मैक्सिको लगातार तीसरी जीत के साथ शीर्ष पर रह कर अंतिम 32 में, चेकिया बाहर

Mexico advances to the Round of 32, finishing at the top with a third consecutive win; Czechia eliminated

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : मातियो चावेज, जूलियन कुइनोनिज और अल्विरो फिडाल्गो के दूसरे हाफ के एक- एक गोल की बदौलत सह मेजबान मैक्सिको ने चेकिया को मैक्सिको सिटी में बृहस्पतिवार सुबह 3-0 से हरा बाहर कर ग्रुप ए में लगातार तीसरी जीत के साथ फीफा विश्व कप फुटबॉल 2026 में कुल नौ अंकों के साथ शीर्ष पर रह कर अंतिम 32 में स्थान पा लिया। 1970 के बाद यह पहला मौका जब मैक्सिको ने विश्व कप में अपने तीनों ग्रुप मैच जीते हैं।

मातियो चावेज ने दूसरे हाफ के दसवें मिनट में अपनी रफ्तार से चेकिया की रक्षापंक्ति की दीवार को भेद बॉक्स के भीतर पहुंच बहुत इत्मिनान से गेंद को गोल में डाल कर मैक्सिको का खाता खोला। जूलियन कुइनोनिज ने छह मिनट बॉक्स में बेहद करीब से चतुराई से गेंद को गोल में डाल कर मैक्सिको की बढ़त 2-0 कर दी। अल्विरो फिडाल्गो ने खेल खत्म होने से पहले इंजुरी टाइम मेंगोल कर मैक्सिको को 3-0 से मैच जिता दिया।

हमारी टीम बहुत मेहनती है : मार्टिनेज
मैक्सिको के फॉरवर्ड गुइलेरमो मार्टिनेज ने अपनी टीम की चेकिया पर जीत पर कहा,‘हमारी जीत में सबसे अहम बात यह रही कि हमारी टीम बहुत शांत रही। हमारी टीम बहुत मेहनती टीम है। हमने अब तक इस विश्व कप में जो कुछ भी किया है उससे संतुष्ट नहीं हैं क्योंकि हमने खुद के लिए लक्ष्य तय किए है। हम कदम ब कदम, मैच दर मैच आगे बढ़ रहे हैं।अब हमारे लिए अगला मैच बहुत अहम है और इसमें बढ़िया प्रदर्शन के लिए हम बढ़िया तैयारी करेंगे।‘

मसेको के गोल से द.कोरिया को हरा द.अफ्रीका अंतिम 32 में
विंगर थपेलो मसेको के दूसरे हाफ के इकलौते गोल से दक्षिण अफ्रीका ने दक्षिण कोरिया को गुआडलूप, मैक्सिको में बृहस्पतिवार सुबह 1-0 से हरा कर एक जीत, एक ड्रॉ और एक हार के साथ चार अंकों के साथ ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर रहकर अंतिम 32 में स्थान बना लिया। दक्षिण कोरिया की टीम मैच में ज्यादा समय तक हावी रही और बेहतर खेली लेकिन मसेको ने मौके को भुना गोल कर दक्षिण अफ्रीका को मैच जिता कर ही दम लिया। तेसपांग मोरमी ने खेल के रुख के उलट बाएं छोर से गेंद संभाली और दक्षिण कोरिया के डिफेंडर को छका पेनल्टी बॉक्स में गेंद मसेको ककी ओर बढ़ाई और उन्होंने मैच के 63 वें मिनट में गोल कर दक्षिण अफ्रीका को 1-0 से आगे कर दिया। दक्षिण अफ्रीका से इसे आखिर तक बरकरार रख मैच जीत लिया। दक्षिण अफ्रीका अब अपना अगला मैच ग्रुप बी के उपविजेता कनाडा से 38 जून को लॉस एंजेल्स में खेलेगी।

जीत और गोल करना अविश्वसनीय और सपने जैसा: मसेको
दक्षिण अफ्रीका के लिए इकलौता गोल करने वाले स्ट्राइकर थपेलो मसेको ने कहा,‘ यह जीत और गोल करना अविश्वसनीय और सपने जैसा हे। सभी प्रशंसकों का आभार। यह गोल और जीत हमारे दक्षिण अफ्रीकी प्रशंसकों के लिए है। हम मुश्किल दौर से गुजरे। हमारी टीम ने दिखाया कि उसमें दम है और वह मजबूत है।‘