श्रेयस का भारत के नए टी 20 कप्तान के रूप में आयरलैंड के खिलाफ सीरीज पहला इम्तिहान

The series against Ireland is Shreyas's first test as India's new T20 captain

भारत के सामने वैभव को एकादश में शामिल करने की पहेली को हल करने की चुनौती

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : सूर्य कुमार यादव की कप्तानी में इसी साल आईसीसी टी 20 क्रिकेट विश्व कप जीतने के बाद भारत अब नए कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुआई में शुक्रवार को मेजबान आयरलैंड के खिलाफ बेलफास्ट में दो मैचों की सीरीज का पहला टी 20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच बेलफास्ट में खेलेगा। बेशक मौजूदा टी 20 विश्व कप चैंपियन भारत हर लिहाज से मेजबान आयरलैंड से मजबूत है। भारत ने आयरलैंड से पिछले पांच टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों में 2024 के टी 20 विश्व कप सहित चार मैच जीते हैं जबकि एक अधूरा बेनतीजा रहा है। जसप्रीत बुमराह की अगुआई में भारत ने मेजबान आयरलैंड से 2023 में उसके घर में तीन टी 20 मैचों की सीरीज 2-0 से जीती थी। श्रेयस अय्यर का भारत के नए टी 20 कप्तान के रूप में श्रेयस अय्यर का आयरलैंड के खिलाफ सीरीज में पहला इम्तिहान होगा। अब जसप्रीत बुमराह बेशक टीम में नहीं है बावजूद इसके श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली भारतीय टी 20 को रोकना उसके कामयाब विकेटकीपर बल्लेबाज लॉर्कन टकर, हैरी टेक्टर, रॉस अडेयर और लेग स्पिन ऑलराउंडर गैरेथ डेलेनी से सज्जित आयरलैंड के लिए टेढी खीर होगा। भारतीय टीम के लिए बस थोड़ी दिक्कत यह है कि उसे आयरलैंड के नम मौसम के मुताबिक खुद को ढालने की ही हो सकती है।

आयरलैंड के खिलाफ दो टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज के शुरू होने से पहले इसके नतीजे से ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर हो रही है कि बल्लेबाजी की नई सनसनी 15 बरस के वैभव सूर्यवंशी के लिए भारत किस तरह अपनी एकादश में जगह बनाएगा। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी और तीसरे नंबर पर इशान किशन ने बल्ल से धमाल कर भारत को दूसरी बार आईसीसी टी 20 क्रिकेट विश्व कप जिताने में अहम भूमिका अदा की थी। भारत के नए टी 20 कप्तान श्रेयस अय्यर और टीम प्रबंधन के सामने सबसे बड़ा सवाल यह रहेगा कि वैभव सूर्यवंशी को एकादश में शामिल करने की पहेली को किस तरह सुलझाए?

संजू, अभिषेक और इशान किशन में किस एक को एकादश से बाहर बैठाए क्योंकि चौथे नंबर पर तो बेशक नए कप्तान श्रेयस अय्यर और पांचवें नंबर उपकप्तान तिलक वर्मा और उनके चार ऑलराउडर – शिवम दुबे व श्रेयांश शेडगे के साथ दो स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर अक्षर पटेल और वाशिंगटन हैं। भारत बेशक चाहता था कि ऑलराउंडर हार्दिक पांडया उसे इस टी 20 सीरीज के लिए उपलब्ध होते लेकिन चोट के चलते पूरी तरह फिट होने के कारण वह उपलब्ध नहीं हं। श्रेयस अय्यर के लिए भारत के नए टी 20 कप्तान के रूप में अपना सफर आयरलैंड के खिलाफ दो टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज जीत करके शुरू करने में कोई अगर मगर नहीं दिखाई देता है। श्रेयस का असल इम्तिहान दरअसल इसके बाद इंग्लैंड में उसके खिलाफ पांच टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज में होगा। वैभव सूर्यवंशी यदि आयरलैंड के खिलाफ शुक्रवार को बेलफास्ट में एकादश में खेलने का मौका पाते हैं तो वह महान सचिन तेंडुलकर को पीछे छोड़ कर भारत की सीनियर टीम के लिए खेलने वाले सबसे कम उम्र के क्रिकेटर बन जाएंगे।

वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ आईसीसी वन डे अंडर 19 विश्व कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 175 रन की पारी खेल खिताब जिताने के बाद श्रीलंका ए के खिलाफ त्रिकोणीय वन डे क्रिकेट सीरीज के फाइनल में 94 रन की तूफानी पारी खेल कर टीम को चैंपियन बनाने और इससे पहले 2026 आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए तूफानी शतक और अर्द्बशतक जड़ कर दिखाया कि वह भारत की सीनियर टीम के लिए अपना जलवा दिखाने को बेताब हैं।

श्रेयस केकेआर को 2024 में आईपीएल खिताब जिता कर 2025 में पंजाब किंग्स को खिताब जिता बतौर टी 20 कप्तान अपना जलवा दिखा चुके है। बस बड़ा सवाल यह है कि श्रेयस ने भारत के लिए अपना अंतिम टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच 2023 में खेला था। भारत की टी 20 टीम से श्रेयस के बाहर रहने का कारण उनकी बतौर बल्लेबाज क्षमता पर कोई सवाल नहीं था बल्कि मध्यक्रम में सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा की बतौर कप्तान मौजूदगी उनके लिए एकादश में जगह ही नहीं बन पा रही थी। भारत ने टी 20 सीरीज के लिए कार्यभार प्रबंधन के चलते तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज को आराम दिया। भारत के लिए इस टी 20 में उसके सबसे कामयाब और जांचे परखे तेज गेंदबाज बाएं हाथ के अर्शदीप सिंह की तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई करेंगे। उनके साथ यह बतौर तेज गेंदबाज भारत के कप्तान श्रेयस और चीफ कोच गौतम गंभीर के सामने यह सवाल होगा कि वे चोट के बाद वापस करने वाले हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा और प्रिंस यादव में किन दो तेज गेंदबाजों को टीम में चुने हालांकि तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर के रूप में चोट के चलते बाहर होने वाले तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर नीतिश रेड्डी की जगह भारत ए को श्रीलंका ए के खिलाफ श्रीलंका में त्रिकोणीय वन डे सीरीज में जिताने का इनाम पा टीम में जगह पाने वाले श्रेयांस शेडगे भी हैं। शेडगे ने आईपीएल में भारत के नव नियुक्त कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली पंजाब किंग्स के लिए भी निचले क्रम में बल्ले व गेंद से उपयोगी प्रदर्शन किया है। तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने भले ही भारत में अफगानिस्तान के खिलाफ वन डे अंतर्राष्टीय मैच में पहली बार पांच विकेट चटकाए थे लेकिन वह अचानक एकाग्रता खो अक्सर महंगे साबित होते रहे हैं और इसीलिए बहुत मुमकिन है अर्शदीप के साथ चोट से हाल ही उबरे हर्षित राणा और उन्हीं के नक्शेकदम पर चलने वाले प्रिंस यादव को उतारे।
शुक्रवार : भारत वि आयरलैंड, पहला टी 20 अंतर्राष्ट्रीय (बेलफास्ट), शाम छह बजे से।