मयंक के हरफनमौला खेल से वेस्ट दिल्ली लॉयंस ने साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज को दी करारी शिकस्त

West Delhi Lions handed a crushing defeat to South Delhi Superstars, thanks to Mayank's all-round performance

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : मयंक गुसांई (3/13 व अविजित 19 रन) के हरफनमौला खेल और कप्तान आयुष दुसेजा की 44 रन की पारी की बदौलत वेस्ट दिल्ली लॉयंस ने साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज को दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) टी 20 क्रिकेट लीग मैच में मंगलवार देर रात पांच विकेट से हरा कर तीन मैचों में दूसरी जीत दर्ज की।

सलामी बल्लेबाज सनत सांगवान (26 रन, 15 गेंद,एक छक्का, चार चौके), प्रांशु विजरन (26 रन, 23 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) और विसन पांचाल (24 रन, 12 गेंद, दो छक्के व दो चौके) की उपयोगी पारियों के बावजूद एक समय पांच विकेट 12 ओवर में 98 रन पर गंवाने वाली बराबर लड़खड़ाती साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज पहले बल्लेबाजी की दावत पाकर 19.5 ओवर मे 160 रन पर सिमट गई। वेस्ट दिल्ली लॉयंस की ओर से तेज गेंदबाज मयंक गुंसाई(3/13), कुलवंत खेजरोलिया(2/31), ऑफ स्पिनर शुभम दुबे (2/32), मनन भारद्वाज (2/34) और नीतिश राणा ने एक इकाई के रूप में बेहतरीन गेंदबाजी की।

कृष यादव(41 रन, 36 गेंद, एक छक्का, तीन चौके)की नीतिश राणा (32 रन,25 गेंद, एक छक्का, पांच चौके) के साथ चौथे विकेट की 58 और कप्तान आयुष दुसेजा(44 रन,27 गेंद, एक छक्का, सात चौके) व मयंक गुसांई (अविजित 19 रन,10 गेंद, एक छक्का, दो चौके) की पांचवीं विकेट की 38 रन की भागीदारी की बदौलत वेस्ट दिल्ली लॉयंस ने 18.1 ओवर में पांच विकेट पर 164 रन बना कर मैच जीत लिया।

हमने योजना को अमली जामा पहनाया : दुसेजा
अपनी वेस्ट दिल्ली लॉयंस की जीत पर कप्तान आयुष दुसेजा ने कहा, ‘हमने पूरे मैच में सकारात्मक सोच रही और अपनी योजना को अमला जामा पहनाया। हमारे लिए यह बहुत अहम जीत है। पिछले मैच मे हार के बाद हम वापसी करना चाहते थे । बतौर कप्तान मैं अपनी टीम के खेल से बहुत खुश हूं। मयंक गुसांई ने गजब की गेंदबाजी की और खासे सक्षम हरफनमौला खिलाड़ी हैं। मयंक का टी 20 मैच में चार ओवर में मात्र 13 रन देकर चार ओवर में तीन विकेट चटकाना हमारी इस जीत में निर्णायक साबित हुआ। मयंक ने अपनी गेंदबाजी से मैच की तस्वीर ही बदल दी और वाकई मैन ऑफ द’ मैच के हकदार थे। हमारे लिए दबाव में स्थितियों का आकलन कर धैर्य बनाए रखना अहम था।

किस्मत हम पर मेहरबान थी : मोनू शुक्ला
मोनू शुक्ला की 17 गेंदों पर 45 रन की तूफानी पारी से मैच को टाई कराने के बाद सुपर ओवर में तेज पारी खेल कर आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने बारिश से प्रभावित मैच में नई दिल्ली टाइगर्स पर रोमांचक जीत दर्ज की।

मोनू ने अपनी टीम आउटर दिल्ली वॉरियर्स की इस रोमांचक जीत पर कहा,‘हमारी टीम के लिए इस सीजन की पहली जीत दर्ज करना एक बेहतरीन अहसास है। हम पिछले मैच में जीत के बेहद करीब पहुंच कर चूक गए थे और इससे हमारी टीम वाकई निराश थी। मंगलवार रात की जीत से हमें बहुत आत्मविश्वास मिला है और टीम में हर कोई इस जीत से खुश हे।

मैं दबाव में अपनी बल्लेबाजी से खुश हूं। हमारी योजना सकारात्मक अंदाज में बल्लेबाजी की थी। हमने महसूस किया कि हम मैच को इसके सुपर ओवर में पहुंचने से पहले ही मैच जीत सकते थे। जब मैच एक बार सुपर ओवर में पहुंच गया तो हमारी योजना इसमें सकारात्मक सोच के साथ उतरने की थी। हमने अपनी सोच सकारात्मक रखी और और सुपर ओवर जीतने के साथ मैच जीत लिया, किस्मत हम मेहरबान थी ।