अरविन्द केजरीवाल के नेतृत्व में ‘अब बदलेगा हरियाणा’ रैली 29 मई को

रविवार दिल्ली नेटवर्क

अम्बाला : आम आदमी पार्टी 29 मई को धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र से राष्ट्रीय संयोजक अरविन्द केजरीवाल के नेतृत्व में ‘अब बदलेगा हरियाणा’ रैली से प्रदेश में विकास और ईमानदारी की राजनीति का आगाज करेगी। प्रदेश में आज बेरोजगारों की फ़ौज नौकरी का इंतजार कर रही हैं, कानून व्यवस्था का जनाजा निकला पड़ा है, प्रदेश में रोजाना मर्डर और लूट की वारदात हो रही हैं। ये बात शुक्रवार को प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता ने कही। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में डेढ़ से दो हज़ार बैठक करके सभी 22 जिलों में निमंत्रण दिया जायेगा। इसमें दो लाख के करीब लोगों की व्यवस्था होगी। रैली की तैयारी जोरों से चल रही है। उन्होंने बताया कि रैली संयोजन कमेटी में उनके साथ सह-प्रभारी दिनेश प्रताप सिंह, सह-प्रभारी महेंदर चौधरी, निर्मल सिंह, अशोक तंवर, सुखबीर चहल, बीके कौशिक, अश्विनी दुल्हेड़ा और लक्ष्य गर्ग होंगे। सभी जिला, तहसील और गाँवों में जाकर रैली का निमंत्रण दिया जायेगा। तैयारी जोरों से चल रही है और रैली से प्रदेश में बदलाव की राजनीति की शुरुआत होगी। हम प्रदेश में ‘अब हरियाणा बदलेंगे रैली’ से नई विचारधारा का आगाज कर रहे हैं। इस मौके पर आप नेता चित्रा सरवरा, योगेश्वर शर्मा और अन्य वरिष्ठ नेता मोजूद रहे।