शशांक त्यागी
12 सितम्बर को आयोजित होगी राष्ट्रीय लोक अदालत; अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण का लक्ष्य
गाजियाबाद : गाजियाबाद जिला न्यायालय एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजियाबाद के तत्वावधान में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 12 सितम्बर, 2026 को किया जाना निर्धारित है। राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन एवं अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
अपर सत्र न्यायाधीश जितेन्द्र मिश्रा, स्पेशल जज, एससी/एसटी की अध्यक्षता तथा अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. दिनेश शुक्ला एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश’ लोकेश वरुण के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा की जा रही है।
इसी क्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। बैठक में तहसीलदार, नगर निगम, विद्युत विभाग, आबकारी विभाग, परिवहन विभाग (आरटीओ) सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में पिछली लोक अदालत की अपेक्षा अधिक से अधिक मामलों का चिन्हांकन एवं निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा आमजन को लोक अदालत के माध्यम से विवादों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए प्रेरित किया जाए।
राष्ट्रीय लोक अदालत एक त्रैमासिक विधिक सेवा कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य आमजन को सुलभ, सस्ता एवं त्वरित न्याय उपलब्ध कराना तथा आपसी सहमति एवं समझौते के माध्यम से विवादों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।





