भारत ने सिंगापुर को दी 25-0 से बड़ी शिकस्त
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : तेज तर्रार स्ट्राइकर नौशीन नाज(आठवें, 13 वें, 17 वें, 18 वें, 40 वें, 52 वें व 58 वें मिनट) के दोहरी हैट्रिक सहित दागे सात, मैच की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रही गीताश्री नामी (13 वें, 28 वें 47 वें, 48 वें व 60 मिनट) के हैट्रिक सहित पांच और कप्तान स्वीटी कुजूर (दूसरे, 24 वें ,38 वें व 45 वें मिनट) के हैट्रिक सहित दागे चार तथा प्रियंका मिंज (22 वे, 37 वं , 53 वें मिनट) की हैट्रिक की बदौलत भारत ने असहाय सिंगापुर पर गोल की बारिश करते हुए बुधवार को काकामिगहारा (जापान) में 25-0 की बड़ी जीत के साथ पूल ए में तीन जीत के साथ शीर्ष पर रह अंडर 18 महिला हॉकी एशिया कप टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में स्थान लिया। भारत की महिला टीम ने मलयेशिया, दक्षिण कोरिया और सिंगापुर से अपने मैच जीते।
विजेता भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए दिया(27 वें मिनट), नैंसी सरोहा (36 वें मिनट), श्रुति कुमारी (40 वें मिनट), पुष्पा मांझी (47 वें मिनट), रश्मीन कौर (47 वें मिनट) और संदीपा कुमारी (51 वें मिनट) ने भी एक एक गोल किया। भारत की इस बड़ी जीत में और गोल की बारिश में चार खिलाड़ियों ने हैट्रिक जमाई और कुल दस खिलाड़ियों ने गोल किए। भारत की महिला हॉकी टीम ने चौथे व आखिरी क्वॉर्टर में दस गोल दागे।





