साई सुदर्शन व ऋषभ पंत ने भी जड़े अर्द्धशतक
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली उपकप्तान सलामी बल्लेबाज केएल राहुल और कप्तान शुभमन गिल के शानदार शतकों की बदौलत भारत ने मेहमान अफगानिस्तान के खिलाफ न्यू चंडीगढ़ में शनिवार को शुरू हुए इकलौते क्रिकेट टेस्ट मैच में पहली पारी में 85 ओवर मे तीन विकेट पर 368 रन बना दमदार आगाज किया। टेस्ट का पहला दिन पूरी तरह भारतीय बल्लेबाजों के नाम रहा। भारत का अब तक अपनी पहली पारी में चार छक्के और 42 चौके जड़ना उसके बल्लेबाजों के पूरी तरह हावी रहने की कहानी बयां करता है। भारत ने खेल के आखिरी सत्र में 159 रन जोड़े और केवल केएल राहुल का विकेट खोया। बेशक यह टेस्ट वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा नहीं हैं लेकिन बावजूद इसके दुनिया की सबसे महंगी टी 20 आईपीएल में खेलने के बाद भारत के सभी बल्लेबाजों ने इस टेस्ट का इस्तेमाल खुद को लाल गेंद के मुताबिक ढालने के लिए किया। फिलहाल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में छठे स्थान पर चल रहे भारत को यह टेस्ट आगे के लिए बेहतर ढंग से तैयार करने में मददगार साबित होगा भारत के लिए साई सुदर्शन और ऋषभ पंत ने अर्द्बशतक जड़ अफगानिस्तान के गेंदबाजों को पस्त कर अपने कप्तान शुभमन गिल के टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने के फैसले को सही साबित किया। अफगानिस्तान के क्षेत्ररक्षकों ने यदि मुश्किल कैच लपके होते तो वह जरूर भारत पर दबाव बना सकते थे
पहले दिन का खेल बंद होने के समय शुभमन गिल 143 गेंद खेल कर एक छक्के और 11 चौको की मदद से 103 और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत 70 गेंद खेल तीन छक्कों और दो चौकों की मदद से 50 रन बनाकर खेल रहे थे। शुभमन गिल और ऋषभ पत अब तक चौथे विकेट के लिए 102 रन की अटूट भागीदारी कर चुके हैं। केएल राहुल ने अपने टेस्ट करियर का 12 और शुभमन गिल ने 11 टेस्ट शतक पूरा किया। तेज गेंदबाज मोहम्मद सलीम अफगानिस्तान के सबसे कामयाब गेंदबाज रहे और 13 वें ओवर में 67 रन देकर यशस्वी जायसवाल (24) और साई सुदर्शन(81) को विकेटकीपर अफसर जजई के हाथों कैच करा पैवेलियन लौटाया।
शुममन गिल ने अफगानिस्तान के पहले दिन के सबसे कामयाब तेज गेंदबाज मोहम्मद सलीम की गेंद पर खेल के आखिरी सत्र में ड्राइव कर एक रन दौड़ कर अपने टेस्ट करियर का 11 वां शतक 136 गेंद खेल एक छक्के और 11 चौकों की मदद से पारी के 83 वें ओवर में पूरा किया। सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने साई सुदर्शन (81 रन, 104 गेंद, 13 चौके) के साथ दूसरे विकेट की 139 रन की भागीदारी चायकाल से पहले 180 रन तक पहुंचाया तभी साई सुदर्शन ने पारी के 43 वें ओवर में अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज़ मोहम्मद सलीम की ऑफ स्टंप से बाहर जाती गेंद को घुटने पर खड़े हो कवर ड्राइव करने की कोशिश में विकेटकीपर अफसर जजई को कैच थमा दिया। उपकप्तान केएल राहुल और कप्तान शुभमन गिल ने चायकाल तक भारत की पहली पारी के स्कोर को 50 ओवर में दो विकेट पर 209 पर पहुंचाया। तब केएल राहुल 81 और शुभमन गिल 20 रन बना कर क्रीज पर थे। केएल राहुल ने चायकाल के बाद 164 गेंद खेल कर 11 चौकों की मदद से अपना शतक पूरा किया लेकिन उन्होंने बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जिया उर रहमान की अगली गेंद को उड़ाने की कोशिश की और गेंद उनके बल्ले का भीतरी मोटा किनारा लेकर उंची उठी और एकस्ट्रा कवर में रहमतुल्लाह गुरबाज को कैच थमा दिया और भारत ने 61 वें ओवर में तीसरा विकेट 247 रन पर गंवा दिया। केएल राहुल ने अपना 68 टेस्ट खेलते हुए आउट होने से पहले अपने टेस्ट करियर का 12 वां शतक पूरा किया।
उपकप्तान केएल राहुल और साई सुदर्शन दोनों ने अपने अपने अर्द्धशतक अफगानिस्तान के बाएं हाथ के स्पिनर नंगालिया खरोट के गेंद पर पूरे किए। भारत ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए लंच तक अपनी पहली पारी में सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल का विकेट खोकर 25 ओवर में 96 रन बनाए। तब सलामी बल्लेबाज उपकप्तान केएल राहुल अपने चिर परिचित सधे अंदाज मे बल्लेबाजी करते हुए 70 गेंद खेल पांच चौकों की मदद से 37 और साई सुदर्शन 49 गेंद खेल छह चौकों की मदद से 32 रन बनाकर क्रीज पर डट थे। पहला सत्र बेशक भारत का रहा। केएल राहुल ने ठीक टेस्ट क्रिकेट के मिजाज के मुताबिक बल्लेबाजी की। नई गेंद स्विंग तो हुई लेकिन कुछ नीची रही। केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल ने संभल कर आगाज किया। केएल राहुल लंच से पहले तब खुशकिस्मत रहे जब गेंद उनके बल्ले का महीन किनारा लेकर उनके दस्तानों में जा पहुंची लेकिन अफगानिस्तान ने डीआरएस नहीं लिया।
यशस्वी जायसवाल (24 रन, 32 गेंद, 5 चौके) पहले घंटे का खेल खत्म होने से ठीक पहले अफगानिस्तान के तेज गेदबाज मोहम्मद सलीम की गेंद को आधे अधूरे मन से फ्लिक करने की कोशिश में विकेटकीपर अफसर जजई को कैच थमा बैठे और भारत ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए अपना पहला विकेट पारी के 12 वें ओवर में 41 रन पर खो दिया। तब केएल राहुल 40 गेंद खेल तीन चौकों की मदद से 16रन बना क्रीज पर थे। यशस्वी के जल्द आउट होने के बाद साई सुदर्शन ने टेस्ट के लिए जोश के साथ जरूरी होश भी दिखाया लेकिन ढीली गेंद पर प्रहार करने से कतई नहीं चूके। अफगानिस्तान के बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर नंगेलिया खरोट ने बढ़िया गेंदबाजी और साई सुदर्शन उनकी गेंद पर आउट होने से बाल बाल बचे। अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने जब खुद सहित स्पिनरों को मोर्चे पर लगाया तो भारत के उपकप्तान केएल राहुल ने अपने मिजाज के मुताबिक कदमों का इस्तेमाल कर स्ट्रोक खेले।





