हॉकी विश्व कप 2023 की तैयारियों के लिए टीम कदम ब कदम आगे बढ़ रही है: रोहिदास

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : भारत की बीते बरस टोक्यो ओलंपिक में कांसा जीतने वाली टीम के ‘रशर’, ड्रैग फ्लिकर और फुलबैक अमित रोहिदास खुद को एफआईएच ओडिशा पुरुष हॉकी विश्व कप 2023 भुवनेश्वर व राउरकेला के लिए टीम में स्थान बनाए रखने की होड़ में बने रहने के लिए फिलहाल भुवनेश्वर में जमकर पसीना बहा रहे हैं। ‘हॉकी पर चर्चा’ के दौरान रोहिदास ने भुवनेश्वर और राउरकेला में होने वाले एफआईएच ओडिशा पुरुष हॉकी विश्व कप 2023 की तैयारियों के लिए हमारी टीम कदम ब कदम आगे बढ़ रही है। हमारे अभ्यास सत्र पूरी शिद्दत के साथ चल रहे है। हम यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहे हैं सभी चीजे सही हों। अगले साथ हॉकी विश्व कप से पहले हम भुवनेश्वर में एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2022-23 के मैच खेलेंगे और और फिर हमारी टीम ऑस्ट्रेलिया में उसके खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलने जाएगी।’

उन्होंने कहा, ‘टोक्यो ओलंपिक में बीते बरस हमें मिले कांसे ने बहुत सी चीजें बदल दी। अब आलम यह है कि पहले पहले हॉकी को हाथ न लगाने वाले नौजवानों ने हाथों में हॉकी थाम ली है। मैं जब अपने ओडिशा में सुंदर गढ़ में अपने गांव सौउनमरा गया तो इस बार नौजवानों के हाथों हॉकी देच कर बहुत बढिय़ा लगा। हर स्कूल में हॉकी खेलने वाले नौजवानों की तादाद बढ़ी। अपने घर में अपने ही प्रशंसकों के सामने विश्व कप में खेलना एक अलग अहसास होगा कि क्योंकि मैदान में वे आपको बराबर हौसला बढ़ाते दिखेंगे। बीते बरसों में मैंने सीनियर खिलाडिय़ों से सीखा की दबाव को कैसे झेला जाता है। मैंने यह भी सीखा मेरी प्रतिक्रिया से टीम की योजना पर कोई नकारात्मक असर न पड़े। मैं अपने गुस्से और आक्रामक तेवरों पर काबू रखने की कोशिश करता हूं।’