सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : कप्तान ड्रैग फ्लिकर अनमोल एक्का के दो गोल की बदौलत मौजूदा चैंपियन भारत मोकी(चीन) में दक्षिण कोरिया को पूल ए में 7-3 से हरा कर दूसरी जीत के साथ एएचएफ पुरुष जूनियर एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में स्थान बनाने के करीब पहुंच गया। भारत के कप्तान अनमोल एक्का अब तक इस टूर्नामेंट में तीन मैच में आठ गोल कर चुके है। दोनों टीमों बीच मैच में शुरू के दो क्वॉर्टर में बराबरी का मुकाबला हुआ लेकिन भारत ने चौथे क्वॉर्टर में तीन गोल कर मैच दमदार से जीत लिया। भारत के तीन मैचों में दो जीत और जापान के खिलाफ इकलौते ड्रॉ से अब सात अंक हैं।
भारत और दक्षिण कोरिया के बीच शुरू के तीन क्वॉर्टर बेहद कांटे के रहे। कप्तान अनमोल एक्का ने पहले क्वॉर्टर के पांचवें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर बढ़िया ड्रैग फ्लिक से गोल कर भारत का खाता खोला। दोहयीन चोई ने अगले ही मिनट पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल कर दक्षिण कोरिया को एक एक की बराबरी दिला दी। लवनूर सिंह ने दूसरे क्वॉर्टर के तीसरे मिनट में मैदानी गोल कर भारत को 2-1 से आगे कर दिया। हयोगुक ने अगले ही मिनट पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर दक्षिण कोरिया को दो दो की बराबरी दिला दी। अजित यादव ने 20 वें मिनट में गोल कर भारत को 3-2से आगे कर दिया। हाफ टाइम तक स्कोर यही रहा।
दक्षिण कोरिया ने तीसरे क्वॉर्टर में बराबरी पाने के लिए दमदार आगाज किया और यू ने तीसरे क्वॉर्टर के छठे मिनट में गोल कर दक्षिण कोरिया को तीन तीन की बराबरी कर दी। प्रभदीपन सिंह ने तीसरा क्वॉर्टर खत्म होने से तीन मिनट पहले गोल कर भारत को 4-3 से आगे कर दिया और इससे चौथे और आखिरी क्वॉर्टर के लिए भारत ने लय पा ली। गुरसेवक सिंह ने चौथे क्वॉर्टर के दसवें मिनट में गोल कर भारत करे 5-3 से आगे कर दिया और कप्तान अनमोल एक्का ने अगले ही मिनट पेनल्टी कॉर्नर पर बढ़िया ड्रैग फ्लिक से मैच का अपना दूसरा गोल कर भारत को 6-3 से आगे कर दिया। आर्यन खेल से खेल खत्म होने से दो मिनट पहले गोल कर भारत को 7-3 से आगे कर शानदार ढंग से मैच जिता दिया। दक्षिण कोरिया के अब तीन मैचों से छह अंक ही रह गए और उसे अपना अंतिम पूल मैच जापान से खेलना है। वहीं जापान की टीम अगले मैच में इंडोनेशिया से भिड़ेगी और वह भी चार अंक के साथ अंतिम चार की दौड़ में है। भारत अपना अंतिम मैच बुधवार के कमजोर चीनी ताइपे से खेलेगा और इसमें जीत से वह सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा
भारत जू महिला हॉकी एशिया कप के सेमीफाइनल में
गीता यादव और पूर्णिमा यादव के दो दो तथा कृष्णा शर्मा ,सानिका चंद्रिका माणे एक एक मैदानी तथा सुप्रिया के पेनल्टी स्ट्रोक पर दागे एक गोल की बदौलत भारत ने जापान को इलीट पूल मैच में मंगलवार को मोकी में 7-0 से हरा लगातार तीसरी जीत के साथ जूनियर एशिया कप महिला हॉकी के सेमीफाइनल में स्थान पक्का कर लिया। भारतीय ने पहले मैच में दक्षिण कोरिया को 4-1 से तथा दूसरे मैच में मलयेशिया को 11-1 से हराया था। कृष्णा शर्मा ने पांचवें मिनट में मैदानीगोल कर भारत का खाता खोला। सुप्रिया ने चार मिनट बाद मिले पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदल कर भारत की बढ़त 2-0 कर दी। पूर्णिमा यादव ने 14 में गोल कर भारत को 3-0 से आगे कर दिया। दूसरे क्वॉर्टर में कोई गोल नहीं हुआ। गीता यादव ने 42 वें मिनट में मैदानी गोल कर भारत की बढ़त 4-0 और चार मिनट बाद अपना दूसरा गोल कर 5-0 से आगे कर दिया। पूर्णिमा यादव ने अगले ही मिनट में मैच का अपना दूसरा गोल कर भारत को 6-0 से आगे कर दिया। सानिका चंद्रकांत माणे ने 50 वें मिनट में गोल कर भारत को 7-0 से आगे कर दिया। यह मैच का आखिरी गोल साबित हुआ।
भारत तीन मैचों से नौ अंक ले इलीट पूल में शीर्ष पर है। भारत की जूनियर महिला हॉकी टीम अब 9 सितर को अपने अंतिम पूल मैच में खीन से भिढ़ेगी। चीन के दो मैचों से छह अंक है।





