चीनी कप्तान चेन बोले, हम हॉकी एशिया कप में स्वर्ण के लिए उतर छाप छोड़ने को बेताब

Chinese captain Chen said, we are eager to make a mark by going for gold in Hockey Asia Cup

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : दो बार 1982 व 2009 की कांस्य पदक विजेता चीन राजगीर में 29 अगस्त से सात सितंबर तक होने वाले पुरुष हॉकी एशिया कप में शिरकत करने के लिए सोमवार को राजगीर पहुंच गई। एफआईएच रैंकिंग में 23 वें नंबर पर काबिज चीन खिताब की प्रबल दावेदार मेजबान भारत, जापान और कजाकिस्तान के साथ पूल ए में है। चीन अपने अभियान का आगाज 29 अगस्त को एशिया की नंबर 1 और एफआईएच रैंकिंग पर आठवें नंबर पर काबिज भारत के खिलाफ 29 अगस्त को पहले दिन के आखिरी मैच से करेगा और 31 अगस्त को कजाकिस्तान और 1 सितंबर को जापान से भिड़ेगा।चीन की टीम अपने पदक का रंग और चमकदार करने के मकसद से टूर्नामेंट में खेलने उतरेगी।

चीनी टीम के राजगीर पहुंचने पर कप्तान चोंगकोंग चेन ने कहा, ‘हमारी निगाहें दुनिया की श्रेष्ठ टीमों के खिलाफ खेलने उतर कर अपना खेल दिखाने पर लगी हैं। हमारी चीन की टीम खासी युवा है लेकिन हमें अपनी तैयारियों, अपने कौशल और जीवट पर पूरा भरोसा है। हमारी निगाहें एशिया कप स्वर्ण पदक के लिए खेलने उतर कर इसमें अपनी छाप छोड़ने को बेताब हैं। हम जानते हैं एशिया कप में हॉकी विश्व कप के लिए जगह दांव पर है और इससे इस टूर्नामेंट की अहमियत और बढ़ गई है। इससे हमारी सोच पर कोई असर नहीं पड़ेगा। हम हर मैच में पूरी तरह अपनी योजनाओं पर काबिज पर रह कर पूरी शिद्दत से अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन को बेताब हैं।‘

राजगीर में पुरुष हॉकी एशिया कप मैचों के लिए प्रवेश फ्री
हॉकी इंडिया ने मंगलवार को घोषणा की राजगीर में हीरो हॉकी एशिया कप मैचों के लिए प्रवेश फ्री होगा। हॉकी प्रेमी इसके फ्री टिकट के लिए www.ticketgenie.in or Hockey India app पर रजिस्टर कर का वर्चुअल टिकट हासिल कर सकते हैं। हॉकी इडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की ने कहा,‘राजगीर में हीरो पुरुष हॉकी एशिया कप आयोजपन भारतीय हॉकी के लिए ऐतिहासिक क्षण है और हम चाहते हैं हर हॉकी प्रशंसक इसका हिस्सा बने। एशिया कप के लिए प्रवेश मुफ्त करने का हमारा मकसद परिवारों, छात्रों और हॉकी मुरीदों को विश्वस्तरीय हॉकी देखने के लिए प्रेरित करना है। हॉकी एशिया कप महज टूर्नामेंट नहीं बल्कि हॉकी का जश्न है और बिहार और इसके बाहर के लोग इसका लुत्फ उठाने के हकदार हैं।‘

हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने भी दिलीप तिर्की की राय का समर्थन किया। भोला नाथ सिंह ने कहा, ‘हम राजगीर में पुरुष हॉकी एशिया कप मैचों के लिए फ्री प्रवेश की घोषणा कर खुश हैं। हमें पूरी उम्मीद है हॉकी प्रेमी बड़ी तादाद में मैदान में अपनी टीमों का समर्थन करने आएंगे। हमारी यह पहल हमारी देश के हर हिस्से में हॉकी संस्कृति विकसित करने और स्टेडियम में हॉकी को रोमांच को देखने के लिए दर्शकों के खचाखच भरे रहने की मुहिम का हिस्सा है।