स्पेन में हॉकी टूर्नामेंट हमारे लिए दुनिया की शीर्ष टीमों के खिलाफ आंकने का मौका : हरमनप्रीत सिंह

  • निगाहें स्पेन में बढिय़ा प्रदर्शन कर एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में लय के साथ उतरने पर
  • हमारी तैयारियां बढिय़ा, स्पेन में टूर्नामेंट में बढिय़ा प्रदर्शन का भरोसा

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : दुनिया के बेहरतीन ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह की अगुआई में 24 सदस्यीय भारतीय पुरुष हॉकी टीम बेंगलुरू से रवाना होकर स्पेन हॉकी संघ की शताब्दी पर 25 से 30 जुलाई तक स्पेन में आयोजित चार देशों के हॉकी टूर्नामेंट में शिरकत करने के लिए टेेरेसा (स्पेन) पहुंच चुकी है। स्पेन में राउंड रॉबिन लीग आधार पर खेले जाने वाले इस चार देयों के टूर्नामेंट में मेजबान स्पेन, भारत, इंग्लैंड और नीदरलैंड की मजबूत टीमें शिरकत करेंगी। चतुर मिडफील्डर हार्दिक सिंह भारतीय टीम के इस टूर्नामेंट में उपकप्तान होंगे। भारत अपने अभियान का आगाज 25 जुलाई को मेजबान स्पेन के खिलाफ करने के बाद 26 जुलाई को नीदरलैंड और इंग्लैंड से अंतिम राउंड रॉबिन लीग मैच में 28 जुलाई को भिड़ेगा। चार देशों के इस टूर्नामेंट का फाइनल 30 जुलाई को खेला जाएगा। भारत के लिए स्पेन में खेला जाना यह चार देशों का हॉकी टीम उसके लिए अगले महीने चेन्नै में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2023 और इसके बाद सितंबर में हांगजू(चीन) में होने वाले अहम एशियाई खेलों 2023 के लिए तैयारी के लिहाज से अहम टूर्नामेंट होगा।

भारतीय हॉकी टीम के बेंगलुरू से टेरेसा (स्पेन) रवाना होने से पहले कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कहा, ‘स्पेन में खेला जाने वाला चार देशों का हॉकी टूर्नामेंट हमारी लिए खुद को दुनिया की नीदरलैंड, स्पेन और इंग्लैंड जैसी शीर्ष टीमों के खिलाफ आंकने का मौका है। स्पेन, नीदरलेंड, इंग्लैंड की टीम बीते एक बरस से बढिय़ा रंग में हैं और हमारी निगाहें इस स्पेन में इस टूर्नामेंट में अच्छे नतीजे हासिल कर यह सुनिश्चित करने में लगी हैं कि अगले महीने चेन्नै में होनी वाली एशियन चैंपियंस ट्रॉफी, चेन्नै 2023 में हमारी टीम अच्छी लय में उतरे। हमारी तैयारी बढिय़ा रही है और स्पेन में चार देशों के टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन का भरोसा है।’

निगाहें स्पेन में टूर्नामेंट में अपनी योजना और ढांचे को अमली जामा पहनाने पर :फुल्टन
भारतीय हॉकी टीम के चीफ कोच क्रेग फुल्टन ने कहा, ‘ हमारी निगाहें स्पेन में खेले जाने वाले चार देशों के टूर्नामेंट में आगामी मैचों में अपनी योजना और ढांचे को अमली जामा पहनाने पर हैं। हमारे लिए यह साल खासा अहम है इसमें हमें अगले महीने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी चेन्नै 2023 और सितंबर में हांगजू (चीन) एशियाई खेलों 2023 में शिरकत करनी है। हमने हाल ही में साई बेंगलुरू में सम्पन्न शिविर में अपनी खामियों को सुधारने पर मेहनत की है। हम स्पेन में चार देशों के टूर्नामेंट में सकारात्मक नतीजों के लिए अपनी ताकत पर ध्यान लगाएंगे।’

स्पेन में खेले जाने वाले चार देशों के टूर्नामेंट के लिए भारतीय पुरुष हाकी टीम इस प्रकार है : गोलरक्षक : पीआर श्रीजेश, कृष्ण बहादुर पाठक। रक्षापंक्ति : हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), जर्मनप्रीत सिंह, नीलम संजीप खेस, मनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, वरुण कुमार, संजय। मध्यपंक्ति : हार्दिक सिंह(उपकप्तान), विवेक सागर प्रसाद, सुमित, नीलकांत शर्मा, शमशेर सिंह, राज कुमार पाल। अग्रिम पंक्ति : ललित कुमार उपाध्याय, मनदीप सिंह, गुरजंट सिंह, सुखजीत सिंह, अभिषेक ,पवन, दिलप्रीत सिंह, सिमरनजीत सिंह, कार्ति सेल्वम।

भारत के मैचों का कार्यक्रम :
25 जुलाई : भारत वि. स्पेन , रात साढ़े दस बजे से।
26 जुलाई : भारत वि. नीदरलैंड, रात साढ़े नौ बजे से।
28 जुलाई : भारत वि. इंग्लैंड , शाम साढ़े छह बजे से।