सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : शुभमन गिल की अगुआई में भारतीय क्रिकेट टीम ने मेहमान अफगानिस्तान के खिलाफ न्यू चंडीगढ़ में शनिवार से शुरू हो रहे इकलौते टेस्ट मैच से पहले मैदान पर बहुत पसीना बहाया।
भारत के सहायक कोच रेन टेन दोइत्श ने कहा,‘ मुझे लगता है कि हम अफगानिस्तान के खिलाफ शनिवार से न्यू चंडीगढ़ में शुरू हो रहे इकलौते टेस्ट मैच में हम दो तेज गेंदबाजों, एक स्पिनर और दो स्पिन ऑलराउंडरों के साथ उतरेंगे क्योंकि हमने जो दो खिलाड़ी शामिल किए हैं वे थोड़ी बहुत बल्लेबाजी भी कर सकते हैं। हम बेशक आगे की तैयारी करना चहता हैं।
हमें आगे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकिल में नौ अहम टेस्ट मैच खेलने हैं और फाइनल में पहुंचने का यह हमारा आखिरी मौका है और फिलहाल यही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता भी है।ऐसे में मुझे लगता है कि हम अगर आगे टेस्ट मैचों और प्रतिद्वंद्वियों को ध्यान में रखें तो हम तब टीम बनाते इन सभी बातों को जेहन में रखेंगे। इससे तीन स्पिनरों का चयन करना ज्यादा बेहतर विकल्प है।’
‘विराट और रोहित की फिटनेस का वन डे सीरीज से पहले होगा आकलन’
2026 आईपीएल में विराट कोहली (आरसीबी)और रोहित शर्मा (मुंबई इंडियंस)की जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव के चलते इन दोनों के अफगानिस्तान के खिलाफ तीन वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज में भारत के लिए उपलब्ध होने पर संदेह जताया जा रहा है। टीम इंडिया के सहायक कोच दोइत्श ने कहा,‘ विराट कोहली और रोहित शर्मा की फिटनेस का अफगानिस्तान के खिलाफ तीन वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैचों की क्रिकेट सीरीज से पहले आकलन किया जाएगा। इन दोनों की फिटनेस पर मेडिकल टीम का फैसला आने के बाद आधिकारिक सूचना जारी की जाएगी। मैं चाहता हूं कि जब भी भारतीय क्रिकेटर अंतर्राष्ट्रीय मैच खेले तो पूरी तरह फिट हो । ‘
‘ऋषभ पंत खुद अच्छा आदर्श खिलाड़ी बनने को प्रतिबद्ब’
जहां तक टेस्ट कप्तानी से हटाए गए विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की बात है कि उनके हौसले बुलंद है और उन्होंने बृहस्पतिवार को नेटस पर शिद्दत से अभ्यास किया। ऋषभ पंत की बाबत दोइत्श ने कहा ,‘ मुझे नहीं लगता कि आपको टीम में लीडर के रूप में इसके लिए कोई औपचारिक तमगा चाहिए। मुझे लगता है कि अब नई व्यवस्था में ऋषभ पंत यह बात बखूबी समझते हैं कि वह खुद एक अच्छा आदर्श और सीनियर खिलाड़ी बनने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मैंने ऋषभ पंत को कप्तान शुभमन गिल के साथ रणनीतिक चर्चा करते देखा। बेहतर होगा। जहां तक तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की फिटनेस की बात है तो उन्होंने बुधवार को गेंदबाजी की और एकदम बढ़िया नजर आए। मैंने ऋषभ और शुभमन को इस बारे में बतियाते हुए सुना था – एक सीनियर खिलाड़ी के रूप में आपको कैसा व्यवहार करना चाहिए और अपनी खेल शैली के बारे मे आपको कैसे बात करनी चाहिए। विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत अपने खेल को बेहतर करने पर मेहनत करेंगे, खासकर अलग अगल स्थिति में मन के मुताबिक खेलने के मामले वह खुद कुछ संयम बरतना चाहेंगे। सच तो यह है कि ऋषभ पंत गजब के क्रिकेटर हैं। हम ऋषभ पंत की बिंदास खेलने की शैली से बहुत छेड़छाड़ नहीं करना चाहते। हम बस यह चाहेंगे कि वह अपने खेल में कभी कभी खुद हालात से तालमेल बैठा सकें तो उसी के मुताबिक खेले तो बेहतर होगा। ऋषभ को उपकप्तानी से हटाना उन्हें कोई दंडित करना नहीं था बल्कि यह ऐसा रणनीतिक फैसला था जिससे कि वह खुल कर बल्लेबाजी कर सके। टीम प्रबंधन का इकलौता मकसद यह है कि ऋषभ पंत पूरी तरह अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान देकर मैच विनर के रूप में अपनी असीम क्षमता की बानगी दिखाएं।





