क्वीन एलिजाबेथ स्कूल, गुरुग्राम ने फाउंडिंग प्रिंसिपल और फाउंडिंग हेड ऑफ़ प्रेप स्कूल की नियुक्ति की

Queen Elizabeth School, Gurugram appoints Founding Principal and Founding Head of Prep School

रविवार दिल्ली नेटवर्क

बेहतरीन शिक्षा और वर्ल्ड-क्लास लीडरशिप देने के अपने वादे को निभाते हुए, क्वीन एलिजाबेथ स्कूल, गुरुग्राम ने अपनी संस्थापक लीडरशिप टीम के लिए शिक्षा जगत के दो दिग्गजों को नियुक्त किया है। डॉ. क्रेग कुक फाउंडिंग प्रिंसिपल और सुश्री सोनल चतरथ प्रेप स्कूल की फाउंडिंग हेड के पद का कार्यभार संभालेंगे। ये नियुक्तियाँ भारत में क्वीन एलिजाबेथ स्कूल के पहले कैंपस की शुरूआत के लिए एक अहम कदम हैं, जो अगस्त 2026 में खुलने जा रहा है।

डॉ. क्रेग कुक अंतरराष्ट्रीय शिक्षा जगत के एक मंझे हुए लीडर हैं, जिन्हें अमेरिका, एशिया और दक्षिण-पूर्व एशिया में स्कूली (K-12) और उच्च शिक्षा का 30 से अधिक वर्षों का अनुभव है। हाल ही में, उन्होंने मसूरी के प्रसिद्ध वुडस्टॉक स्कूल में प्रिंसिपल और हेड ऑफ स्कूल के रूप में अपनी सेवाएँ दीं। वुडस्टॉक भारत के सबसे पुराने और सम्मानित इंटरनेशनल बोर्डिंग स्कूलों में से एक है, जहाँ डॉ. कुक ने पढ़ाई के स्तर, रणनीतियों और स्कूल के बुनियादी ढांचे में बड़े बदलाव किए। उनके पास स्कूलों को एक्रिडिटेशन दिलाने, कैंपस को आधुनिक बनाने और बड़े प्रोजेक्ट्स को सफलतापूर्वक पूरा करने का बेहतरीन अनुभव है। उन्होंने अमेरिका और इंडोनेशिया के बड़े शिक्षण संस्थानों में भी सीनियर पदों पर काम किया है। समाजशास्त्र में पीएचडी होने के कारण, वे विभिन्न संस्कृतियों की गहरी समझ रखते हैं। उनका लक्ष्य छात्रों को लीडरशिप, सेवा और वैश्विक स्तर पर पहचान बनाने के लिए तैयार करना है।

फाउंडिंग प्रिंसिपल के रूप में डॉ. कुक क्वीन एलिजाबेथ स्कूल, गुरुग्राम की पढ़ाई, यहाँ के माहौल और ऊंचे स्टैंडर्ड तय करने में सबसे अहम भूमिका निभाएंगे। उनका खास ध्यान इस बात पर होगा कि यह स्कूल अपनी पुरानी विरासत के अनुरूप बेहतरीन शिक्षा, संस्कार और शानदार नतीजे देने के वादे पर पूरी तरह खरा उतरे।

सुश्री सोनल चतरथ क्वीन एलिजाबेथ स्कूल, गुरुग्राम में फाउंडिंग हेड ऑफ़ प्रेप स्कूल के रूप में शामिल हुई हैं। उनके पास बच्चों की शुरूआती शिक्षा, प्रेप स्कूल एजुकेशन और स्कूल के चहुंमुखी विकास का शानदार अनुभव है। हाल ही में, उन्होंने जॉन लायन स्कूल में हेड ऑफ प्रेप स्कूल के रूप में काम किया। इससे पहले वे डेन्स हिल स्कूल में डिप्टी हेड (एकेडमिक) जैसे वरिष्ठ पदों पर भी रह चुकी हैं। उन्होंने लीसेस्टर विश्वविद्यालय से ‘एजुकेशन मैनेजमेंट और लीडरशिप’ की पढ़ाई की है। वे बच्चों की सुरक्षा, बेहतर परवरिश और उनके सर्वांगीण विकास पर खास ध्यान देने के लिए जानी जाती हैं। उनका मानना है कि बच्चों में आत्मविश्वास जगाना और शिक्षकों को सशक्त बनाकर एक मजबूत और संस्कार-आधारित माहौल तैयार करना सबसे जरूरी है।

अपनी इस नई भूमिका में, सुश्री चतरथ प्रेप स्कूल के विकास का नेतृत्व करेंगी। उनका मुख्य उद्देश्य बच्चों की पढ़ाई में उत्कृष्टता, उनके मानसिक स्वास्थ्य और उनमें जीवनभर सीखने की ललक पैदा करने की मजबूत नींव रखना होगा।