भारत के अभिषेक शर्मा आईसीसी टी 20 बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर, इशान किशन दूसरे स्थान पर

India's Abhishek Sharma tops ICC T20 batting rankings, Ishan Kishan second

  • बल्लेबाजी रैंकिंग में तिलक सातवें, सूर्य नौवें व संजू 22 वें स्थान पर
  • वरुण गेंदबाजी रैंकिंग में दूसरे स्थान पर खिसके, बुमराह छठे, अक्षर 17 वें स्थान पर

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : भारत के बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और इशान किशन ताजा जारी आईसीसी पुरुष टी 20 बल्लेबाजी रैंकिंग में क्रमश: पहले और दूसरे स्थान पर हैं। इतिहास में यह पहला मौका है जब आईसीसी टी 20 बल्लेबाजी रैंकिंग में दो भारतीय बल्लेबाज क्रमश: पहले और दूसरे स्थान पर है। इशान किशन की निगाहें आईसीसी टी 20 बल्लेबाजी रैंकिंग में नंबर 1 पर पहुंचने वाला चौथा बल्लेबाज बनने पर लगी हैं। इससे पहले सितंबर ,2022 में पाकिस्तान के बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान आईसीसी टी 20 बल्लेबाजी रैंकिंग में क्रमश: पहले और दूसरे स्थान पर पहुंचे थे। अभिषेक शर्मा ने अभी हाल ही में आईसीसी टी 20 क्रिकेट विश्व कप फाइनल में मात्र 21 गेंद में 52 न बना कर भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ 96 रन से जीत दिलाकर लगातार दूसरी और कुल तीसरी बार खिताब जिताने में मदद की। अभिषेक शर्मा फिलहाल 875 रेटिंग अंको के साथ आईसीसी टी 20 बल्लेबाजी रैंकिंग में पहले स्थान पर हैं। वहीं इशान किशन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में मात्र 25 गेंदों में 52 रन बनाने के साथ इंग्लैड के खिलाफ सेमीफाइनल में मात्र 18 गेंदों में 39 रन बनाए थे। इशान अपने इस अर्द्धशतक की बदौ़लत इग्लैंड के फिल साल्ट और पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान को पीछे छोड़कर दूसरे स्थान पर पहुंच गए।

भारत के बाएं हाथ के बल्लेबाज तिलक वर्मा (742 रेटिंग अंक) सातवें और कप्तान सूर्य कुमार यादव(722 रेटिंग अंक) नौंवे स्थान पर है।भारत के लिए सेमीफाइनल और फाइनल सहित लगातार तीन अर्द्ध शतक जड़ कुल 321 रन बना आईसीसी टी 20 क्रिकेट विश्व कप में टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किए संजू सैमसन आईसीसी टी 20 बल्लेबाजी रैंकिंग में 22 वें स्थान पर पहुंच गए हैं। शिवम दुबे चार पायदान उपर चढ़ कर 27 वें व विल जैक आठ पायदान उपर चढ़कर 58 वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

अभिषेक शर्मा और इशान किशन (871) में रेटिंग अंको में मात्र चार अंक का अंतर है। इशान किशन के पास विराट कोहली, सूर्य कुमार और अभिषेक शर्मा के बार दुनिया में आईसीसी बल्लेबाजी रैंकिंग में नंबर 1 बनने वाला चौथा भारतीय बल्लेबाज बनने का मौका है। साप्ताहिक बल्लेबाजी रैंकिग के अपडेट के मुताबिक न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज टिम सिरफिट सेमीफाइनल में ईडन गार्डन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 58 और भारत के खिलाफ फाइनल में 52 रन की पारियां खेल चार पायदान उपर चढ़ कर करियर बेस्ट छठे स्थान पर पहुंच गए। इंग्लैंड के 22 बरस के बाएं हाथ के बल्लेबाज जैकब बैथल भारत के खिलाफ आईसीसी टी 20 क्रिकेट विश्व कप के सेमीफाइनल में तूफानी शतक जड़ कर अपनी सर्वश्रेष्ठ करियर बेस्ट आईसीसी रैंकिंग मे 16 वें स्थान पर पहुंच गए।

आईसीसी टी 20 गेंदबाजी रैंकिंग में भारत के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती (740 रेटिंग अंक) आईसीसी टी 20 विश्व कप में नौ मैचों में 14 विकेट चटकाने के बावजूद पर शीर्ष से फिसल कर दूसरे स्थान पर पहुंच गए। अफगानिस्तान के लेग स्पिनर राशिद खान (753 रेटिंग अंक) एक पायदान उपर चढ़ कर नंबर एक गेंदबाज बन गए हैं। राशिद चार बरस तक आईसीसी टी 20 गेंदबाजी रैंकिंग में नंबर 1 गेंदबाज रह चुके हैं। वही टी 20 विश्व कप में भारत के खिलाफ सेमीफाइनल में 41 रन देकर दो विकेट चटका कर इंग्लैंड के लेग स्पिनर आदिल रशीद एक पायदान उपर चढ़ चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं आईसीसी टी 20 विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में मात्र 15 रन दे चार चटका मैन आफ द’ मैच रहे कुल 14 विकेट चटकाने वाले भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बमराह एक पायदान उपर चढ़ कर छठे स्थान पर जबकि उपकप्तान अक्षर पटेल छह पायदान उपर चढ़ कर 17 वें, हार्दिक पांडया चार पायदान उपर चढ़ कर 46 वें तथा दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कसिगो रबाड़ा तीन पायदान उपर चढ़ कर 50 वें स्थान पर पहुंच गए हैं।