भारतीय पुरुष हॉकी की श्रीलंका पर बड़ी जीत में जुगराज,अभिषेक व दिलप्रीत की हैट्रिक

Hat-tricks by Jugraj, Abhishek, and Dilpreet in Indian men's hockey team's big win over Sri Lanka

भारत का असल इम्तिहान द.कोरिया व जापान के खिलाफ

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : ड्रैग फ्लिकर जुगराज सिंह के चार और स्ट्राइकर अभिषेक नैन व दिलप्रीत सिंह की शानदार हैट्रिक की बदौलत मौजूदा चैंपियन भारत ने गोल वर्षा जारी रखते हुए श्रीलंका को कावासाकी जुको स्टेडियम काकामिगहारा (जापान) में एशियाई खेलों में पुरुष हॉकी में पूल ए मैच में मंगलवार को 16-1 से हरा कर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। श्रीलंका के खिलाफ भारत के लिए सबसे सुखद बात यह रही कि उसके लिए आठ अलग अलग खिलाड़ियों ने गोल किए। भारत ने अपना अभियान कमजोर इंडोनेशिया पर 13-1 से इकतरफा जीत से शुरू किया था। भारत ने अपने पूल में शुरू के दो मैच में 29 गोल किए हैं और मात्र दो गोल खाए हैं।

भारत की तरह मेजबान जापान और दक्षिण कोरिया ने अपने अपने शुरू के दोनों मैच जीते हैं और तीनों के ही समान रूप से छह छह अंक हैं। बावजूद इसके भारत अपने मजबूत गोलअंतर के चलते अपने पूल में शीर्ष पर है। भारत का असल इम्तिहान अब अपने पूल में अगले दो मैचों में 24 सितंबर को दक्षिण कोरिया औार 26 सितंबर को मेजबान जापान से होगा हालांकि उसे अपना अंतिम पूल मैच बांग्लादेश के खिलाफ 28 सितंबर को खेलना है। भारत को अपने पूल ए में शीर्ष पर रहने के लिए अपना विजय अभियान जारी रख कर खासतौर पर दक्षिण कोरिया और जापान से अगले दोनों मैच जीतने होंगे।

विजेता भारत के लिए ड्रैग फ्लिकर जुगराज सिंह (दसवें,21 वें, 43, 53 वें मिनट) ने पेनल्टी कॉर्नर और पेनल्टी स्ट्रोक पर दो दो गोल किए जबकि अभिषेक नैन (दसवें ,16 वें, 48 वें मिनट) व दिलप्रीत सिंह (21 वें , 38, 55 वें मिनट) ने मैदानी गोल कर अपनी अपनी हैट्रिक पूरी की। साथ ही भारत के लिए कप्तान ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह (15 वें व 44 वें मिनट) ने पेनल्टी कॉर्नर पर दो, मंदीप सिंह(पांचवें मिनट), सुखजीत सिंह (28वें मिनट), मनप्रीत सिंह (30 वें मिनट), विवेक सागर प्रसाद (34 वें मिनट) ने एक एक मैदानी गोल किया। पराजित श्रीलंका की ओर से इकलौता गोल चौथे और आखिरी क्वॉर्टर के पांचवें मिनट में सुरेश रत्नायक ने भारत की रक्षापंक्ति की क्षणिक भूल का लाभ उठाकर दागा।
मंदीप सिंह ने मैच के चौथे मिनट में जर्मनप्रीत सिंह के पास पर गोल कर भारत का मैच के पांचवें मिनट में गोल कर खाता खोला। जुगराज सिंह ने पांच मिनट बाद पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर और अभिषेक नैन ने अगले ही मिनट बढ़िया मृदानी गोल कर चार मिनट बाद कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर और अगले ही मिनट अभिषेक ने मैच का अपना दूसरा गोल कर भारत को 5-0 से आगे कर दिया। जुगराज सिंह ने 21 वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर अपना मैच का दूसरा कर भारत को 6-0 से फिर सुखजीत सिंह और मनप्रीत सिंह के मैदानी गोल तक भारत हाफ टाइम तक 8-0 आगे था।