साइमन कैटिच होंगे मुंबई इंडियंस कैपटाउन के हेड कोच

  • हाशिम अमला बैटिंग कोच, पैमेंट बने फील्डिंग कोच
  • रॉबिन पीटरसन टीम संभालेंगे जनरल मैनेजर की जिम्मेदारी

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : ऑस्ट्रेलिया के पूर्व धुरंधर बल्लेबाज साइमन कैटिच मुंबई इंडियंस कैपटाउन टीम के दक्षिण अफ्रीका में होने वाली उसकी पहली एसए20 टी-20 प्रीमियर क्रिकेट लीग में हेड कोच होंगे। मुंबई इंडियंस कैपटाउन ने 19 सितंबर को एसए-20 लीग के लिए क्रिकेटरों की नीलामी से पहले ही हेड कोच कैटिच सहित अपनी कोचिंग टीम की घोषणा कर दी। मुंबई इंडियंस कैपटाउन ने दक्षिण अफ्रीका के भारतीय मूल के पूर्व सलामी बल्लेबाज हाशिम अमला को अपनी टीम का बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया है। न्यूजीलैंड के पूर्व बल्लेबाज जेम्स पैमेंट मुंबई इंडियंस कैपटाउन के फील्ंिडग कोच होंगे जबकि दक्षिण अफ्रीका के पूर्व खिलाड़ी रॉबिन पीटरसन को टीम का जनरल मैनेजर नियुक्त किया गया है। पीटरसन मुंबई इंडियंस के लिए अतीत में आईपीएल में खेल चुकेे हैं। वहीं पैमेट फिलहाल मुंबई इंडियंस के फील्ंिडग कोच हैं।

रिलायंस जियो इंफोकॉम लिमिटेड के चेयनमैन आकाश एम. अंबानी ने कहा, ‘मुझे मुंबई इंडियंस कैपटाउन की कोचिंग टीम में साइमन और हाशिम का स्वागत करते हुए खुशी हो रही है। जेम्स और रॉबिन के साथ हम एक ऐसी कोचिंग टीम बनाएंगे, जो दक्षिण अफ्रीका में क्रिकेट के मुंबई इंडियंस के ब्रैंड को विकसित करेगी और इस क्रिकेट को दिल से चाहने वाले इस देश में मुंबई इंडियंस के मूल्यों को आगे ले जाएगी।’

साइमन कैटिच ने कहा, ‘ मुंबई इंडियंस कैपटाउन का हेड कोच बनना मेरे लिए सम्मान की बात है। एक नई टीम को एक साथ रखना, उसके कौशल को निखारना और टीम -संस्कृति का निर्माण करना हमेशा खास होता है। मैं यह पक्का करने की कोशिश करुंगा की मुंबई इंडियंसकैपटाउन एक ऐसी टीम के रूप में आगे बढ़े, जो स्थानीय प्रतिभाओं का लाभ भी उठाने के साथ मुंबई इंडियंस के आधारभूत मूल्यों को भी आगे बढ़ाए।’

दक्षिण अफ्रीका की अपने जमाने में बल्लेबाज की रीड रहे हाशिम अमला के नाम वन डे क्रिकेट में सबसे तेज 2000, 3000, 4000, 5000 और 6000 रन बनाने का रिकॉर्ड है। हाशिम अमला ने कहा, ‘मैं मुंबई इंडियंस कैपटाउन के बैटिंग कोच की जिम्मेदारी संभाल रोमांचित हूं। मैं मुंबई इंडियंस के मालिकों, प्रबंधन और अपने मैनेजऱ का बहुत आभार जताता हूं। उन्होंने जो योजना बनाई है उससे ऐसा लगता है कि यह एक गजब का मंच बनने जा रहा है। यह मंच हमारी दक्षिण अफ्रीका की स्थानीय प्रतिभाओं को आकर्षित करेगा। बतौर खिलाड़ी और मेंटर के रूप में अपने अनुभव के साथ मैं मुंबई इंडियंस कैपटाउन के क्रिकेटरों को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट को मजबूत बनाने में मदद करने को लेकर उत्साहित हूं।’

मुंबई इंडियंस कैपटाउन नीलामी से पहले ही इन पांच क्रिकेटरों- कगिसो रबाडा, डिवाल्ड ब्रेविज, राशिद खान, सैम करेन और लियाम लिविंगस्टोन – को अनुबधित कर चुकी है।