करिश्माई मैसी की हैट्रिक से अर्जेंटीना का अल्जीरिया पर जोरदार जीत से आगाज

Argentina kicks off with a resounding victory over Algeria, fueled by a hat-trick from the charismatic Messi

मैसी ने विश्व कप में क्लोज के कुल सबसे ज्यादा 16 गोल दागने की बराबरी की

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : फुटबॉल बेशक टीम खेल है लेकिन अर्जेंटीना के लियोनल मैसी ने अपने पैरों की कलाकारी के साथ गोल करने की कला को दिखा कर ब्राजील और दुनिया के सर्वकालीन महानतम फुटबॉलर पेले की दक्षिण अमेरिकी फुटबॉल की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ा कर दिखाया कि वैयक्तिक कौशल भी टीम को विश्व कप जैसे बड़े मंच पर जीत दिलाने के लिए जरूरी है। करिश्माई स्ट्राइकर कप्तान लियोनस मैसी की शानदार हैट्रिक की बदौलत मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना ने अल्जीरिया पर फीफा विश्व कप फुटबॉल 2026 में ग्रुप जे के मैच में बुधवार को कंसास सिटी में 3-0 से जोरदार जीत से आगाज किया। अर्जेंटीना ने 2022 में कतर में विश्व कप जीतने के बावजूद अपना अभियान सउदी अरब से अप्रत्याशित हार से शुरू किया। अपना रिकॉर्ड छठा विश्व कप खेल रहे लियोनल मैसी ने बुधवार को हैट्रिक जमा अर्जेंटीना को जीत पक्की कर यह सुनिश्चित किया मौजूदा विश्व कप में अर्जेंटीना को इस तरह का झटका न झेलना पडे।

लियोनल मैसी ने पैरों की कलाकारी दिखाकर कर मैच के 17वें, 60 और 76 वें मिनट में गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी करने के साथ विश्व कप फुटबॉल के इतिहास में जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोज (16 गोल) के कुल सबसे ज्यादा गोल करने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। मैसी ने अपने अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल करियर की 11 वीं और विश्व कप की पहली हैट्रिक जमाई। मैसी इसके साथ विश्व कप में तीन गोल करने वाले सबसे उम्रदराज फुटबॉलर बन गए।

मैसी हैट्रिक पूरी करने के बाद मैच के 80 वें मिनट में मैदान से बाहर आए और अर्जेंटीना ने उनकी जगह निको पाज को उतारा। मैसी(13 गोल) इस मैच से पहले ही अर्जेटीना के लिए विश्व कप में सबसे ज्यादा गोल दागने वाले फुटबॉलर बन चुके थे। मैसी के बाद अर्जेंटीना के लिए गैबरियल बतिस्तुता (10 गोल), डिएगो माराडोना (8 गोल), गुलेरमा स्टेबाइल (8 गोल), मारियो कैम्पस (6 गोल), गोंजालो हिगुइन (5 गोल) को विश्व कप में गोल दागने में पहले ही पीछे छोड़ चुके थे।अर्जेंटीना के मैसी ने बुधवार सुबह अल्जीरिया के खिलाफ हैट्रिक जमा ब्राजील के रॉनाल्डो (15 गोल) को पीछे छोड़ कर विश्व कप में सबसे ज्यादा गोल करने वाले दक्षिण अमेरिकी फुटबॉलर बन गए।

कप्तान लियोनल मैसी ने मैच के 17 वें मिनट में 30 गज की दूरी से गेंद संभाली और अपने मार्कर को छका गोल कर अर्जेंटीना का खाता खोला। अल्जीरिया की रक्षापंक्ति ने इसके बाद पहले हाफ में अर्जेंटीना स्ट्राइकरों को अपने गोल से दूर ही रखा। मैसी के पहले गोल के बाद पहले हाफ में बस अर्जेंटीना के अलेक्सिज मैक एलिस्टर के हेडर पर गेंद जरूर अल्जीरिया के गोल के उपर से बाहर निकल गई। अल्जीरिया के अनीस हज मूसा ने गेंद के गोल में डालने की कोशिश की लेकिन अर्जेंटीना के गोलरक्षक इमिलियो मार्टिनेज ने गोता लगा गेंद को अपने कब्जे में कर रोक अपनी टीम पर आया खतरा टाल दिया।

मैसी ने दूसरे हाफ भी आक्रामक अंदाज में आगाज किया। 20 गज की दूरी से उनकी वॉली गोलस्तंभ के उपर से बाहर निकल गई। मैसी ने इसके तुरंत बाद लाउत्रो के लिए गेंद आगे निकाली लेकिन अल्जीरिया के गोलरक्षक लुका जिदान ने मुस्तैदी दिखा गेंद को अपने कब्जे में ले लिया। मैच के 60 वें मिनट में मैक एलिस्टर के तेज शॉट को अल्जीरिया के गोलरक्षक जिदान ठीक से रोक नहीं पाए और 38 बरस के करिश्माई मैसी ने मैच के 60 वें मिनट में लौटती गेंद को लपक कर अपने पैर से संभाल तेज शॉट जमा गोल कर मैच का अपना दूसरा गोल कर अर्जेंटीना को 2-0 से आगे कर दिया। अर्जेंटीना के लिए अपना 200 वां मैच खेल रहे मैसी ने 76 वें मिनट में अपने चिर परिचित अंदाज में बॉक्स के ठीक उपर से लहराता शॉट जमा अपना मैच का लगातार तीसरा गोल हैट्रिक जमा अर्जेंटीना को 3-0 से आगे कर उसकी जीत लगभग निश्चित कर मैच को पूरी तरह अल्जीरिया की पहुंच से बाहर कर दिया।

मैसी की तारीफ के लिए शब्द नहीं : स्कोलनी
अर्जेंटीना के चीफ कोच लियोलन स्कोलनी ने कहा,‘ मेरे पास लियोनल मैसी के बेहतरीन खेल की तारीफ के लिए शब्द नहीं हैं। मैसी ने 20 बरस से हमें इस तरह के खुशनुमा क्षणों का अभ्यस्त कर दिया है। मैसी को जो भी खेलते देखता है उसे वह प्रेरित करते हैं। हम इस विश्व कप में एक समय केवल एक मैच की बाबत सोच आगे बढ़ रहे हैं। हमने टीम के बहुतेरे खिलाड़ियों को मैदान पर खेलने का बहुत मौका दिया और हमारी टीम इससे खुश है। उम्मीद है कि हम अपना अगला मैच जीतेंगे। जहां तक अल्जीरिया की बात है तो हमें मालूम था वह बढ़िया खेलती है। भले ही हमने अल्जीरिया से मैच 3-0 से जीता लेकिन यह मुश्किल मैच था बेशक मैच का स्कोर इसकी तस्वीर साफ नहीं करता । पहला मैच हमेशा ही मुश्किल होता है। हम जब बुधवार को मौजूदा विश्व कप में अपना पहला मैच खेलने उतरे तो हमारे जेहन में कतर में 2022 के संस्करण के पहले मैच में सउदी अरब के हाथों मिली हार ताजा थी। अल्जीरिया के खिलाफ पहले मैच में मिली जीत से हम अब अगले मैच में शांत मन से उतर सकेंगे।‘

मेरे लिए रॉनाल्डो महान हैं : मैसी
लियोनल मैसी ने हैट्रिक जमा अर्जेंटीना को अल्जीरिया पर जीत दिलाने के बाद कहा, ‘जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोज और ब्राजील के साथ विश्व कप में सबसे ज्यादा गोल करने वाले दो शीर्ष खिलाड़ियों की सूची में शामिल होना बेशक सम्मान की बात है। बावजूद इसका कोई खास मतलब नहीं। बुधवार को फ्रांस के लिए काइलियान बापे ने भी दो गोल किए और वह इसी पंक्ति में आगे बढ़ रहे है। सच कहूं ये बस आंकड़े हैं इससे ज्यादा कुछ नहीं। इन दिग्गजों के साथ मुकाबला गर्व की बात है लेकिन बावजूद इसका कोई खास मतलब नहीं है। मेरे लिए रॉनाल्डो महान हैं, जिन्हे मैने खेलते देखा है, जो महान खिलाड़ियों में एक है, पर शीर्ष पर नहीं है। इसलिए मैं फिर कहता हूं, ये बस आंकड़े भर है।