विधानसभाध्यक्ष वासुदेव देवनानी से हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने की शिष्टाचार भेंट

Haryana Assembly Speaker Harvinder Kalyan paid a courtesy call on Assembly Speaker Vasudev Devnani

विधानसभा के भव्य भवन, सदन, डिजिटल संग्रहालय और कॉन्स्टिटयूशन क्‍लब को देख अभिभूत हुए हरियाणा स्पीकर कल्‍याण

जी एन भट्ट

जयपुर : हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने सोमवार को राजस्थान विधानसभाध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने जयपुर में शिष्टाचार भेंट की। दोनों विधानसभाध्यक्षों के मध्य भारतीय संस्कृति, लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं, विधानमंडलों में नवाचारों तथा जनकल्याण से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों पर आत्मीय एवं सार्थक चर्चा हुई। इस दौरान संसदीय संस्थाओं के सुदृढ़ीकरण तथा राज्यों के मध्य अनुभवों और श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान को और अधिक बढ़ावा देने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

विधानसभाध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने राज्य विधानसभा पहुंचने पर हरविंदर कल्याण का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा उन्हें विधानसभा सचिवालय द्वारा प्रकाशित “उत्कृष्टता के दो वर्ष और नवाचार” पुस्तक की प्रति, राजस्थान विधानसभा के प्रतीक चिन्ह (लोगो) की प्रतिकृति, राजस्थान विधानसभा की नियमावली तथा विधानसभा समितियों से संबंधित प्रकाशन भेंट किए। वहीं, हरियाणा विधानसभाध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने भी देवनानी को हरियाणा विधानसभा की नियमावली एवं विधानसभा समितियों से संबंधित प्रकाशनों की प्रतियां भेंट की।

स्पीकर देवनानी ने कल्याण को राजस्थान विधानसभा के सदन, भव्य भवन तथा राजनैतिक आख्यान संग्रहालय का अवलोकन कराया। कल्याण ने विधानसभा भवन की आधुनिक व्यवस्थाओं, सदन की कार्यप्रणाली तथा आख्यान संग्रहालय में संजोई गई राजस्थान की लोकतांत्रिक एवं संसदीय विरासत और वासुदेव देवनानी के नेतृत्व में किए गए नवाचारों की सराहना करते हुए उन्हें अन्य विधानमंडलों के लिए भी अनुकरणीय बताया।

स्पीकर कल्‍याण ने कहा कि राजस्‍थान विधान सभा का भ्रमण उनके लिए अवि‍स्‍मरणीय रहेगा। उन्होंने वीर भूमि की महान संस्‍कृति की झलक के साथ लोकतंत्र की यात्रा एवं महान परम्‍पराओं की झलक देखी। कल्‍याण ने संग्रहालय को अदभुत बताते हुए उसे भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्‍त्रोत बताया। देवनानी ने कल्याण को कॉन्स्टिटयूशन क्‍लब ऑफ राजस्‍थान का अवलोकन भी कराया।

इससे पूर्व हरियाणा विधानसभाध्यक्ष हरविंद्र कल्याण सोमवार को प्रात: सिविल लाईन स्थित स्पीकर वासुदेव देवनानी के राजकीय निवास पर पहुँचे। यहां देवनानी ने कल्याण का पुष्पगुच्छ एवं दुपट्टा ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कल्याण को स्व लिखित अपनी पुस्तक “सनातन संस्कृति की अटल दृष्टि” की प्रति भी भेंट की।