फर्नांडो, रसनत व दिनुषा के अर्द्धशतकों से श्रीलंका क्रिकेट इलेवन 350 रन पार

Sri Lanka Cricket XI crosses 350-run mark with half-centuries from Fernando, Rasnat, and Dinusha

सुथार ,जडेजा और कुलदीप यादव ने चटकाए दो दो विकेट

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : सलामी बल्लेबाज निशांत फर्नांडो व रवींदु रसनत के साथ कप्तान सोनल दिनुषा के अर्द्धशतकों की बदौलत श्रीलंका क्रिकेट इलेवन ने कोलंबो में मेहमान भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ दौरे के पहले तीन दिवसीय क्रिकेट मैच में शु्क्रवार को पहले दिन का खेल बंद होने पर 90 ओवर में अपनी पहली पारी में आठ विकेट खोकर 363 रन बनाए। तब केशव नुवांत 20 गेंद खेल दो चौकों की मदद से 9 रन और दिलुम सिदिरा एक रन बनाकर खेल रहे थे। भारत ने खेल के आखिरी सत्र में चार विकेट चटका कर मैच में वापस अपनी पकड़ बनाई

भारत के बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार(2/33), रवींद्र जडेजा (2/64) और कुलदीप यादव (2/76) ने आपस में छह विकेट बांटे जबकि एक विकेट गुरनूर बराड़ के हिस्से आया।

निशांत फर्नांडो ((66 रन,65 गेंद, एक छक्का, 11 चौके) ने बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार की गेंद को खेल तेज रन दौड़ने के फेर में एक ही छोर पर पहुंच गए और यशसवी जायसाल के थ्रो पर गेंद विकेटकीपर ऋषभ पंत की बजाय पहली स्लिप में केएल राहुल के बाद गई और उन्होंने सीधे थ्रो से रनआउट कर दिया और श्रीलंका क्रिकेट इलेवन ने पहला विकेट 110 रन पर गंवा दिया। पसिंदु सूर्यबंडारा (35 रन, 63 गेंद, छह चौके) ने बाएं हाथ के स्पिनर रवींद्र जडेजा की गेंद को पुल करने से चूके और बोल्ड हो गए और श्रीलंका ने दूसरा विकेट 171 रन पर खोया। रवींदु रसनत (71 रन, 143 गेंद, एक छक्का, छह चौके)बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार की ऑफ स्टंप पर फ्लाइटेड गेंद को उड़ाने की कोशिश में गेंद की पिच तक नहीं पहुंच पाए और गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेकर उछली और मिडऑफ पर बदलू खिलाड़ी विप्राज निगम ने बढ़िया कैच लपका और श्रीलंका क्रिकेट इलेवन ने तीसरा विकेट 201 रन पर खोया। पवन रत्नायके (39 रन, 47 गेंद, दो छक्के व तीन चौके) ने तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ के बाउंसर को उड़ाने की कोशिश में देवदत्त पड्डीकल को कैच थमा दिया और श्रीलंका क्रिकेट इलेवन ने चौथा विकेट 246 पर खो दिया। बाएं हाथ के लेग स्पिनर कुलदीप यादव ने खेल के आखिरी सत्र में पहले अहन विक्रमसिंघे (31 रन, 43 गेंद, 4 चौके) को स्वीप पर मजबूर कर गुरनूर बराड़ के हाथों शॉर्ट फाइन लेग पर कैच कर श्रीलंका क्रिकेट इलेवन का स्कोर 61 वें ओवर में पांच विकेट पर 250 कर दिया।

फिर पारी के 72 वें ओवर में ड्रिंक्स ब्रेक के तुरंत बाद विकेटकीपर अंजला बंडारा (13 रन,35 गेंद, दो चौके) उनकी ऑफ स्टंप पर पड़ कर तेजी से घूमी गेंद को कट करने से चूके और गेंद उनके पैड पर पड़ी और अंपायर ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट घोषित किया और श्रीलंका क्रिकेट इलेवन का स्कोर छह विकेट पर 284 हो गया। पारी के 86 वे ओवर की पहली गेंद पर बाएं हाथ के स्पिनर रवींद्र जडेजा ने रमेश मेंडिस (32 रन, 49 गेंद, एक छक्का, दो चौके) को पड्डीकल के हाथों पहली स्लिप में कैच करा उनकी और कप्तान दिनुशा की सातवें विकेट की 63 रन की भागीदारी को तोड़ कर भारत को राहत दिलाई। कप्तान सोनल दिनुषा (52) खेल के आखिरी सत्र में बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार की गेंद स्टंप पर सीधे गेंद को स्वीप करने से चूके और अंपायर ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट घोषित किया और श्रीलंका क्रिकेट इलेवन ने आठवां विकेट पारी के 88 वें ओवर में 354 पर खोया