सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : स्ट्राइकर उस्मान डेम्बले की पहली हैट्रिक की बदौलत फ्रांस कमजोर नॉर्वे को भी 4-1 से हरा शुक्रवार सुबह लगातार तीसरा और आखिरी मैच भी जीत कुल नौ अंकों के साथ फीफा विश्व कप फुटबॉल टूर्नामेंट में ग्रुप आई में शीर्ष पर रहा। फ्रांस के लिए एक गोल डिजायर डू ने खेल खत्म होने के ठीक पहले दागा। नॉर्वे के लिए इकलौता गोल थेलो असगार्ड ने दागा।फ्रांस ने 1998 में अपनी सरजमीं पर खिताब जीतने के बाद पहली बार विश्व कप फुटबॉल में अपने सभी तीनों ग्रुप मैच जीते।
फ्रांस और नॉर्वे की टीमें शुक्रवार के मैच से पहले ही अंतिम 32 में स्थान पक्का कर चुकी थीं और बोस्टन के मैच से बस ग्रुप आई में शीर्ष पर रहने वाली टीम का फैसला होना था। साथ ही इस मैच में फ्रांस के सुपर स्ट्राइकर काईलियान बापे और नॉर्वे के एर्लिंग हालैंड के बीच रोचक मुकाबले पर भी निगाहें थी। हालैंड का नाम शुक्रवार को टीम सूची में रहने के बावजूद वह शुक्रवार के मैच में खेलने के लिए मैदान पर उतरे ही नहीं और नॉर्वे ने अपनी शुरुआती एकादश में दस बदलाव किए।
सभी निगाहें काइलियान बापे पर थीं, लेकिन फ्रांस की जीत के नायक रहे विश्व कप फुटबॉल के इतिहास की दूसरी सबसे तेज हैट्रिक जमाने वाले उसके स्ट्राइकर उस्मान डेम्बले(सातवें,20 वें और 32 वें मिनट)। इस हैट्रिक के साथ डेम्बले ने फ्रांस के लिए अब तक मौजूदा विश्व कप में चार गोल दाग चुके हैं। डेम्बले ने मौजूदा संस्करण में पहला गोल इराक के खिलाफ दागा और अब इस विश्व कप में अब तक तीन मैचों में वह फ्रांस के लिए तीन मैचों में चार गोल दाग चुके हैं। चीफ कोच डिडियर डेसचैम्पस की गैर मौजूदगी में सहायक कोच गए स्टीफन के मार्गदर्शन में फ्रांस की टीम आज के मैच में नॉर्वे के खिलाफ खेलने उतरी। फ्रांस के तेज तर्रार स्ट्राइकर काइलियान बापे ने पहले ही मिनट में तेज शॉट लगाया लेकिन गेंद गोलस्तंभ की बल्ली को लगकर बाहर निकल गई। बापे से बढ़ाई गेंद को डेम्बले ने संभाल कर दाएं से तेज फर्राटा लगाया और मैच के सातवें मिनट में बाएं पैर से दनदनाता शॉट जमा गोल कर फ्रांस का खाता खोला। डेम्बले ने 20 वें मिनट में नॉर्वे के बॉक्स के बाहर शॉट जमा मैच में अपना एक और दर्शनीय गोल कर फ्रांस को 2-0 से आगे कर दिया। नॉर्वे के थेलो अलगार्ड ने अगले मिनट फ्रांस के डिफेंडर दयोत अपमेकानो को छकाया और फिर गोलरक्षक माइक माइगनन को कोई मौका न देते हुएगोल कर स्कोर 1-2 कर अपनी टीम के मैच में वापसी करने की उम्मीद जगाई।
डेम्बले ने मैच के 32 वें मिनट में दाएं पैर से शॉट जमा नॉर्वे के गोलरक्षक एजिल सेलविक के पैरों के बीच से गेंद को निकाल गोल कर अपना मैच का लगातार तीसरा गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी कर फ्रांस को 3-1 से आगे कर उसकी लगातार तीसरी जीत लगभग पक्की कर दी थी। फ्रांस के लिए डेम्बले की यह हैट्रिक विश्व कप फुटबॉल में 1994 में रूस के ओलेग सालेंको की कैमरून के खिलाफ जमाई हैट्रिक के बाद किसी भी फुटबॉलर द्वारा पहले हाफ में जमाई पहली हैट्रिक है। डेम्बले ने मैच के 32 वें हैट्रिक पूरी की जबकि उनसे पहले 1954 के विश्व कप में ऑस्ट्रिया के एरिच प्रॉब्सट ने तत्कालीन चेकोस्लोवाकिया के खिलाफ शुरू के 24 में ही अपनी हैट्रिक पूरी की थी।
फ्रांस के डिफेंडर थियो हर्नांडेज ने दूसरे हाफ के तीसरे मिनट में अपने बॉक्स के भीतर ऑस्कर बॉब को गिराया लेकिन इस पर मिली पेनल्टी किक पर स्ट्रैंड लार्सन की कमजोर किक को फ्रांस के गोलरक्षक माइगनन ने रोक उन्हें गोल करने से रोक दिया। डिजाइर डू ने खेल खत्म होने से ठीक पहले इंजरी टीम में गोल कर फ्रांस को 4-1 से जीत दिला दी।
हमें आगे के मैचों में पूरी तरह चौकस रहना होगा: स्टीफन
फ्रांस के सहायक कोच गाए स्टीफन ने कहा,‘ मैच में जो जरूरत थी हमने किया। हमने अपने खेल का खूब लुत्फ उठाया। हम पूरी शिद्दत से खेले और हमने गोल के बहुत मौके बनाए। हमने मैच में चार गोल किए। डेम्बले ने हैट्रिक जमाई डू ने एक गोल किया। हमारे लिए यह मैच में यही सबसे बड़ा रहा। हम इसी तरह का बढ़िया खेल आगे भी जारी नरखना चाहते हैं। मैच में हमने कुछेक गलतियां की और हम बेशक आगे आने वाले मैचों में इन्हें दूर करना चाहेंगे। हम विश्व कप में जितना आगे बढ़ते जाएंगे आगे उतनी ही और ज्यादा प्रतिद्वंद्वी टीमें मिलेंगी। हमें आगे के मैचों में पूरी तरह चौकस रहना होगा।’
आज का दिन डेम्बले का था : सोलाबाकेन
नॉर्वे के को स्टेल सोलाबाकेन ने कहा,‘ बेशक आज का दिन डेम्बले का था। डेम्बले ने बहुत चतुराई से गेंद को गोल में डाला और हमें जूझना पड़ा। हम अपने लेफ्ट बैक फ्रेडरिक की मदद नहीं कर पाए। डेम्बले के दो गोल विश्वस्तरीय थे हम उनके तीसरे गोल को रोकना चाहिए था।
सेनेगल की इराक पर जीत से अंतिम 32 की उम्मीद बरकरार
पेप गाए के दो, हबीब दियारा, इस्माइला सार व इलीमन नदियाए के एक एक गोल की बदौलत सेनेगल ने इराक पर ग्रुप आई में टोरंटो में 5-0 की साथ खुद को अंतिम 32 की होड़ में बनाए रखा। सेनेगल की टीम यदि तीसरे स्थान पर रहने वाली सर्वश्रेष्ठ आठ में से एक रही तो वह अभी भी अंतिम 32 में पहुंच सकती है लेकिन इसके लिए उन्हें अन्य नतीजों का इंतजार करना पड़ेगा। हबीब दियारा ने मैच के चौथे मिनट में गोल कर सेनेगल का खाता खोला। इराक के जिदान इकबाल की गलती का लाभ उठाकर मैच के 56 वें मिनट में लैमाइर कमारा ने गेंद को कब्जे में सार की ओर बढ़ाया और उन्होंने गोल कर सेनेगल को 2-0 से आगे कर दिया।यह सार का सेनेगल के लिए इस विश्व कप में तीसरा गोल था। बदलू खिलाड़ी पेप गाए मैच के उतरने के ठीक 89 सेकंड बाद पहले 59 वें और फिर 71 वें मिनट में दनादन दो गोल कर सेनेगल को 4-0से आगे कर दिया।सेनेगल की टीम लगातार तीसरी बार विश्व कप फुटबॉल में शिरकत कर रही है जबकि दूसरी बार इसमें शिरकत करने वाली इराक क टीम अपने तीनों ग्रुप मैच हार कर बाहर हो गई।
हमें इराक के खिलाफ हर हाल में जीतना था: सार
सेनेगल के स्ट्राइकर इस्माइला सार ने कहा,‘ हमें इराक के खिलाफ मैच हर हाल में जीतना ही था।हम इस मैच में ज्यादा से ज्यादा गोल करना चाहते थे। हमने आज शानदार काम किया। अपनी टीम के लिए गोल कर मैं बहुत खुश हूं। हम अपनी राष्ट्रीय टीम के लिए हर मुमकिन चीज करना चाहते हैं।





