मध्यप्रदेश के पहले ऑटो शो-2022 का शुभारंभ

रविवार दिल्ली नेटवर्क

भोपाल : मध्यप्रदेश के पहले ऑटो शो-2022 का शुभारंभ इंदौर में औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री श्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव और जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने किया। मंत्री दत्तीगांव ने कहा कि मध्यप्रदेश विपुल संभावनाओं से भरा है। मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि इन्दौर मध्यप्रदेश का औद्योगिक केन्द्र बिन्दु है, अब इसे भारत का केन्द्र बिन्दु बनाना है।

ऑटो-शो के उद्घाटन कार्यक्रम में प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन श्री संजय कुमार शुक्ला, संभागायुक्त डॉ. पवन कुमार शर्मा, सी.आई.आई. के मालवा क्षेत्र अध्यक्ष श्री सौरभ मेहता तथा मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम इंदौर के एमडी श्री रोहन सक्सेना भी उपस्थित थे।

मंत्री श्री राजवर्धन दत्तीगांव ने कहा कि मध्यप्रदेश में उद्योगों के अनुरूप नीतियों का सरलीकरण किया गया है। यहाँ उद्योग लगाने के लिए प्रचुर मात्रा में भूमि उपलब्ध है। साथ ही मध्यप्रदेश देश के केंद्र में होने के कारण सभी राज्यों के लिए अप्रोच भी आसान है। प्रदेश इज ऑफ डूईंग में भी देश में चौथे स्थान पर है। इन परिस्थितियों में मध्यप्रदेश उद्योगों को लगाने के लिए देश में सबसे बेहतर अवसर उपलब्ध कराता है। मंत्री श्री दत्तीगांव ने निवेशकों से सेमी कंडक्टर सेक्टर में भी उद्योग लगाने का आह्वान किया और ऑटो-शो को मध्यप्रदेश में औद्योगिक वातावरण निर्माण के लिए एक बड़ा अवसर बताया। उन्होंने नागरिकों और इंजीनियरिंग विद्यार्थियों को ऑटो-शो में आने का निमंत्रण भी दिया।

जल संसाधन मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि मध्यप्रदेश औद्योगिक क्षेत्र में तेज़ी से विकास कर रहा है। आने वाले समय में यह देश का केंद्र बिंदु भी बनेगा। उन्होंने एमपी ऑटो-शो के आयोजन को इसी दिशा में एक मील का पत्थर कहा।

प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन श्री संजय कुमार शुक्ला ने आयोजन के उद्देश्यों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर मध्यप्रदेश में इस संबंध में लगातार काम हो रहे हैं। उन्होंने हाल ही में कई देशों में अनाज के संकट को देखते हुए मध्यप्रदेश द्वारा गेहूँ के निर्यात में की गई पहल को एक उपलब्धि बताया। प्रमुख सचिव ने कहा कि मध्यप्रदेश में उद्योग लगाने के लिए हर तरीक़े से बेहतर वातावरण उपलब्ध है। इंदौर के निकट ही मेडिकल डिवाइस पार्क की स्थापना उज्जैन में की जा रही है। यह समूचे देश में स्थापित होने वाले चार मेडिकल डिवाइस में से एक है।

प्रदर्शनी का शुभारंभ

मंत्री श्री दत्तीगांव और श्री सिलावट ने कार्यक्रम स्थल में लगायी गई प्रदर्शनी का शुभारंभ किया और प्रत्येक स्टॉल पर जाकर नई एवं आधुनिक तकनीक के उत्पादों का अवलोकन भी किया। मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम इंदौर के एमडी श्री रोहन सक्सेना ने आभार माना।