सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : अर्लिंग हालैंड के दूसरे हाफ के दो और होमग्रन पेडरसन के पहले हाफ में दागे एक गोल की बदौ़लत नॉवे ने सेनेगल को मंगलवार न्यूजर्सी में सुबह ग्रुप आई में 3-2 से हरा कर लगातार दूसरी जीत के साथ फीफा विश्व कप फुटबॉल 2026 के अंतिम 32 में स्थान बना लिया। नॉर्वे की फीफा विश्व कप में चार जीत चार अलग अलग कनफेडरेशन -1994 में मेक्सिको (कॉनकाफ) 1-0, 1998 में ब्राजील (कानमबोल), 2026 में इराक (एएफसी) पर 4-1 और मंगलवार सुबह अब सेनेगल (सीएएफ) के खिलाफ हासिल की।
नॉर्वे के लिए हालैंड मौजूदा विश्व कप के शुरू के दो मैचों में चार गोल कर चुके हैं। होमग्रन पेडरसन ने सेनेगल के कालीदियू कुलीबली की गलती का लाभ उठा कर हाफ टाइम से दो मिनट पहले गोल कर नॉर्वे का खाता खोला। हालैंड ने दूसरे हाफ के तीन मिनट बाद मार्टन ओडेगार्ड के सटीक पास पर गोल कर नॉर्वे की बढ़त 2-0 कर दी। सेनेगल के सार ने 53 वें मिनट में गोल कर स्कोर1-2कर दिया। हालैंड ने पांच मिनट बाद मैच का अपना दूसरा गोल कर नॉर्वे को 3-1 से आगे कर दिया। सेनेगल के सार ने खेल खत्म होने से ठीक पहले इंजुरी टाइम में मैच का अपना दूसरा गोल कर स्कोर 2-3 जरूर किया लेकिन मैच ड्रॉ नहीं करा पाए।
दो गोल दागना खास रहा: हालैंड
नॉर्वे को सेनेगल के खिलाफ दो गोल कर मैच जिताने वाले स्टाइकर अर्लिंग हालैंड ने कहा,‘ दो गोल दागना फिर खास रहा। मैं नॉर्वे के लिए खेलना शुरू करने के साथ इसका लुत्फ उठा रहा हूं। विश्व कप शानदार है।’
हार निराश करने वाली है : सार
सेनेगल के दो गोल करने वाले स्ट्राइकर इसमिला सार ने कहा,‘ हमारे लिए इस मैच में मिली हार निराश करने वाली है। अभी भी हमारा ग्रुप का तीसरा मैच बाकी है और इसमें जीत के लिए हम पूरी ताकत झोंक देंगे।’





