बापे के दो गोल से फ्रांस ने इराक को 3-0 से हरा अंतिम 32 में स्थान पाया

France defeated Iraq 3-0, with two goals from Bapé, to secure a spot in the Round of 32

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : दुनिया के बेहतरीन नौजवान स्ट्राइकर कप्तान कइलियान बापे ने फ्रांस के लिए अपने 100 वें मैच में फिलाडेल्फिया में इराक के खिलाफ दो गोल कर मंगलवार सुबहउसे ग्रुप आई में लगातार दूसरी जीत दिला विश्व कप फुटबॉल 2026 मे अंतिम 32 में पहुंचा दिया। बापे अब छह विश्व कप मैचों में दो या इससे ज्यादा गोल करने वाले करने वाले फुटबॉलर बन गए। बापे (4 गोल) इन दो गोल के साथ मौजूदा संस्करण में अर्जेंटीना के लियोनल मैसी (5 गोल) के बाद दूसरे सबसे ज्यादा गोल करने वाले फुटबॉलर हैं। 2018 और 2022 के विश्व कप चैंपियन फ्रांस के लिए मैच में तीसरा और आखिरी गोल उस्मान डैम्बले ने दागा। अंतिम 32 में स्थान बना चुकी फ्रांस और नॉवे की टीमें अब ग्रुप आई के अंतिम मैच में शीर्ष स्थान पाने के लिए भिड़ेंगी।

फ्रांस की इस मैच में इराक पर जीत पर कभी कोई शक ही नहीं था। बापे ने माइकल ओलिस के पास पर मैच के 14 वें मिनट में 20 गज की दूरी से दनदनाता शॉट जमा गोल कर फ्रांस का खाता खोला।बापे का विश्व कप फुटबॉल में 15 वां गोल झन्नाटेदार था तो मैच के 54 वें मिनट में मैच का अपना दूसरा और विश्व कप का 16वां गोल कर उन्होंने जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोज (16 गोल) की बराबरी कर ली । इराक के गोलरक्षक अहमद बासिल ने गोल किक लगाने में हड़बड़ी की और डैम्बले ने गेंद संभाली और कप्तान बापे ने इस पर गेंद संभाल मैच का अपना यह दूसरा गोल किया। ओलिस ने मैच के 66 वें मिनट मे बॉक्स के सामने गेंद डेम्बले की सरकाई और उन्होंने दनदनाता शॉट जमा विश्व कप का अपना पहला गोल फ्रांस की बढत 3-0 कर दी।

हमने दूसरे हाफ में दो गोल कर जीत तय की : डेसचैम्प
फ्रांस के कोच दिदियर डेसचैम्प ने कहा, ‘हमने यह देखते हुए कि पहले हाफ में जो कुछ हुआ वह आसान नहीं था,दूसरे हाफ में हमने मैच पर पूरी तरह नियंत्रण बनाया।

हमने दूसरे हाफ में दो गोल कर मैच में अपनी जीत पक्की की और हमने विश्व कप में अंतिम 32 के लिए क्वॉलिफाई कर दिया। मैं जानता हूं कि हमारा नॉर्वे के खिलाफ तीसरा और आखिरी मैच ग्रुप में हमारी अंतिम स्थिति करेगी।’

मैच दर मैच बेहतर करते हुए आगे बढ़ेंगे: लुकस
फ्रांस के डिफेंडर लुकस डाइजन ले कहा,‘ हमारे लिए यह जीत एक और कदम हैं। हमें मालूम है कि हम इस विश्व कप में क्या करने आए हैं। हम मैच दर मैच बेहतर करते हुए आगे बढ़ेंगे। हमने 3-0 से यह मैच जीता और यह शाम हमारे लिए एक शानदार शाम रही। टीम में हम सभी एक दूसरे को बढ़िया ढंग से जानते हैं।‘