संजीत कौशिक अपने सामाजिक संगठन ‘मेरा प्रयास’ के तहत हर वर्ष लगाते हैं 500 पेड़

Sanjeet Kaushik plants 500 trees every year under his social organization 'Mera Prayas'.

रविवार दिल्ली नेटवर्क

इस समय पृथ्वी पर लगातार मौसम परिवर्तन देखने को मिल रहे हैं जिससे पर्यावरण पर भी बढ़ती जनसंख्या का दबाव देखा जा सकता है। ऐसे में हरियाणा में जींद के जुलाना उप मंडल क्षेत्र के आसपास पर्यावरण को बचाने के लिए एक सामाजिक संगठन ‘मेरा प्रयास’ अपने आसपास के क्षेत्र में पेड़ पौधे लगाकर पर्यावरण को बचाने का प्रयास कर रहा है।

इस संस्था के लोगों ने बताया कि संजीत कौशिक द्वारा इस संस्था को एक सामाजिक संगठन का रूप दिया गया है। संजीत कौशिक शिक्षा विभाग में नौकरी करते हैं साथ ही समय निकालकर लोगों को जागरूक करने का काम भी करते हैं। उन्होंने 2004 से बच्चों के जन्मदिन के मौके पर पेड़ पौधे लगाने से शुरुआत की थी। उन्होंने 2016 में इस संस्था को एक सामाजिक संगठन का रूप दिया तथा प्रत्येक वर्ष बारिश के मौसम में करीब 500 पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा। जिसके बाद से वो अब तक पेड़ लगाते आ रहे हैं और लोगों को भी इस मुहीम से जुड़ने की प्रेरणा दे रहे हैं।

संस्था के अध्यक्ष संजीत कौशिक ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2004 में पेड़ लगाने की मुहिम शुरू की थी जो धीरे-धीरे एक कारवां बन गया और आज उनकी संस्था ‘मेरा प्रयास’ के तहत सैकड़ो लोग जुड़कर अपने क्षेत्र को हरा भरा बना रहे हैं। वहीं उनकी बेटी नैंसी ने बताया कि उन्हें अपने पिता द्वारा पेड़ लगाने का कार्य अच्छा लगता है। संस्था के उप प्रधान सतपाल शर्मा ने बताया कि उनकी संस्था का प्रयास है कि अधिक से अधिक लोग उनसे जुड़े और क्षेत्र में अधिक से अधिक पेड़ लगाएं । जुलाना क्षेत्र के लोगों का कहना है कि संजीत कौशिक की पहल से उन्हें प्रेरणा मिल रही है।