रामायण में जामवंत की भूमिका निभाने वाले राशेखर उपाध्याय बोले यह गर्व की बात

श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा में रामायण के पात्रों को किया जाय आमंत्रित : राजशेख उपाध्याय

 

राममंदिर ट्रस्ट से सभी कलाकारों को आमंत्रित करने का किया आग्रह

रविवार दिल्ली नेटवर्क

भदोही : अयोध्या में श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर लोगों में काफी उत्साह है। शहर से लेकर गांव तक हर घर पूजित अक्षत पहुंच रहा है। फिल्म, क्रिकेट और अभिनय की दुनिया से जुड़े खास लोग चाहते हैं कि उन्हें राममंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में आमंत्रित किया जाए। टीवी सीरियल रामायण में जामवंत के साथ अन्य भूमिका निभाने वाले अभिनेता राजशेखर उपाध्याय श्रीकांत भी रामलाल की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर काफी उत्साहित है।

राजशेखर उपाध्याय टीवी सीरियल और फिल्मों के चर्चित चेहरे हैं। उन्होंने रामानंद सागर प्रोडक्शन की रामायण टीवी सीरियल में जामवंत के साथ कई अन्य किरदार भी निभाए। राम मंदिर निर्माण और श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर वे बेहद खुश हैं। उन्होंने बातचीत में बताया कि रामलला हिंदुत्व के संस्कार और गौरव हैं। यह हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है। अयोध्या में लंबे संघर्ष के बाद प्रभु विराजमान होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रभु श्रीराम की भव्य और दिव्य प्रतिमा को स्थापित करेंगे। इस दौरान प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। 22 जनवरी को होने वाली प्राण प्रतिष्ठा के लिए योगी ने प्रदेश में अवकाश की घोषित किया है। इसे लेकर मैं बेहद प्रसन्न हूं। उन्होंने कहा अयोध्या से यह हिंदुत्व के नए युग का सूत्रपात हो रहा है।

रामायण में जामवंत की भूमिका निभाने वाले राजशेखर श्रीकांत उपाध्याय भदोही जनपद के सुरियावां के हरिहरपुर गांव के निवासी हैं। हाल ही में उनकी धर्मपत्नी का स्वर्गवास हो गया था। जिसकी वजह से वह गाँव आए हैं। बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा में अगर उन्हें मंदिर निर्माण ट्रस्ट की तरफ से आमंत्रण मिला तो वह जरूर जाएंगे। उन्होंने कहा यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि मैं ऐसे धार्मिक और महान कार्य में अपने को उपस्थित पाकर धन्य समझूंगा। उन्होंने रामलाल ट्रस्ट से निवेदन किया है की पूरी रामायण सीरियल की टीम को आमंत्रित किया जाए। उनके अनुसार अब बहुत कलाकार नहीं बचे हैं। जिसमें लक्ष्मण की भूमिका निभाने वाले सुनील लहरी आमंत्रण न मिलने पर अपनी भावना व्यक्त कर चुके हैं।

राजशेखर उपाध्याय ने बताया कि राम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल, सीता की भूमिका में दीपिका चिखलिया, लक्ष्मण की भूमिका निभाने वाले सुनील लहरी और मंदोदरी की भूमिका निभाने वाली अपराजिता भूषण को आमंत्रित करना चाहिए। उन्होंने बताया की अरुण गोविल को आमंत्रित किया गया है। उपाध्याय ने बताया कि टीवी सीरियल रामायण जरिए प्रभु श्रीराम का चरित्र घर-घर पहुंचा। रामायण ने बहुत अच्छी जानकारी लोगों के बीच पहुंचाई। रामानंद सागर बधाई के पात्र रहे। हम राममंदिर निर्माण ट्रस्ट, केंद्र एवं राज्य सरकार से निवेदन करते हैं कि रामायण में जिन कलाकारों ने अपनी भूमिका निभाई है उन्हें आमंत्रित किया जाए जिससे वह इस भव्य और दिव्य अवसर का लाभ उठा पाएं।

अस्सी के दशक का वह सुनहरा दौर था। जब दूरदर्शन पर रामायण का प्रसारण किया जा रहा था। रामायण को देखने के लिए लोगों में एक अजीब उत्साह था। उन्होंने बताया हम लोग जहां जाते थे वहां के लोग जब यह सुनते थे कि इन्होंने रामायण में भूमिका निभाई है तो उस अभिनेता को भगवान की तरह सम्मान देते थे। रामायण टीवी सीरियल ने हम जैसे कलाकारों को बहुत बड़ा नाम दिया है। रामानंद सागर ने रामायण को घर-घर पहुंचने का काम किया। लॉकडाउन में दुनिया में सबसे अधिक देखा जाने वाला टीवी सीरियल रामायण बना। फिलहाल अगर रामायण के कलाकारों को प्राण प्रतिष्ठा समारोह में आमंत्रित किया गया तो यह पूरे कलाकारों के लिए गर्व विषय होगा।