैंड और हैमिल्टन की पिचें सीम गेंदबाजों के ज्यादा अनुकूल थी लेकिन माउंट माउंगानी की पिच बल्लेबाजों के लिए मुफीद बताई जा रही है। इस पिच पर बल्लेबाज यदि थोड़ा टिक कर खेले तो बेशक वह इस पर बड़ी पारी खेल सकते हैं।
बेशक अब आगे माउंट माउंगानी में बारिश की कोई आशंका नहीं है लेकिन इससे पहले हुई बारिश के बड़ा सवाल यह रहेगा कि क्या ग्राउंड स्टाफ अपनी मनमाफिक पिच तैयार कर पाएगा। अंशुल काम्बोज के भारत की टेस्ट टीम से जुड़ने पर खाली हुई जगह पर यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या मोहम्मद सिराज सीरीज के आखिरी दो वन अंतर्राष्ट्रीय मैचों के लिए एकादश में जगह पा सकेगी या फिर भारत अब तक उनकी तरह इस दौरे पर ‘यात्री’ की भूमिका निभा रहे बाएं हाथ के लेग स्पिनर कुलदीप यादव को उतारेगा।
आखिरी के दो वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैचों और न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के बीच मात्र तीन दिन का वक्त है। भारत ने अपने कप्तान शुभमन गिल के साथ सीम गेंदबाज के रूप में बढ़िया प्रदर्शन करने वाले अपने गेंदबाज अंशुल काम्बोज, केएल राहुल के साथ अपने आधे कोचिंग स्टाफ 19 नवंबर से शुरू हो रहे पहले टेस्ट के लिए वेलिंगटन भेज दिया है। केएल राहुल के टेस्ट के लिए कप्तान शुभमन गिल के साथ जुड़ने से अब रोहित शर्मा के साथ इशान किशन ही भारत की पारी का आगाज करने के साथ विकेटकीपिंग की भी जिम्मेदारी भी संभालेंगे।न्यूजीलैंड ने भी अपने टेस्ट कप्तान टॉम लैथम के साथ कई अहम खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को टेस्ट टीम के साथ जुड़ने के लिए भेजा है।
नियमित वन डे और टेस्ट कप्तान शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में श्रेयस अय्यर अब पहली बार भारत की वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैच में कप्तानी करेंगे। मौजूदा वन डे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट सीरीज में श्रेयस अय्यर रनों के लिए जूझते नजर आए हैं। सच तो यह है कि मौजूदा वन डे क्रिकेट सीरीज में सीम और स्विंग गेंदबाजों का दबदबा रहा और बल्लेबाज रनों के लिए जूझते नजर आए हैं। सीम मूवमेंट से बल्लेबाजों को बड़े स्ट्रोक लगाने के लिए जूझना पड़ा है। दरअसल श्रेयस अय्यर की शॉर्ट गेंदों के खिलाफ कमजोरी को मौजूदा वन डे क्रिकेट सीरीज में तेज गेंदबाजों ने भुना कर उनके लिए दिक्कतें पेश की है। श्रेयस अय्यर को भारत को मौजूदा सीरीज के आखिरी दो मैचों के साथ पांच वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज जितानी है तो शॉर्ट गेंद के खिलाफ अपनी कमजोर और संघर्ष को भुला कर खुल कर बल्लेबाजी करनी होगी।
वहीं न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज टिम सिरफिट भी शुरू के तीनों मैचों में मौका मिलने के बावजूद रनों के लिए जूझ रहे है और उन्हें वन डे टीम में अपनी जगह बरकरार रखने के लिए बढ़ी पारी की दरकार है अन्यथा उनका पत्ता टीम से कट सकता है। दरअसल सिरफिट को कई खिलाड़ियों के चोट के चलते बाहर होने पर न्यूजीलैंड की वन डे टीम में मौकस मिलता है। बल्लेबाजों की मुफीद माउंट माउनगी की पिच पर वह बड़ी पारी खेल कर अपना वन डे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में उपयोगिता साबित कर सकते हैं। टॉम लैथम, डैरल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स , नाथन स्मिथ और हेनरी निकोल्स के टेस्ट के लिए हटने पर फिन एलन, मिच हे, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, निक कैली और ब्रेट रेंडल को न्यूजीलैंड ने आखिरी दो वनडे के लिए अपनी टीम के साथ जोड़ा है। कनकशन के चलते ब्लेयर टिकनर अभी भी वन डे मैचों की सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं हैं लेकिनमैथ हेनरी को जरूर बाकी दो वन डे में ज्यादा गेंदबाजी करने का मौका मिल सकता है।
शुक्रवार : भारत वि न्यूजीलैंड, चौथा वन डे अंतर्राष्ट्रीय( सुबह साढ़े सात बजे से)।





