ऐश्वर्य, रुद्रांक्ष और नीरज को पुरुष 50 मीटर राइफल थ्री पॉजिशन टीम स्पर्द्धा में रजत
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : सुरुचि सिंह और कमलजीत की जोड़ी ने भारत को आईची-नगोया में एशियाई खेलों में निशानेबाजी में शुक्रवार को 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्द्धा के फाइनल में 484.6 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता। सुरुचि सिंह और कमलजीत की भारतीय जोड़ी ने स्पर्द्धा में उज्बेकिस्तान (481.3) के पिछले एशियाई रिकॉर्ड को तोड़ कर यह सुनहरी कामयाबी हासिल की। भारत का मौजूदा एशियाई खेलों में निशानेबाजी में पहला और कुल दूसरा स्वर्ण पदक है। भारत को एशियाई खेलों में पहला स्वर्ण पदक हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली महिला क्रिकेट टीम ने फाइनल में श्रीलंका पर एकतरफा जीत के साथ दिलाया था।
भारतीय निशानेबाज सुरुचि सिंह और कमलजीत की जोड़ी ने मिक्स्ड 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्द्धा के फाइनल में शुरू से ही बनाई अपनी बढ़त को सुइयुन व गइन चो (478.0) की दक्षिण कोरियाई जोड़ी के आखिर में पूरा जोर लगाने के बाद उसे 6.6 अंकों से पीछा छोड़ते हुए स्वर्ण पदक जीता। दक्षिण कोरियाई जोड़ी ने रजत पदक जीता। ईरान की जोड़ी ने 415.8अंकों के साथ कांसा अपने नाम किया। हरियाणा के झज्जर जिले के सरसौली गांव की सुरुचि दुनिया की तीसरे नंबर की निशानेबाज है और उन्हें भारत की सबसे प्रतिभासम्पन्न निशानेबाजों में से एक बताया जाता है। पूर्व जूनियर विश्व चैंपियन कमलजीत 23 बरस के हैं और दुनिया में रैंकिंग में 83 वें नंबर पर हैं। सुरुचि और कमलजीत ने मिक्स्ड 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्द्धा के फाइनल में स्वर्ण जीत कर बताया कि इन दोनों पर बतौर युवा निशानेबाज क्यों भारत भरोसा करता है।
भारत के ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, रुद्रांक्ष पाटील और नीरज कुमार की टीम ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पॉजिशन टीम स्पर्द्धा में कुल 1762-94x अंकों के साथ रजत पदक जीता। भारत के ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, रुद्रांक्ष पाटील और नीरज कुमार की टीम स्वर्ण पदक जीतने वाली चीनी टीम(1766-95x) से मात्र चार अंक पीछे रही। ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर(589-34x) और नीरज (588-34x) ने क्रमश: तीसरे और चौथे पर रह कर वैयक्तिक स्पर्द्धा के भी फाइनल में स्थान बनाया था। भारतीय टीम ने थ्री पॉजिशन में पहली नीलिंग सीरीज में 294 और दूसरी में 587 अंकों के बाद पहली प्रोन सीरीज में 884, और दूसरी में 1180 अंक पाए और दो मैचिंग स्टेडिंग सीरीज में समान रूप से 291 अंक पाए।
भारत की पुरुष और महिला कबड्डी टीमें फाइनल में
मौजूदा चैंपियन भारत की पुरुष कबड्डी टीम एशियाई खेलों ने थाईलैंड को सेमीफाइनल में 66-28 अंकों से हरा कर अपना स्वर्ण पदक बरकरार रखने की ओर कदम बढ़ाए। पूजा, संजू देवी और सोनाली सिंह के शानदार खेल की बदौ़लत भारत की महिला कबड्डी टीम ने सेमीफाइनल में नेपाल पर 48-24 से जीत कर लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक जीतने की आस जगा दी।
अभय का सेमीफाइनल के साथ पदक पक्का
भारत के अभय सिंह ने जापान के रयुनसुक सूके पर एशियाई खेलाले स्कवॉश क्वॉर्टर फाइनल में 3-0 (11-4, 11-3, 11-6) से हरा भारत का पदक पक्का कर दिया। अभय सिंह अब सेमीफाइनल में पाकिय्सतान के मुहम्मद इरफान से भिड़ेंगे। इरफान ने क्वॉर्टर फाइनल में भारत के वीर चोटरानी को 3-1 (6-11, 11-8, 11-3, 11-3) से हराया। एशियाई खेलों में स्कवॉश के स्वर्ण पदक विजेता को सीधे 2028 के लॉस एंजेल्स ओलंपिक में प्रवेश मिलेगा।





