भारतीय महिला हॉकी टीम जापान को हरा लगातार चौथी जीत के साथ एशियाई खेलों के सेमीफाइनल में

Indian women's hockey team enters Asian Games semi-finals with a fourth consecutive win after defeating Japan

भारत की जीत में ललरेमसियामी, इशिका व नवनीत ने दागा एक -एक गोल

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : अनुभवी स्ट्राइकर ललरेमसियामी, नवोदित इशिका और अनुभवी नवनीत कौर के शुरू के तीन क्वॉर्टर में दागे एक -एक गोल की बदौलत भारत ने मजबूत से अपनी किले की चौकसी पर यकीन करने वाली मेजबान जापान को थोड़ा पसीना बहाने के बाद 3-1 से हरा कर काकामिगहारा में शुक्रवार को लगातार चौथी जीत के साथ पूल बी में शीर्ष पर रह एशियाई खेलों में महिला हॉकी सेमीफाइनल में स्थान बना लिया। जापान के लिए इकलौता गोल शियो कोबोयाकावा ने चौथे और आखिरी क्वॉर्टर के शुरू में दागा। भारत को जापान के खिलाफ मैच में कुल चार पेनल्टी कॉर्नर मिले और इस पर दूसरे पर इशिका ने लौटती गेंद को संभाल कर गोल किया। जापान को दो पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन दोनों बेकार गए। भारतीय महिला हॉकी टीम शुक्रवार को जापान के खिलाफ अपने शुरू के तीन पूल मैचों की सी गोल की बारिश तो भले ही नहीं कर पाई लेकिन अपनी चौथी जीत के साथ यह भी निश्चित कर लिया कि उसका सेमीफाइनल में मुकाबला मौजूदा चैंपियन चीन से नहीं होगा। वहीं यिंग झांग, चेनचिंग लियू और यांगचेन के आखिरी दो क्वॉर्टर में एक एक गोल की बदौलत मौजूदा चैंपियन चीन की महिला टीम ने दक्षिण कोरिया को 3-0 से हरा कर पूल ए में लगातार चौथी जीत के साथ शीर्ष पर रह कर सेमीफाइनल में स्थान पाया। भारतीय महिला हॉकी टीम अपना आखिरी पूल मैच सिंगापुर के खिलाफ रविवार को खेलेगी जो कि महज औपचारिकता ही है।

भारतीय महिला हॉकी टीम का सेमीफाइनल में पूल ए में संभवत: दूसरे स्थान पर रहने वाली दक्षिण कोरिया से ही मुकाबला होने की उम्मीद है। भारतीय महिला हॉकी टीम ने पूल बी में अपने पहले मैच में उज्बेकिस्तान को 19-0, इंडोनेशिया को 17-1 और थाईलैंड को 20-1 से हराया था। भारतीय महिला हॉकी टीम अब तक चार पूल मैचों में रिकॉर्ड 42 गोल कर चुकी और उसने मात्र तीन गोल खाए हैं। भारत के लिए मौजूदा एशियाई खेलों में उसकी ऑलराउंडर दीपिका सहरावत ने जापान के खिलाफ मैच से पहले सबसे ज्यादा 20 गोल किए थे जबकि उनकी साथी स्ट्राइकर ऑलराउंडर नवनीत कौर नौ गोल कर गोल दागने में फिलहाल दूसरे नंबर पर है। जापान की रक्षापंक्ति में उसकी रशर ने पेनल्टी कॉर्नर उसकी ड्रैग फ्लिकर दीपिका सहरावत के कोण को सही भांपकर उन्हें पहले क्वॉर्टर में दो बार पर सही ड्रैग फ्लिक लगाने का ही मौका ही नहीं दिया। साथ ही भारत की स्ट्राइकर नवजोत कौर,ललरेमसियामी, साक्षी राणा और दीपिका सहरावत ने पहले दो क्वॉर्टर मे जब जब गेंद को लेकर जापान की डी में घुसने की कोशिश की तो ज्यादातर उसकी एक साथ तीन चार खिलाड़ियों ने ‘रक्षाकवच’ बनाकर उन्हें डी के भीतर ठीक से शॉट ही नहीं लेने दिए।

भारत की स्ट्राइकर नवनीत कौर और दीपिका सहरावत और ललरेमसियामी की त्रिमूर्ति ने मैच के शुरू में के बेहतरीन तालमेल से खेलते हुए कावासाकी जूको स्टेडियम, काकामिगहारा में मेजबान जापान के खिलाफ आक्रामक अंदाज में आगाज किया। आक्रामक मिडफील्डर नेहा पहले ही मिनट में गेंद को लेकर जापान की डी में पहुंची और रिवर्स हिट जमाई लेकिन उनका शॉट गोल के बहुत करीब से बाहर निकल गया। नवनीत कौर दाएं से गेंद को डी में पहंची लेकिन उनका शॉट गोलस्तंभ से टकरा बाहर निकल गया। नवनीत के मैच के पांचवें मिनट में तेज शॉट को जापान की गोलरक्षक यू कूडो ने पैड से रोकने की कोशिश लेकिन लौटती गेंद को वहीं डी में मंडराती ललरेमसियामी ने संभाल गोल में डाल कर भारत का खाता खोला। भारत को दो मिनट बाद पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन इस पर जापान की गोलरक्षक यू कूडो ने इस पर नवनीत कौर के तेज शॉट को रोक कर बेकार किया। जापान ने जवाबी हमला बोल कर पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया लेकिन इस पर माहो उइनो ने ड्रैग फ्लिक पर गेंद गोल के उपर से बाहर मार दी। भारत ने दबाव बनाए रखा और 13 वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया लेकिन इस पर नवनीत कौर के शॉट को जापान की गोलरक्षक कूडो ने रोक बेकार कर दिया। भारत पहले क्वॉर्टर की समाप्ति पर 1-0 से आगे था।

भारत ने दूसरे क्वॉर्टर में भी गेंद को अपने कब्जे में रखने के साथ अपने किले की मजबूती से चौकसी कर जापान को गोल कर बराबरी पाने का मौका नहीं दिया। भारत को दूसरा क्वॉर्टर खत्म होने से ठीक पहले मैच का चौथा पेनल्टी कॉर्नर मिला और इस पर नवनीत कौर के तेज शॉट को जापान की गोलरक्षक ने रोका लेकिन वहीं खड़ी इशिका ने लौटती गेंद को गोलरक्षक कूडो के बाएं से गोल में डाल कर भारतीय महिला हॉकी टीम को हाफ टाइम से ठीक पहले 2-0से आगे कर दिया। स्ट्राइकर नवनीत कौर, साक्षी राणा, ललरेमिसयामी और दीपिका सहरावत की भारतीय चौकड़ी ने तीसरे क्वॉर्टर में बदली रणनीति बदली और जापान की डी में पहुंच कर अपनी हॉकी की कलाकारी पर ज्यादा भरोसा किया। नवनीत कौर ने तीसरे क्वॉर्टर के पहले ही मिनट में डी में पहुंच हॉकी की कलाकारी दिखा कर बेहतरीन मैदानी गोल कर भारत को 3-0से आगे कर दिया।

जापान की शियो कोबोयाकावा ने चौथे क्वॉर्टर के दूसरे मिनट में साई तनाका के पास पर गेंद संभाल भारत की गोलरक्षक सविता को छका गोल कर स्कोर 1-3 कर दिया।भारत ने चौथे क्वॉर्टर में अपने हमले जारी रखे और मैच के 50 वें मिनट में नवनीत कौर ने पेनल्टी कॉर्नर पर तेज शॉट जमाया लेकिन जापान की गोलरक्षक कूडो ने इसे रोक कर बृकार किया जबकि बलजीत कौर और ललरेमसियामी दो मिनट बाद आपस में गेंद का लेते देते जापान की डी में पहुंची, लेकिन ललरेमसियामी का शॉट गोलतस्तंभ के दाएं टकरा कर बाहर निकल गया। भारत की फुलबैक सुशीला चानू की डी के भीतर गलती का लाभ उठा कर जापान ने पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया लेकिन इस पर गोलरक्षक सविता ने मुस्तैदी दिखा रोक लिया।