- भारत की फाइनल में उम्मीदें शैफाली के साथ अपनी स्पिन त्रिमूर्ति पर
- भारत को फाइनल जीतने के लिए श्रीलंका की कप्तान चामरी अट्टापट्टू को सस्ते में आउट करना होगा
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : भारत की विस्फोटक ओपनर शैफाली वर्मा के हौसले बांग्लादेश के खिलाफ निशीन(जापान) में एशियाई खेलों के महिला टी 20 क्रिकेट सेमीफाइनल में अपने टी 20 अंतर्राष्ट्रीय करियर का मात्र 49 गेंदों में पहला शतक जड़ने से बुलंद हैं। शैफाली वर्मा अब तक एशियाई खेलों में क्वॉर्टर फाइनल व सेमीफाइनल में अजेय रही हैं। अपने पिछले चार मैचों में दो अर्द्ध शतक और एक शतक जड़ने वाली ओपनर शैफाली वर्मा अब फाइनल में मौजूदा चैंपियन भारत को श्रीलंका के खिलाफ जीत दिला उसे लगातार दूसरी बार एशियाई खेलों का स्वर्ण पदक जिताने उतरेंगी। वहीं भारत को फाइनल जीतना है उसे रंग में चल रही श्रीलंका की कप्तान चामरी अट्टापट्टू को सस्ते में आउट करना होगा। दोनों टीमों के बीच अब तक हुए 32 टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों में भारत ने 26 और श्रीलंका ने पांच मैच जीते हैं जबकि एक बेनतीजा रहा है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम जिस तरह रंग में चल रही है उससे यही उम्मीद की जा सकती है कि देश को मौजूदा एशियाई खेलों का पहला स्वर्ण पदक वही दिलाए। श्रीलंका की टीम जानती है कि उसने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को शुरू में हावी होने का मौका दे दिया तो फिर फाइनल उसके हाथ से फिसल सकता है। ऐसे में नगोया में मंगलवार को श्रीलंका की कोशिश फाइनल में भारत पर शुरू में दबाव डालने की होगी। बदकिस्मती से यदि दोनों देशों के बीच फाइनल कहीं बारिश के चलते धुल गया तो फिर 2023 के एशियाई खेलों के पुरुष क्रिकेट फाइनल की तरह भारत को उसकी उंची वरीयता के चलते एशियाई खेलों का स्वर्ण पदक दे दिया जाएगा। श्रीलंका ने भारत से पिछले 11 मैचो में मात्र एक जीता और सात हारे हैं।
शैफाली वर्मा और उनकी सलामी जोड़ीदार स्मृति मंधाना के अर्द्धशतकों और इन दोनों की 129 रन की रिकॉर्ड भागीदारी की बदौलत भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने करीब हफ्ते पहले श्रीलंका को दुबई में टी 20 एशिया कप के फाइनल में 72 रन से शिकस्त देकर खिताब जीता था। शैफाली वर्मा से एक और आतिशी पारी तथा इस साल की सबसे कामयाब बाएं हाथ की स्पिनर श्रीचारिणी, अनुभवी ऑफ स्पिन ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा और श्रेयंका पाटील की स्पिन त्रिमूर्ति के बूते भारतीय महिला क्रिकेट टीम एशिया कप की खिताबी कामयाबी को अब एशियाई खेलों के फाइनल में दोहरा कर खिताब पर कब्जा बरकरार रखने उतरेगी। शैफाली वर्मा ने एशिया कप और अब तक एशियाई खेलों सहित अपनी पिछली चार टी 20 अंतर्राष्ट्रीय पारियों में 64, 68, 40,100 रन बनाए हैं। भारत की महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका से अपने पिछले लगातार पांच जीते हैं। भारतीय महिला क्रिकेट टीम अब श्रीलंका से मंगलवार को एशियाई खेलों का फाइनल भी जीत स्वर्ण पदक बरकरार रख कर अपना दबदबा बनाए रखने के संकल्प के साथ उतरेगी।
सेमीफाइनल मैचों में भारत ने बांग्लादेश पर 114 रन से जबकि श्रीलंका ने पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी थी। दिलचस्प बात यह है कि जिस भारत के लिए सेमीफाइनल में शैफाली ने अविजित शतक जड़ा उसी तरह श्रीलंका के लिए उसकी कप्तान चामरी अट्टापट्टू ने पाकिस्तान के खिलाफ अविजित 83 रन की आतिशी पारी खेल कर उसे जीत दिला कर फाइनल में स्थान दिलाया। शैफाली वर्मा भारत को जबकि चामरी अट्टापट्टू श्रीलंका को एशियाई खेलों का फाइनल जिता कर स्वर्ण पदक जिता सकती हैं। एक और रोचक बात है कि हरमनप्रीत की अगुआई में भारत 2023 के एशियाई खेलों के कम स्कोर वाले फाइनल में भी श्रीलंका की महिला क्रिकेट टीम को हांगजू में 19 रन से हरा कर स्वर्ण पदक जीता था।
बेशक भारत की ताकत शैफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की विस्फोटक सलामी जोड़ी , कप्तान हरमनप्रीत कौर, दीप्ति शर्मा और ऋचा घोष के रूप में उसका मजबूत शीर्ष क्रम है। भारत की चिंता दरअसल जी कमलिनी और भारती फूलमाली के रूप में उसका जूझता मध्यक्रम है। श्रीलंका की कोशिश उसके इस ढीले मध्यक्रम को सस्ते में बिखेरने की रहेगी। भारत को फाइनल जीतना है उसकी श्रीचारिणी, दीप्ति और श्रेयंका की स्पिन त्रिमूर्ति के साथ नौजवान तेज गेंदबान नंदिनी शर्मा और क्रांति गौड़ को श्रीलंका की कप्तान चामरी अट्टापट्टू और पाकिस्तान के खिलाफ 42 रन की पारी खेलने वाली हसिनी परेरा को सस्ते मे आउट कर उसकी पारी शुरू मे ही बिखेरनी की पुरजोर कोशिश करनी होगी।
भारत की संभावित एकादश : स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, जी कमलिनी, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष(विकेटकीपर), भारती फूलमाली, दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटील, क्रांति गौड़, एन श्रीचारिणी,नंदिनी शर्मा।
श्रीलंका की संभावित एकादश : इमिषा दुलानी, चामरी अट्टापट्टू(कप्तान), हसिनी परेरा, कविषा दिलहारी, हर्षिता समरविक्रमा, हंसिमा करुणारत्ने, काउयिनी नुतयांगणा (विकेटकीपर), रश्मिका सेवांदी, मिताली अयोध्या, चामुड़ी प्रबोध, सुगंधिका कुमारी।
एशियाई खेल क्रिकेट (महिला टी 20 फाइनल) : भारत वि श्रीलंका (सुबह साढ़े दस बजे से)।





