सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : ब्रायन ब्रॉबी और वेन हेक के एक- एक गोल की बदौलत नीदरलैंड ने टयूनीशिया को कंसास सिटी में शुक्रवार सुबह 3-1 से ग्रुप एफ में दो जीत और एक ड्रॉ के साथ सात अंकों के साथ शीर्ष पर रह कर फीफा विश्व कप फुटबॉल 2026 के अंतिम 32 में स्थान बना लिया। नीदरलैंड अंतिम 32 में 29 जून को मोंटरे में मोरक्को से भिड़ेगा।
नीदरलैंड को पहला गोल टयूनीशिया के कप्तान इलियास सकीरी के ‘आत्मघाती’ के रूप में इनाम में मिला। टयूनीनिया की टीम लगातार तीसरी हार के साथ बाहर हो गई। डेजल डुमफ्राइज के क्रॉस पर गेंद को ब्रायन ब्रॉबी के पास जाने से रोकने की कोशिश में मैच के तीसरे मिनट मं टयूनीशिया के कप्तान अपने ही गोल में डाल बैठे और इससे नीदरलैंड को 1-0 की बढ़त मिल गई।ब्रायन ब्रॉबी ने वर्जिल वान दिक ने फ्री किक पर गेंद को संभाल मैच के सातवें मिनट में गोल कर नीदरलैंड को 2-0 से आगे कर दिया। हाफ टाइम तक नीदरलैंड की टीम 2-0 से आगे थी। टयूनीशिया के शहनीबल मजबरी ने कॉर्नर किक पर गेंद नीदरलैंड बॉक्स के भीतर मैच के 54 वें मिनट में उछाली और इस पर हाजम मसतूरी ने गोल कर स्कोर 1-2 कर दिया। जॉन पाल वान हेक ने आठ मिनट बाद तियाजनी रेजिंडर के पास पर गोल कर नीदरलैंड को 3-1 से आगे कर उसकी जीत पक्की कर दी। 58 बरस में यह पहला मौका जब नीदरलैंड ने विश्व कप मैचों में शुरू के सात मिनट में दो गोल दागे।
जापान व स्वीडन एक एक से ड्रॉ खेल अंतिम 32 में
जापान ने स्वीडन के साथ अपना अंतिम मैच डलास स्टेडियम मे शुक्रवार सुबह एक एक गोल से ड्रॉ खेला और एक जीत और ड्रॉ के साथ पांच अंक ले ग्रुप एफ में उपविजेता रह अंतिम 32 में स्थान बना लिया। जापान की टीम विश्व कप फुटबॉल में पहली बार ग्रुप चरण में एक भी मैच नहीं हारी। स्वीडन ने एक एक , एक ड्रॉ और एक हार के साथ कुल चार अंक ले तीसरे स्थान पर रहने वाली सर्वश्रेष्ठ आठ टीमों में एक के रूप में अंतिम 32 में स्थान बना लिया। जापान के लिए दाइजन मइदा और स्वीडन के एंथनी इलंगा ने एक एक गोल किया। जापान को स्वीडन के खिलाफ खेलने उतरने से पहले मालूम था उसे शीर्ष दो में रहने के लिए यह मैच ड्रा कराना ही काफी होगा।
जापान ने शुरू से ही मैच मे दबाव बनाया और मैच के शुरू में दाइजन माइदा का हेडर गोलस्तंभ के जरा उपर से बाहर निकल गया और वह अपनी टीम को बढ़त दिलाने से चूक गए। युकिनारी सुगावरा ने इसके तुरंत बाद बॉक्स के भीतर पहुंच तेज शॉट जमाया लेकिन स्वीडन के गोलरक्षक जैकब जेटरस्ट्रोम ने इसे रोक जापान को खाता खोलने से रोक दिया। कीतो नाकामुरा चतुराई से गेंद को लेकर बाक्स में पहुंचे लेकिन स्वीडन के गोलरक्षक जैकब जेटरस्ट्रोम ने इसे हाथ से अपन गोल के उपर से बाहर कर दिया। दाइजन माइदा ने दूसरे हाफ के दसवें मिनट में रित्सू दोइन के बढ़िया पास पर चतुराई से गोल कर जापान का खाता खोला। एंथनी इलांगा ने बॉक्स से 20 गज की दूरी से दनदनाता शॉट जमा गोल छह बाद ही स्वीडन को एक एक की बराबरी दिला दी। यह मैच का आखिरी गोल साबित हुआ।





