सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : फुलबैक अनमोल एक्का मोकी (चीन) में 30 अगस्त से 13 सितंबर, 2026 तक होने वाले एएचएफ जूनियर पुरुष एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में भारतीय टीम के कप्तान होंगे।अनमोल एक्का की कप्तानी और कोच फ्रेडरिक सोयज के मार्गदर्शन में फिलहाल भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) में अभ्यास में जुटी है। एएचएफ जूनियर पुरुष हॉकी टूर्नामेंट की तैयारी के लिए भारतीय जूनियर टीम ने हाल ही में बेल्जियम का खासा कामयाब एक्सपोजर टूर किया था, जहां वह दुनिया की मजबूत अंतर्राष्ट्रीय हॉकी टीमों के खिलाफ खेली थी। बेल्जियम दौरे से भारतीय जूनियर हॉकी टीम के खिलाड़ियों को जरूरी अनुभव मिला ही उसे अपनी प्रगति को आंकने, संयोजन को बेहतर करने के साथ एएचएफ जूनियर पुरुष एशिया कव हॉकी टूर्नामेंट के लिए अपनी तैयारियां और मजबूत करने का मौका मिला।
एएचएफ जूनियर पुरुष एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के लिए चुनी गई भारतीय टीम :
गोलरक्षक : विवेक लाकरा, कुणाल तेवतिया।
रक्षापंक्ति : अनमोल एक्का (कप्तान),रोहित कुल्लू, चिराग, रविंद्र, आशु मौर्या, संजित तिर्की, सुखविंदर।
मध्य पंक्ति :एड्रोहित एक्का,हरपाल, जीतपाल, मनमीत सिंह राय।
अग्रिम पंक्ति : अजीत यादव, प्रभदीप सिंह, गुरसेवक सिंह, आर्यन खेस, लवनूर सिंह।
वैकल्पिक खिलाड़ी : अर्जुन संतोष हरगुड़े, ऋतिक लाकरा।
ध्यान अनुशासित होकर आक्रामक हॉकी खेलने पर : सोयज
भारत की जूनियर हॉकी टीम के कोच फ्रेडरिक सोयज ने कहा,‘ हम जूनियर पुरुष एशिया कप हॉकी टीम के लिए चुनी गई मजबूत शक्तिशाली टीम से खुश हैं। हमारी टीम के खिलाड़ियों ने बीते कुछ महीनों से बहुत मेहनत की है। हमारे खिलाड़ियों की बेहतर करने की प्रतिबद्बता और अनुशासन दिखाया। हमने खिलाड़ियों को जूनियर पुरुष हॉकी एशिया कप के लिए उनकी निरंतर बढ़िया प्रदर्शन, जज्बे और दबाव में बेहतर प्रदर्शन के आधार चुना है। जूनियर पुरुष हॉकी एशिया कप टूर्नामेंट बेहद प्रतिस्पर्द्धी टूर्नामेंट है और हम हर प्रतिद्वंद्वी का सम्मान करते हैं। हमारा ध्यान अपने स्ट्रक्चर पर काबिज रह अनुशासित होकर आक्रामक हॉकी खेलने पर रहेगा। यह टूर्नामेंट खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए बहुत अहम है। हमें पूरा भरोसा है कि हमारी इस जूनियर टीम में इस टूर्नामेंट में मजबूत प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाने की क्षमता है।





