- भारत ने आखिरी पूल मैच में बांग्लादेश को 10-0से शिकस्त दी
- भारत सेमीफाइनल पाकिस्तान से भिड़ेगा
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : कप्तान ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह की जमाई हैट्रिक व स्ट्राइकर शिलानंद लाकरा के दो गोल की बदौलत पहले ही सेमीफाइनल में प्रवेश पा चुके मौजूदा चैंपियन भारत ने बांग्लादेश को पांचवें व अंतिम मैच में काकामिगहारा (जापान) में सोमवार को 10-0 से हरा लगातार पांचवीं जीत के साथ एशियाई खेलों में पुरुष हॉकी में सोमवार को पूल ए में शीर्ष स्थान पाया। भारत के स्टार स्ट्राइकर अभिषेक नैन की मांसपेशी में पहला क्वॉर्टर खत्म होने से ठीक पहले खिंचाव आ गया और इसके बाद उन्हें एहतियात के तौर आगे बाकी क्वॉर्टर में नहीं खिलाया गया। अभिषेक के पहले क्वॉर्टर के आखिर में चोट के चलते मैदान वे हटने के बाद उनके जोड़ीदार साथी स्ट्राइकर सुखजीत सिंह ने गोल के बेहतरीन अभियान और पेनल्टी कॉर्नर बनाए। विजेता भारत के लिए अभिषेक, जुगराज सिंह, सुखजीत सिंह, संजय और मंदीप सिंह ने भी एक एक गोल किया। भारत अब सेमीफाइनल में 1 अक्टूबर बृहस्पतिवार को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ेगा।
अभिषेक नैन ने तीसरे मिनट में डी के भीतर दाएं से डी में पहुंच रिवर्स हिट जमा तेज शॉट जमा गोल कर आक्रामक अंदाज करने वाले भारत को 1-0 से आगे कर दिया। भारतीय खिलाड़ियों ने झुंड के रूप में अपने किले की चौकसी करने वाली बांग्लादेश की टीम के किले को तोड़ने की हड़बड़ी में गड़बड़ी कर इसके बाद कई बार गेंद पर कब्जा गंवाया। बांग्लादेश ने मैच के 11 वें मिनट में मैच का पहला पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया लेकिन इस पर उसके ड्रैग फ़्लिकर ठीक से शॉट ही नहीं ले पाए। अभिषेक पहला क्वॉर्टर खत्म होने से ठीक पहले मांसपेशी में खिंचाव के चलते मैदान से बाहर चले इससे भारत के हमलों की धार कुछ कम हो गई। मंदीप सिंह ने दूसरे क्वॉर्टर के अधबीच दाएं से गेंद को लेकर डी में गेंद को गोल में डालने की कोशिश लेकर बांग्लादेश के डिफेंडर के पैर पर गेंद लगी और इस पर भारत को मैच का पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला। तब कप्तान ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह मैदान पर नहीं थे। ऐसे में पहले पेनल्टी कॉर्नर पर जुगराज सिंह के ड्रैग फ्लिक पर गेंद गोलरेखा पर बांग्लादेश के अमीरुल इस्लाम के पैर पर लगी और इस मिले पेनल्टी स्ट्रोक को उन्होंने खुद गोल में बदल कर भारत को 2-0 से आगे कर दिया। कप्तान ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह ने पांच मिनट बाद मिले मैच के दूसरे पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल कर भारत को 3-0 से आगे कर दिया था।
दिलप्रीत सिंह के डी के भीतर बेहतरीन पास पर सुखजीत सिंह ने तीसरे क्वॉर्टर के दूसरे मिनट में मैदानी गोल कर भारत को 4-0से आगे कर दिया। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने तीसरे क्वॉर्टर के दसवें मिनट में ड्रैग फ्लिक पर अचूक फ्लिक से अपना मैच का दूसरा गोल कर भारत को 5-0 से आगे कर दिया। हरमनप्रीत सिंह के फ्लिक पर गोलरक्षक अशरफुल शाद मात खा गए और गेंद बांग्लादेश के फुलबैक अमीरूल इस्लाम के हाथ को लगकर गोल में चली गई। सुमित दाएं से गेंद को बाएं से डी में घुसे शिलानंद लाकरा ने 42 वें मिनट और कप्तान हरमनप्रीत सिंह के स्लैप शॉट पर अगले ही मिनट डी में पहुंच कर अपना मैच का दूसरा गोल कर भारत को 7-0 से आगे कर दिया। सुखजीत का गलत ढंग से रोकने पर मिले पांचवें पेनल्टी पर हरमनप्रीत सिंह ने मैच का अपना तीसरा गोल कर हैट्रिक पूरी कर भारत को तीसरा क्वॉर्टर खत्म होने से ठीक पहले भारत को 8-0 से आगे कर दिया। संजय ने चौथा व आखिरी क्वॉर्टर खत्म होने से एक मिनट पहले आखिरी पेनल्टी कॉर्नर पर तेज ड्रैग फ्लिक पर और अगले ही क्षण सुखजीत सिंह के पास पर मंदीप सिंह ने बेहतरीन गोल कर भारत को 10-0 से मैच जिता दिया।





