नीदरलैंड और अर्जेंटीना के खिलाफ हमें सधे प्रदर्शन की जरूरत: अभिषेक

We need a composed performance against the Netherlands and Argentina: Abhishek

नीदरलैंड के खिलाफ गलतियों से बच कर उसकी गलतियों को भुनाना होगा

सत्येन्द्र पाल सिंह

एम्सतलवीन (नीदरलैंड) : दिल्ली की सीमा से सटे सोनीपत के बाशिंदे 27 बरस के अभिषेक नैन ने अपने चार बरस के अंतर्राष्ट्रीय हॉकी करियर में अब तक भारत के लिए 120 मैच खेल कर 50 से अधिक गोल कर भारत को 2022 में एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक और 2024 में पेरिस ओलंपिक में कांसा जिताने में अहम भूमिका अदा की। 15 अगस्त, 1999 यानी भारत की आजादी के दिन सोनीपत में जन्मे अभिषेक ने यहां वेगनर स्टेडियम में खेले जाने एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप के दौरान अपना 27 वां जन्मदिन मनाया। अभिषेक ने भारत को यहां पूल डी के अहम मैच में जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

अभिषेक नैन ने कहा, ‘हमारे लिए अगले दो मैचों में जवाबी हमले और मैन टू मार्किंग और जवाबी हमले में यकीन रखने वाली नीदरलैंड और जोनल हॉकी खेलने वाली अर्जेंटीना के खिलाफ हमें सधा प्रदर्शन करने की जरूरत है। हमें नीदरलैंड पर जीत के लिए उसके काउंटर यानी जवाबी हमले बीच मे ही रोकने होंगे। अग्रिम पंक्ति को पीछे आकर अपनी रक्षापंक्ति की मदद करनी होगी। हमारी पूरी टीम को एकजुट होकर खेलते हुए गलतियों से बचना होगा और नीदरलैंड की गलतियों को भुनाना होगा। हमारे पास पेनल्टी कॉर्नर डिफेंस में अमित रोहिदास और सुमित के रूप में बेहतरीन डिफेंडर है। नीदरलैंड के खिलाफ हमे पेनल्टी कॉर्नर को भुनाने के साथ उसके पेनल्टी कॉर्नर पर भी किले की मजबूत चौकसी करनी होगी। सुमित लेफ्ट बैक के रूप में पीछे बहुत बढ़िया खेल रहे हैं और दाएं से टीम पर होने वाले हमलों पर उनकी टैकलिंग बेहतरीन है। नीदरलैंड के खिलाफ जीतने के लिए हमें मैदान पर सभी 11 खिलाड़ियों को एक टीम के रूप में बेहतरीन खेल दिखाना के साथ छोटी से छोटी गलती से बचना होगा। हमें नीदरलैंड और अर्जेंटीना के खिलाफ अपनी आक्रामक हॉकी पर यकीन करने के साथ आगे बढ़ कर बहुत नियोजित हमले बोलने की जरूरत है। हमारे पास हार्दिक, मनप्रीत, विवेक और नीलकांत शर्मा के रूप में अनुभवी मध्यपंक्ति की और फ्री मैन के रूप में खेलने वाले हमारे कप्तान हरमनप्रीत सिंह हैं और हम नीदरलैंड के खिलाफ खासे करीबी और रोचक मैच की उम्मीद कर रहे हैं। इन मैचों के लिए टीम कोच की रणनीति को मैदान पर अमली जामा पहनाने के लिए हम खेलेंगे।’

वह कहते हैं, ‘जहां तक टीम के दोनों गोलरक्षकों -सूरज करकेरा और मोहित एचएस की बात है तो दोनों नौजवान हैं और समय के साथ सीख कर बेहतर हो रहे हैं। हम इन दोनों का साथ देने और हौसला बढ़ाने की जरूरत है। बराबर भारतीय टीम के साथ खेलने से दोनों और बहतर होंगे।