एशियाई खेलों में फोकस एक समय एक मैच पर : हरमनप्रीत सिंह

Focus on one match at a time at the Asian Games: Harmanpreet Singh

  • निरंतर बढ़िया प्रदर्शन करना चाहते हैं, जरा भी ढील गवारा नहीं
  • भारतीय पुरुष हॉकी टीम एशियाई खेलों में स्वर्ण बरकरार रखने के संकल्प के साथ जापान रवाना

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : दुनिया के बेहतरीन ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह की अगुआई में मौजूदा चैंपियन भारतीय पुरुष हॉकी टीम एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप 2026 में आठवें स्थान की निराशा को भुला कर आईची नगोया(जापान) में एशियाई खेलों में अपना स्वर्ण पदक बरकरार रखने के संकल्प के साथ मंगलवार रात जापान रवाना हो गई। भारत की पूरी कोशिश2023 में हांगजू में एशियाई खेलों में जीता अपना स्वर्ण पदक बरकरार रख सीधे 2028 के लॉस एंजेल्स ओलंपिक के लिए क्वॉलिफाई करने की है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने विश्व कप में टुकड़ों टुकड़ों में ही अपनी चमक दिखाई और निरंतरता का उसके खेल में अभाव दिखा और इसी के चलते वह इंग्लैंड और बेल्जियम से करीबी मैच हारी। विश्व कप में अपने प्रदर्शन की गलतियों से सबक लेकर भारतीय पुरुष हॉकी टीम जापान में एशियाई खेलों में सधा प्रदर्शन कर खिताब बरकरार रखने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने बीते एक दशक में बढ़िया प्रदर्शन कर खुद को एशियाई हॉकी की बड़ी ताकत साबित किया है। भारत ने 2023 में हांगजू एशियाई खेलों तथा एशिया कप में स्वर्ण पदक जीता। भारत बेशक एक बार फिर एशियाई खेलों में अपना दबदबा बरकरार रखने को बेताब होगा और इसमें स्वर्ण पदक जीत फिर सीधे एक 2028 ओलंपिक के लिए क्वॉलिफाई करने में कसर नहीं छोड़ेगा। भारत के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कहा,‘ हम फिलहाल बहुत आगे की नहीं सोचना चाहते। एशियाई खेलों में हमारा फोकस एक समय केवल एक मैच पर होगा। कोई मैच आसान नहीं होगा क्योंकि आप निरंतर बढ़िया प्रदर्शन कर चाहते हैं और जरा सी भी ढील गवारा नहीं कर सकते। हमारा लक्ष्य हर मैच में बेहतर प्रदर्शन कर नॉकआउट चरण में सही समय पर अपनी रंगत पाना है।’ वहीं विश्व कप में टीम के आठवें स्थान पर रहने पर आलोचकों के निशाने पर रहे भारत के चीफ कोच क्रेग फुल्टन एशियाई खेलों में नतीजों से ज्यादा अपने खिलाड़ियों से ध्यान योजना को अमली जामा पहनाने पर लगाना चाहते हैं।

चार बार की चैंपियन भारत की पुरुष हॉकी टीम आईची -नगोया(जापान) में होने वाले एशियाई खेलों में पूल ए में जापान, दक्षिण कोरिया, बांग्लादेश, श्रीलंका और इंडोनेशिया के साथ है। मौजूदा चैंपियन भारतीय पुरुष हॉकी टीम एशियाई खेलों में अपने अभियान का आगाज 20 सितंबर को इंडोनेशिया के खिलाफ मैच से कर आखिरी पूल मैच 28 सितंबर को बांग्लादेश से खेलेगी। एशियाई खेलों में पुरुष वर्ग के दोनों सेमीफाइनल 1 अक्टूबर को और फाइनल 3 अक्टूबर को खेला जाएगा। भारतीय पुरुष हॉकी टीम अपना दबदबा बनाए रख कर लगातार दूसरी बार एशियाई खेलों का स्वर्ण पदक जीत कर सीधे 2028 के ओलंपिक के लिए क्वॉलिफाई कर स्वर्ण लौटना चाहेगी।

2026 एशियाई खेलों के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम
गोलरक्षक : सूरज करकेरा, मोहित एचएस।
रक्षापंक्ति : हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), अमित रोहिदास, संजय, सुमित, जुगराज सिंह, जर्मनप्रीत सिंह, यशदीप सिवाच।
मध्यपंक्ति : मनप्रीत सिंह, राज कुमार पाल, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद, नीलकांत शर्मा, राजिंदर सिंह।
अग्रिम पंक्ति : अभिषेक नैन, सुखजीत सिंह, शिलानंद लाकरा, दिलप्रीत सिंह, मनदीप सिंह।