भारत ने पुरुष अंडर 18 एशिया कप हॉकी सेमीफाइनल में पाक को दी 5-3 से शिकस्त

India beat Pakistan 5-3 in the men's Under-18 Asia Cup hockey semi-finals

  • भारत की जीत में आशीष पूर्ति के हैट्रिक सहित चार गोल
  • भारत के पास जापान से फाइनल में हिसाब चुकाने का मौका

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : ड्रैग फ्लिकर आशीष तानी पूर्ति के हैट्रिक सहित दागे चार और स्ट्राइकर शाहरुख अली के एक बेहतरीन मैदानी गोल की बदौलत भारत ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को काकामिगहारा (जापान) में पुरुष अंडर 18 एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल में शुक्रवार को 5-3 से हरा कर शान से फाइनल में प्रवेश कर लिया। पराजित पाकिस्तान के लिए
आदिल , मुहम्मद फरहान असलम और उजेर अहमद कुरेशी ने एक एक गोल किया। ड्रैग फ्लिकर आशीष तानी पूर्ति ने 12 वें मिनट पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदल कर खाता खोलने के बाद चौथे व आखिरी क्वॉर्टर के चौथे, आठवें और 11 वें मिनट में तीन पेनल्टी कॉर्नर को बेहतरीन ड्रैग फ्लिक से गोल में बदल कर भारत को जीत दिलाई। भारत के आशीष तानी पूर्ति अब मौजूदा संस्करण में सबसे ज्यादा दस गोल दागने वाले खिलाड़ी बन गए हैं । ड्रैग फ्लिकर आशीष ने नौ गोल पेनल्टी कॉर्नर पर ड्रैग फ्लिक से किए और एक गोल पेनल्टी स्ट्रोक पर किया।

भारत अब फाइनल में मेजबान जापान से शनिवार को भिड़ेगा। भारत के पास फाइनल में मेजबान जापान से पूल मैच में मिली 2-4 की हार का हिसाब चुकाने का मौका होगा। योगा इनूकुई के तीन, ताकूया दोबाशी के दो तथा गाकू नुमादा, माहिरो योशीओका व ततसूया मोरी के एक एक गोल की बदौलत मेजबान जापान ने मलयेशिया को पहले सेमीफाइनल में 8-1 से करारी शिकस्त दी।पराजित मलयेशिया की ओर से इकलौता गोल कप्तान धीरेश गुणशीलन ने चौथे और आखिरी क्वॉर्टर में दागा। पराजित मलयेशिया की ओर से इकलौता गोल धीरेश गुणशीलन ने चौथे और आखिरी क्वॉर्टर में दागा
आशीष तानी पूर्ति ने आक्रामक अंदाज में आगाज करने वाले भारत का 12 वें मिरट में मिले पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदल कर 1-0 से आगे कर दिया। आदिल ने दूसरा क्वॉर्टर खत्म होने से तीन मिनट पहले भारत की रक्षापंक्ति की क्षणिक भूल का लाभ उठा गोल कर पाकिस्तान को एक एक की बराबरी दिला दी। हाफ टाइम तक दोनों टीमे एक एक गोल से बराबर रही। स्ट्राइकर शाहरुख अली ने हॉकी की कलाकारी दिखाकर तीसरे क्वॉर्टर के पांचवें मिनट में गोल कर भारत को फिर बढ़त दिला स्कोर 2-1 कर दिया। दो मिनट बाद मुहम्मद फरहान असलम ने मैदानी गोल कर पाकिस्तान को दो दो की बराबरी दिला दी। उजेर अहमद कुरेशी ने तीसरा क्वॉर्टर खत्म होने से तीन मिनट पहले पेनल्टी कॉर्नर को सेमीफाइनल में पहली बार 3-2 से आगे कर दिया।
भारत ने चौथे और आखिरी क्वॉर्टर में पूरी ताकत जीत के लिए झोंक दी और खासतौर पर ड्रैग फ्लिकर आशीष तानी पूर्ति का पेनल्टी कॉर्नर पर ड्रैग फ्लिक से कौशल से सात मिनट के भीतर तीन गोल कर अपनी टीम को जीत दिलाकर ही दम लिया। आशीष तानी पूर्ति ने चौथे और आखिरी क्वॉर्टर के चौथे मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर अपना दूसरा गोल कर भारत को तीन तीन की बराबरी दिलाई। आशीष ने चार मिनट बाद पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी कर भारत को 4-3 से आगे कर दिया। आशीष ने खेल खत्म होने से चार मिनट पहले मैच का अपना चौथा और आखिरी गोल कर भारत को 5-3 से आगे कर उसकी जीत पक्की कर दी। भारत को खेल खत्म होने से पहले अपनी बढ़त को बढ़ाने का और मौका मिला लेकिन हड़बड़ी में राहुल यादव ने मौका गंवा दिया।