यस्तिका भाटिया और प्रेमा रावत बाहर, श्रेयंका और कमलिनी टीम में लौटी
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : हरमनप्रीत कौर की अगुआई में रविवार को ऑस्ट्रेलिया से आखिरी ग्रुप 1 मैच में हार कर आईसीसी टी 20 क्रिकेट कप के सेमीफाइनल में नाकाम रहने के बावजूद उन्हीं के कप्तानी में आईची-नगोया में होने वाले एशियाई खेलों के लिए मौजूदा स्वर्ण पदक विजेता भारत की टी 20 महिला क्रिकेट टीम की कप्तान बरकरार रखा है। आइची-नगोया(जापान) में होने वाले एशियाई खेलों में मौजूदा चैंपियन भारत, उपविजेता श्रीलंका , पाकिस्तान,बांग्लादेश, मेजबान जापान, थाईलैंड,मलयेशिया और चीन की टीमें शिरकत स्वर्ण पदक की होड़ में होंगी।
हरमनप्रीत कौर का इंग्लैंड में टी20 विश्व कप में पांच मैचों में प्रदर्शन बहुत औसत रहा और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी ग्रुप में एक अर्द्धशतक को छोड़ कर रनों के लिए जूझती ही नजर आई और कुल 141 रन बना पाई। टी 20 विश्व कप में दो दो अर्द्धशतकों सहित उपकप्तान स्मृति मंधाना (कुल 205 रन) और उनकी सलामी जोड़ीदार शैफाली वर्मा(कुल 179 रन) और कुछ हद तक कप्तान हरमनप्रीत कौर को छोड़ कर पूरी भारतीय बल्लेबाजी नाकाम रही। टी 20 विश्व कप में पांच मैचों जेमिमा रॉड्रिग्ज (कुल 92), ऋचा घोष (कुल80) दीप्ति शर्मा (कुल 60) और भारती फूलमाली एक मैच खेली और अपना खाता ही नहीं खोल पाई। भारत के सबसे प्रभावशाली प्रदर्शन बाएं हाथ की स्पिनर श्रीचारिणी (14 विकेट), दीप्ति शर्मा (7 विकेट) और शैफाली वर्मा (5 विकेट) ने किया।
भारत ने टी 20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने में नाकाम ग्रुप चरण में बाहर होने वाली अपनी टीम में मात्र एक बड़ा बदलाव यस्तिका भाटिया को टीम से बाहर कर किया। श्रेयंका पाटील नीदरलैंड के खिलाफ मैच में चोट के टी 20 विश्व कप के अधबीच ही भारतीय टीम से बाहर हो गई थी और उनकी जगह मात्र एक मैच खेलने वाली टीम में शामिल की गई प्रेमा रावत को भी एशियाई खेलों के लिए टीम से बाहर कर दिया गया। श्रेयंका पाटील को एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। श्रेयंका पाटील पूरी तरह फिट होने पर भारतीय टीम के साथ एशियाई खेलों में शिरकत करने के लिए जापान जाएंगी।
यस्तिका भाटिया ने टी 20 विश्व कप में भारत के लिए मध्यक्रम में तीसरे से पांचवें नंबर पर कुल चार मैच खेले और तीन पारियों में मात्र 41 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के टी 20 विश्व कप में ग्रुप 1 के अंतिम मैच में भारत ने उन्हें एकादश में शामिल करने के बावजूद बल्लेबाजी के लिए नहीं उतारा था। यस्तिका भाटिया की जगह भारत ने एशियाई खेलों लिए 17 बरस की विकेटकीपर बैटर जी कमलिनी को एशियाई खेलों के लिए अपनी टी 20 क्रिकेट टीम में शामिल किया है।
आइची नगोया(जापान) में होने वाले एशियाई खेलों के लिए भारत की टी 20 महिला क्रिकेट टीम :: हरमनप्रीत कौर(कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शैफाली वर्मा, जेमिमा रॉड्रिग्ज, दीप्ति शर्मा,ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी कमलिनी (विकेटकीपर), भारती फूलमाली, श्रीचारिणी, रेणुका सिंह, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटील (फिट होने पर ही टीम के साथ जाएंगी।),
राधा यादव, नंदिनी शर्मा।
2026 के जापान में होने वाले एशियाई खेलों मे महिला क्रिकेट मुकाबले 17 से 27 सितंबर तक होंगे। भारत की महिला टीम फिलहाल एशियाई खेलों की मौजूदा चैंपियन है। भारतीय महिला टीम ने 2023 में हांगजू में एशियाई खेलों में महिला टी 20 क्रिकेट फाइनल में श्रीलंका को फाइनल मे 19 रन से हरा कर खिताब जीता था।





