कप्तान अनमोल एक्का के दो गोल व गोलरक्षक विवेक की मुस्तैदी से भारत जू पुरुष हॉकी एशिया कप के फाइनल में

India reaches the Junior Men's Hockey Asia Cup final, powered by two goals from captain Anmol Ekka and the alertness of goalkeeper Vivek

भारत ने सेमीफाइनल में पसीना बहा मलयेशिया को दी 3-1से शिकस्त

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : कप्तान और बेहतरीन ड्रैग फ्लिकर अनमोल एक्का के पेनल्टी कॉर्नर पर दागे दो सुखविंदर के एक बेहतरीन गोल और गोलरक्षक विवेक लाकरा की मुस्तैदी की बदौलत मौजूदा और पांच बार के चैंपियन भारत ने मलयेशिया को उम्मीद से ज्यादा कड़े संघर्ष के बाद मोकी (चीन) में शुक्रवार को 3-1 से हरा कर एएचएफ जूनियर पुरुष एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया । पराजित मलयेशिया के लिए इकलौता गोल खेल खत्म होने से मात्र 25 सेकंड पहले मिले आखिरी पेनल्टी कार्नर पर भारत के गोलरक्षक विवेक लाकरा के पैड से लगकर लौटती गेंद परएम राहुल ने गेंद को बाएं कब्जे में ले दनदनाता शॉट जमा कर दागा।

आखिरी मिनट में फुलबैक हरपाल के साथ मनमीत सिंह राय को 36 वें और प्रभदीप सिंह को 41 वें मिनट में पीला कार्ड दिखाकर पांच पांच मिनट के लिए मैदान से बाहर भेजा गया। भारत की जूनियर हॉकी टीम ने बेवजह जरूरत से ज्यादा एरियल पास की कोशिश में गेंद बराबरी खोई और इसका मलयेशिया ने पूरा लाभ उठा कर जवाबी हमले बोल कर भारत के गोल पर दबाव बनाया। भारत को मैच में मात्र पेनल्टी कॉर्नर मिले जबकि मलयेशिया को एक पेनल्टी स्ट्रोक और आठ पेनल्टी कॉर्नर मिले जिसमें वह केवल आखिरी का ही लाभ उठा पाया।

भारत की जूनियर टीम के कप्तान अनमोल एक्का मौजूदा संस्करण में अब तक कुल सबसेज्यादा 16 गोल कर चुके हैं। मौजूदा चैपियन भारत की जूनियर टीम लगातार चौथे और कुल छठे जूनियर पुरुष एशिया कप हॉकी खिताब से मात्र एक कदम दूर है। भारत फाइनल में रविवार को पाकिस्तान और दक्षिण कोरिया के बीच खेले जाने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से भिड़ेगा। भारत की जूनियर टीम ने आक्रामक अंदाज में आगाज किया और पहलेक्वॉर्टर में टीम के सबसे नौजवान स्टाइकर अजित यादव ने एरियल पास पर डी में पहुंच दो बार तेज शॉट जमा गोल करने की कोशिश की लेकिन मलयेशिया के गोलरक्षक अम्सयर मोहम्मद अदीब ने मुस्तैदी दिखा उनके दोनों ही शॉट को रोक कर भारत को बढ़त लेने से रोका। मलयेशिया के खिलाड़ी पहले क्वॉर्टर में गेंद को कब्जे में लेने के लिए तरसते रहे गए।

भारत की जूनियर हॉकी टीम की जीत में गोलरक्षक विवेक लाकरा ने चौथे और आखिरी क्वॉर्टर में मलयेशिया के मिले पेनल्टी स्ट्रोक पर उसके नबील यूसुफ के पुश को रोकने के साथ आखिरी क्षण में इकलौता गोल खाने को छोड़ लगभग आधा दर्जन बेहतरीन बचाव किए। भारत के स्ट्राइकर प्रभदीप सिंह, अजीत यादव ,सुखविंदर और गुरसेवक गेंद को लेकर मलयेशिया की डी में जरूर पहुंचे लेकिन निशाने चूकने के साथ मलयेशिया के गोलरक्षक अम्सयर आदिब मुहम्मद के शानदार बचावों के चलते पहले क्वॉर्टर में गोल नहीं कर पाया। अजित यादव को गलत ढंग से रोकने पर दूसरे क्वॉर्टर के पहले मिनट में मिले मैच के तीसरे पेनल्टी कॉर्नर कप्तान अनमोल एक्का ने टूर्नामेंट का अपना 15 वां गोल कर भारत की जूनियर टीम का खाता खोला।

कप्तान एडम जोहरी के तीसरे क्वॉर्टर के डी के भीतर तीसरे मिनट में तेज शॉट को भारत के गोलरक्षक विवेक लाकरा ने रोक मलयेशिया के एक एक की बराबरी पाने से रोका। तीसरा क्वॉर्टर पूरी तरह मलयेशिया का रहा और इसमें उसने दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए ही जिन्हें गोलरक्षक विवेक लाकरा और कप्तान अनमोल एक्का ने मुस्तैदी से रोक कर भारत के किले की चौकसी की। सुखविंदर ने कप्तान अनमोल एक्का के लंबे एरियल पास पर डी के भीतर गेंद को संभाल गोल में डाल कर भारत को 51 वें मिनट में 2-0 से आगे कर दिया। मलयेशिया को दो मिनट बाद मिले पेनल्टी स्ट्रोक पर नबील यूसुफ के पुश को भारत के गोलरक्षक विवेक लाकरा ने रोक दिया। अनमोल एक्का ने पांचवें पेनल्टी कॉर्नर पर 54 वें मिनट में मैच का अपना दूसरा गोल कर भारत की बढ़त 3-0कर दी। अनमोल का यह इस टूर्नामेंट मं 16 वां गोल था। आखिरी मिनट में मिले आठवें और अंतिम पेनल्टी कॉर्नर पर मलयेशिया के लिए एम राहुल ने मैच में इकलौता गोल किया।