बापे के दो बेहतरीन गोल से स्वीडन को 3-0 से हरा फ्रांस अंतिम 16 में

France advances to the Round of 16 after defeating Sweden 3-0, thanks to two brilliant goals from Bapé

बापे ने मौजूदा विश्व कप में मैसी के छह गोल करने की बराबरी की

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : सुपर स्ट्राइकर कईलियान बापे के दो बेहतरीन मैदानी और ब्रैडले बारकोला के एक गोल की बदौलत फ्रांस ने कमजोर स्वीडन पर बुधवार सुबह न्यूयॉर्क के न्यूजर्सी स्टेडियम में 3-0 की एकतरफा जीत के साथ फीफा विश्व कप फुटबॉल 2026 में अंतिम 16 में स्थान पा लिया। कइलियान बापे (18 गोल) बुधवार को दो गोल करने के साथ विश्व कप फुटबॉल के इतिहास में अर्जेंटीना के लियोनल मैसी (19 कुल) के बाद दूसरे सबसे ज्यादा गोल करने वाले फुटबॉलर बन गए। मैसी और बापे मौजूदा संस्करण में अब तक सबसे ज्यादा छह छह गोल कर गोल्डन बूट की होड में सबसे आगे चल रहे है। बापे अब तक विश्व कप फुटबॉल के नॉकआउट चरण में रिकॉर्ड दस गोल कर चुके है।

अर्जेंटीना के स्ट्राइकर लियोनल मैसी ने विश्व कप फुटबॉल के इतिहास में 29 मैचों में सबसे ज्यादा 19 गोल , फ्रांस के काइलियान बापे ने 18 मैचों में 18 गोल , जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोज ने 24 मैचों में 16 गोल, ब्राजील के रॉनाल्डो ने 19 मैचों में 15 गोल और जर्मनी के गर्ड मुलर ने 13 मैचां में 14 गोल किए है। बापे अभी मात्र 27 बरस के हे और विश्व कप फुटबॉल के इतिहास में दूसरे सबसे ज्यादा गोल करने वाले फुटबॉलर बन चुके हैं। दिलचस्प बात यह है कि औसतन विश्व कप में उन्होंने अब तक हर मैच में एक एक गोल किया।

अपने ग्रुप के तीनों मैच जीत शीर्ष पर रही फ्रांस ने अंतिम 32 में भी अपने शानदार खेल को जारी रखा। फ्रांस ने स्वीडन के खिलाफ बुधवार सुबह पहले हाफ में गजब के आक्रामक फुटबॉल की बानगी पेश कर सभी को मोह लिया। बापे ने पहले हाफ के शुरू में ही तेज शॉट जमा फ्रांस के गोल में गेंद डाली, लेकिन रेफरी ने उन्हे ऑफ साइड दे यह गोल नकार दिया और इसके बाद उनके शॉट पर गेंद गोलस्तंभ की बल्ली को टकरा कर बाहर निकल गई। बापे ने पहला हाफ खत्म होने से ठीक पहले कॉर्नर पर गेंद को बॉक्स के बीच संभालने के बाद स्वीडन के तीन डिफेंडरों को गच्चा दे दनदनाता शॉट जमा गोल कर फ्रांस का खाता खोला।

माइकल ओलिस ने दूसरे हाफ के आठवें मिनट बॉक्स के भीतर पहुंच साथी स्ट्राइकर बैडले बारकोला की ओर गेंद बढ़ाई और उन्होंने स्वीडन के गोलरक्षक जैकब जेटरस्ट्रॉम को छका गोल कर फ्रांस को 2-0 से आगे कर दिया। माइकल ओलिस के एक और बेहतरीन पास पर काइलियान बापे ने 74 वें मिनट में मैच का अपना दूसरा गोल कर फ्रांस को 3-0 से आगे कर मौजूदा संस्करण में अब तक छह गोल करने के अर्जेंटीना के लियोनल मैसी की बराबरी कर ली। फ्रांस की टीम अब जब 4 जुलाई को फिलाडेल्फिया में अंतिम 16 में पराग्वे से भिड़ेगी तो उनके पास मैसी को पीछे छोड़ने मौजूदा संस्करण में अपना सातवां गोल करने का मौका होगा।