पेपर लीक और मूल्यांकन अनियमितताओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई अत्यंत आवश्यक

Strict action against paper leaks and evaluation irregularities is absolutely necessary

एडवोकेट किशन सनमुखदास भावनानीं

वैश्विक स्तरपर वर्तमान डिजिटल आधुनिक और प्रौद्योगिकी आधारित युग में शिक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रही है।कृत्रिम बुद्धिमत्ता,ऑनलाइन परीक्षा प्रणाली,डिजिटल मूल्यांकन क्लाउड डेटा स्टोरेज और इंटरनेट आधारित प्रशासनिक तंत्र ने शिक्षा क्षेत्र को अत्यधिक तेज,सुविधाजनक और वैश्विक बना दिया है। आज एक छात्र मोबाइल फोन से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकता है, ऑनलाइन परीक्षा दे सकता है, डिजिटल मार्कशीट प्राप्त कर सकता है और पुनर्मूल्यांकन तक की प्रक्रिया घर बैठे पूरी कर सकता है। लेकिन दूसरी ओर यही तकनीकी युग शिक्षा प्रणाली के सामने एक गंभीर संकट भी खड़ा कर रहा है।

परीक्षा पेपर लीक, मूल्यांकन अनियमितताएं, साइबर धोखाधड़ी, डेटा चोरी और परीक्षा माफियाओं का बढ़ता नेटवर्क अब शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता को चुनौती देने लगा है।सबसे बड़ी विडंबना यह है कि अनेक नियम, कानून, डिजिटल सुरक्षा प्रणाली और निगरानी तंत्र होने के बावजूद पेपर लीक की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। यह स्थिति केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि दुनिया के अनेक देशों में परीक्षा सुरक्षा और मूल्यांकन पारदर्शिता एक गंभीर चिंता का विषय बन चुकी है।ऐसे संवेदनशील माहौल में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी सीबीएसई द्वारा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों के बाद पुनर्मूल्यांकन और रीचेकिंग की विस्तृत प्रक्रिया घोषित करना अत्यंत महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। शनिवार, 16 मई 2026 को बोर्ड ने स्पष्ट किया कि उत्तर पुस्तिकाओं की जांच प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और छात्र हितैषी बनाने के लिए तीन चरणों वाली ऑनलाइन प्रणाली लागू की जाएगी।इसमें सत्यापन उत्तर पुस्तिका की फोटोकॉपी और पुनर्मूल्यांकन की सुविधाएं दी जाएंगी। यह कदम इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि पिछले कुछ वर्षों में छात्रों और अभिभावकों द्वारा मूल्यांकन त्रुटियों, गलत टोटलिंग, अनदेखे प्रश्नों और कम अंक दिए जाने को लेकर अनेक शिकायतें सामने आती रही हैं। डिजिटल युग में केवल परीक्षा लेना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि परीक्षा परिणामों की विश्वसनीयता और पारदर्शिता बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक हो गया है।

साथियों बात अगर हम सीबीएसई द्वारा घोषित प्रक्रिया के चरणों की करें तो पहला महत्वपूर्ण चरण उत्तर पुस्तिका की स्कैन की गई फोटोकॉपी उपलब्ध कराना है। जिन छात्रों को अपने मूल्यांकन पर संदेह है, वे 19 मई से 22 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन करके अपनी उत्तर पुस्तिका की कॉपी प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए प्रति विषय 700 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। यह व्यवस्था छात्रों को अपने उत्तरों को स्वयं देखने और मूल्यांकन प्रक्रिया को समझने का अवसर प्रदान करती है। पहले छात्रों को यह पता ही नहीं चल पाता था कि परीक्षक ने उत्तरों की जांच किस प्रकार की है, किन प्रश्नों में अंक कटे हैं और क्या कोई प्रश्न बिना जांचा रह गया है। लेकिन अब उत्तर पुस्तिका की डिजिटल कॉपी उपलब्ध होने से छात्र अपने प्रदर्शन का वस्तुनिष्ठ विश्लेषण कर सकेंगे। यह कदम शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा सुधार माना जा रहा है।

साथियों दूसरा चरण अंकों के सत्यापन का है। इस प्रक्रिया के अंतर्गत छात्र यह जांच करवा सकते हैं कि उत्तर पुस्तिका के कुल अंक सही तरीके से जोड़े गए हैं या नहीं तथा कहीं कोई प्रश्न बिना जांचे तो नहीं रह गया। इसके लिए आवेदन की तिथियां 26 मई से 29 मई 2026 निर्धारित की गई हैं और शुल्क 500 रुपये प्रति विषय रखा गया है।यह प्रक्रिया इसलिए अत्यंतआवश्यक है क्योंकि कई बार मानवीय त्रुटियों के कारण अंक जोड़ने में गलती हो जाती है। भारत जैसे विशाल परीक्षा तंत्र में जहां लाखों उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होता है, वहां छोटी-छोटी त्रुटियां भी छात्रों के भविष्य को प्रभावित कर सकती हैं। एक अंक कम या अधिक होने से कॉलेज प्रवेश, मेरिट सूची, छात्रवृत्ति और प्रतियोगी परीक्षाओं की पात्रता तक प्रभावित हो सकती है। इसलिए अंक सत्यापन की सुविधा छात्रों के अधिकार और न्यायपूर्ण मूल्यांकन का सटीक रूप से महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है।

साथियों तीसरा और सबसे महत्वपूर्ण चरण पुनर्मूल्यांकन यानी री-इवैल्यूएशन का है। यदि किसी छात्र को लगता है कि उसके उत्तरों का उचित मूल्यांकन नहीं हुआ है या अंक अपेक्षा से कम दिए गए हैं, तो वह प्रश्नवार पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर सकता है। इसके लिए भी आवेदन अवधि 26 मई से 29 मई 2026 तक रखी गई है और प्रति प्रश्न 100 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। यह व्यवस्था छात्रों को एक प्रकार का अकादमिक न्याय प्रदान करती है। कई बार परीक्षक की व्यक्तिगत व्याख्या, समय का दबाव या मानवीय चूक छात्रों के अंकों को प्रभावित कर सकती है। पुनर्मूल्यांकन प्रणाली ऐसे मामलों में सुधार का अवसर देती है। हालांकि सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि पुनर्मूल्यांकन के बाद अंक बढ़ भी सकते हैं, घट भी सकते हैं और यथावत भी रह सकते हैं। जांच के बाद जो अंक निर्धारित होंगे, वही अंतिम माने जाएंगे। यह नियम छात्रों को सावधानीपूर्वक निर्णय लेने के लिए सटीक रूप से प्रेरित करता है।

साथियों सीबीएसई द्वारा सभी प्रक्रियाओं को पूर्णतः ऑनलाइन करना भी डिजिटल शिक्षा प्रणाली की दिशा में एक बड़ा कदम है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल आधिकारिक वेबसाइट और परिणाम पोर्टल के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगेऑफलाइन आवेदन या स्कूलों के माध्यम से भेजे गए प्रपत्र अमान्य माने जाएंगे। इससे न केवल प्रक्रिया तेज और पारदर्शी बनेगी बल्कि भ्रष्टाचार और मध्यस्थता की संभावना भी कम होगी। डिजिटल प्रणाली छात्रों को घर बैठे आवेदन करने की सुविधा देती है और रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने में भी मदद करती है। हालांकि इसके साथ साइबर सुरक्षा और डेटा गोपनीयता की चुनौतियां भी जुड़ी हुई हैं। यदि शिक्षा प्रणाली को पूर्णतः डिजिटल बनाना है तो मजबूत साइबर सुरक्षा ढांचे की भी आवश्यकता होगी ताकि छात्रों की जानकारी और परीक्षा डेटा सुरक्षित रह सके।सीबीएसई ने यह भी घोषणा की है कि जो छात्र अपने प्रदर्शन में सुधार करना चाहते हैं या कंपार्टमेंट श्रेणी में हैं, उनके लिए सप्लीमेंट्री परीक्षा 15 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी। इसके लिए “लिस्ट ऑफ कैंडिडेट्स” भरने की प्रक्रिया 2 जून 2026 से शुरू होगी। यह व्यवस्था उन छात्रों के लिए राहत का माध्यम है जो किसी कारणवश अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए। आधुनिक शिक्षा व्यवस्था का उद्देश्य केवल असफल घोषित करना नहीं, बल्कि छात्रों को सुधार और पुनः अवसर प्रदान करना भी होना चाहिए। यही कारण है कि दुनिया की उन्नत शिक्षा प्रणालियां निरंतर मूल्यांकन, वैकल्पिक परीक्षा और सुधारात्मक अवसरों पर जोर दे रही हैं।

साथियों, हाल ही में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा यानी नीट यूजी पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो द्वारा की गई कार्रवाई ने पूरे देश को झकझोर दिया। सीबीआई ने कथित मुख्य सरगना को गिरफ्तार किया, जो महाराष्ट्र के लातूर का एक केमिस्ट्री प्रोफेसर बताया जा रहा है। जांच एजेंसी के अनुसार वह नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ा हुआ था और इसी कारण उसे प्रश्न पत्रों तक पहुंच प्राप्त थी। यह मामला केवल एक अपराध की कहानी नहीं है, बल्कि शिक्षा व्यवस्था के भीतर मौजूद विश्वास संकट का प्रतीक बन चुका है। जब परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े लोग ही गोपनीयता भंग करने लगें, तब आम छात्रों और अभिभावकों का भरोसा स्वाभाविक रूप से डगमगाने लगता है। भारतीय समाज में सदियों से शिक्षा को ईमानदारी, परिश्रम और नैतिकता का माध्यम माना गया है, लेकिन जब “घर का भेदी लंका ढाए” जैसी स्थिति सामने आती है तो पूरी व्यवस्था कटघरे में खड़ी दिखाई देती है। यही कारण है कि अब शिक्षा मंत्रालय परीक्षा एजेंसियों और राज्य सरकारों को केवल तकनीकी सुधार नहीं बल्कि कठोर रणनीतिक और नैतिक सुधारों की भी आवश्यकता महसूस हो रही है।

साथियों, दरअसल, पेपर लीक की घटनाएं केवल परीक्षा रद्द होने या छात्रों की परेशानी तक सीमित नहीं रहतीं। इनके दूरगामी सामाजिक, आर्थिक और मनोवैज्ञानिक प्रभाव होते हैं। लाखों छात्र वर्षों तक कठिन परिश्रम करते हैं, परिवार अपनी आर्थिक क्षमता से अधिक खर्च करते हैं, कोचिंग उद्योग अरबों रुपये का कारोबार करता है और पूरा भविष्य एक परीक्षा पर निर्भर हो जाता है। ऐसे में यदि पेपर लीक हो जाए तो ईमानदार छात्रों का मनोबल टूटता है, समाज में अविश्वास बढ़ता है और योग्यता आधारित व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लग जाता है। यही कारण है कि आज दुनिया के विकसित देशों में परीक्षा सुरक्षा को राष्ट्रीय सुरक्षा के समान महत्व दिया जा रहा है।अमेरिका ब्रिटेन, चीन, दक्षिण कोरिया और सिंगापुर जैसे देशों ने डिजिटल एन्क्रिप्शन, मल्टी लेयर ऑथेंटिकेशन, लाइव मॉनिटरिंग और बायोमेट्रिक सत्यापन जैसी तकनीकों का उपयोग शुरू किया है। भारत भी इसी दिशा में आगे बढ़ रहा है, लेकिन विशाल जनसंख्या और बहुस्तरीय प्रशासनिक ढांचे के कारण चुनौतियां कहीं अधिक जटिल हैं।

साथियों आज शिक्षा व्यवस्था केवल ज्ञान देने का माध्यम नहीं रह गई है, बल्कि यह राष्ट्रीय विकास, आर्थिक प्रगति और सामाजिक स्थिरता की आधारशिला बन चुकी है। यदि परीक्षा प्रणाली पर से विश्वास समाप्त हो जाए तो पूरी प्रतिभा आधारित व्यवस्था कमजोर पड़ सकती है। इसलिए पेपर लीक और मूल्यांकन अनियमितताओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है। केवल छोटे कर्मचारियों को पकड़ लेने से समस्या का समाधान नहीं होगा। इसके लिए संगठित परीक्षा माफियाओं, तकनीकी अपराधियों और भ्रष्ट नेटवर्क पर व्यापक कार्रवाई करनी होगी। साथ ही परीक्षा प्रक्रिया में शामिल प्रत्येक व्यक्ति की जवाबदेही सुनिश्चित करनी होगी। विशेषज्ञों का मानना है कि शिक्षा मंत्रालय को अब बहुस्तरीय सुरक्षा रणनीति अपनानी चाहिए। प्रश्न पत्र निर्माण से लेकर वितरण और मूल्यांकन तक हर चरण में डिजिटल ट्रैकिंग, एन्क्रिप्शन और निगरानी आवश्यक है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम, ब्लॉकचेन तकनीक और सुरक्षित क्लाउड सर्वर जैसे उपाय भविष्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन, फेस रिकग्निशन और लाइव निगरानी भी लागू की जा सकती है। लेकिन तकनीक के साथ-साथ नैतिक शिक्षा और प्रशासनिक ईमानदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। यदि व्यवस्था के भीतर मौजूद लोग ही भ्रष्ट हो जाएं तो सबसे उन्नत तकनीक भी विफल हो सकती है।इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और विश्वास सबसे महत्वपूर्ण तत्व हैं। सीबीएसई द्वारा पुनर्मूल्यांकन और रीचेकिंग की ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू करना निश्चित रूप से सकारात्मक पहल है, क्योंकि इससे छात्रों को अपनी उत्तर पुस्तिकाओं और अंकों की जांच का अधिकार मिलता है। यह छात्र केंद्रित और पारदर्शी शिक्षा व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। लेकिन दूसरी ओर पेपर लीक जैसी घटनाएं यह संकेत देती हैं कि अभी भी व्यवस्था में गहरे सुधारों की आवश्यकता है।भारत दुनिया की सबसे युवा आबादी वाले देशों में से एक है। करोड़ों युवाओं का भविष्य शिक्षा व्यवस्था पर निर्भर करता है। यदि परीक्षा प्रणाली निष्पक्ष, सुरक्षित और विश्वसनीय होगी तो देश की प्रतिभा को सही दिशा मिलेगी। लेकिन यदि पेपर लीक, अनियमितता और भ्रष्टाचार का सिलसिला जारी रहा तो यह केवल छात्रों के सपनों को ही नहीं बल्कि राष्ट्र की प्रगति को भी प्रभावित करेगा। इसलिए समय की मांग है कि शिक्षा प्रणाली को केवल तकनीकी रूप से नहीं बल्कि नैतिक और संस्थागत रूप से भी मजबूत बनाया जाए। शिक्षा मंत्रालय, परीक्षा एजेंसियों, स्कूलों, शिक्षकों, अभिभावकों और समाज सभी को मिलकर ऐसी व्यवस्था बनानी होगी जहां मेहनत और योग्यता ही सफलता का आधार बने।

अतः अगर हम उपरोक्त पूरे विवरण का अध्ययन कर इसका विश्लेषण करें तो हम पाएंगे क़ि, कहा जा सकता है कि वर्तमान डिजिटल युग शिक्षा के लिए अवसर और चुनौती दोनों लेकर आया है। एक ओर तकनीक पारदर्शिता, सुविधा और वैश्विक प्रतिस्पर्धा का मार्ग खोल रही है, वहीं दूसरी ओर साइबर अपराध पेपर लीक और मूल्यांकन अनियमितताओं जैसी समस्याएं नई चिंताएं पैदा कर रही हैं। सीबीएसई की नई पुनर्मूल्यांकन व्यवस्था इस दिशा में सकारात्मक प्रयास अवश्य है, लेकिन यह तभी सफल होगी जब पूरी परीक्षा प्रणाली में ईमानदारी, पारदर्शिता और कठोर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। शिक्षा केवल परीक्षा का माध्यम नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण की आत्मा है, और इस आत्मा की रक्षा करना आज पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बन चुका है।