- भारत को इंग्लैंड के खिलाफ आत्ममंथन की जरूरत
- भारत को इंग्लैंड के सैम वार्ड और रोपर की मजबूत चौकसी करनी होगी
सत्येन्द्र पाल सिंह
एम्सतलवीन (नीदरलैंड) : चीफ कोच क्रेग फुल्टन और कप्तान हरमनप्रीत सिंह भारत के कमजोर वेल्स के खिलाफ एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप में डी पूल मैच में 3-1 से जीत पर खुशी जताई है। भारत के लिए बेशक सबसे अच्छी बात यह रही कि उसके कप्तान व दुनिया के बेहतरीन ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत ने दो और संजय ने पेनल्टी कॉर्नर पर एक गोल कर उसे वेल्स के खिलाफ यह जीत दिलाई। अनुभवी सैम वार्ड और स्टुअर्ट रशमोर के मैदानी गोल और सैमुअल हूपर और जेम्स अल्बरी के पेनल्टी कॉर्नर दागे एक एक गोल से इंग्लैंड ने भी अपना अभियान पाकिस्तान को 4-1 से हरा कर किया। हरमनप्रीत सिंह की अगुआई में भारत का अपने पूल में डी सबसे कड़ा इम्तिहान मजबूत टीम इंग्लैंड के खिलाफ सोमवार को होगा। भारत को भारत पूल डी में पहले चरण में शीर्ष दो रह कर दूसरे दौर में पहुंचने के लिए इंग्लैंड के खिलाफ मैच जीतना अथवा कम से कम से ड्रॉ कराना जरूरी होगा। भारत और इंग्लैंड यदि अपने अपने बाकी दोनों मैच जीतते हैं तब पूल में शीर्ष पर रहने वाली टीम का फैसला गोल अंतर से होगा। दोनों टीमों का 2023 में पिछले विश्व कप में भुवेश्वर में मैच गोलरहित बराबर रहा लेकिन इंग्लैंड ने अपने बेहतर गोल अंतर के चलते समान रूप से तीन तीन मैचों से सात सात अंक के चलते शीर्ष पर रह कर सीधे क्वॉर्टर फाइनल में स्थान बनाया था। भारत और इंग्लैंड ने एफआईएच प्रो लीग के आखिरी चरण में अपने अपने दो मैचों में निर्धारित समय में बराबरी रही और दोनों ने ही शूटआउट में एक एक मैच जीता था। भारत और इंग्लैंड के बीच यहां सोमवार को बेहद कडे़ और रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है।
इंग्लैंड की टीम वेल्स की तरह पहले अपने किले की चौकसी करने के बाद फिर अपने किले की मजबूत चौकसी जवाबी हमले बोल गोल करने में यकीन करती है। भारत की टीम बेशक वेल्स के खिलाफ हावी रही। आक्रामक अनुभवी सेंटर हाफ को विवेक सागर प्रसाद और चोट के चलते ड्रैग फ्लिकर जुगराज सिंह को 18 खिलाड़ियों से बाहर रखने पर वेल्स के खिलाफ मध्यपंक्ति में मनप्रीत सिंह को छोड हार्दिक सिंह, राजिंदर सिंह , नीलकांत शर्मा जिस तरह गेंद को कब्जे में लेने के साथ जवाबी हमले बनाने में नाकाम रहे उससे इंग्लैंड के खिलाफ भारत को आत्ममंथन की जरूरत है। रक्षापंक्ति में सुमित और यशदीप बजाय जवाबी हमले बोलने के अपने किले की चौकसी करते ही ज्यादा दिखे। दरअसल सुमित और यशदीप की रक्षात्मक भूमिका का भी इंग्लैंड के खिलाफ कसौटी पर होगी। इंग्लैंड के अनुभवी खतरनाक स्ट्राइकर सैम वार्ड, फिल रोपर,निकोलस बंडुराक की भारत मनप्रीत सिंह, यशदीप सिवाच, सुमित और फुलबैक अमित रोहिदास को मजबूत चौकसी करनी होगी। भारत को इंग्लैंड के जवाबी हमलों से चौकस रह कर कोशिश करनी होगी कि उसे कम से कम पेनल्टी कॉर्नर मिले क्योंकि वार्ड मैदानी गोल करने के साथ, जेम्स अलबरी अैर सैमुअल हूपर के साथ पेनल्टी कॉर्नर पर खासे खतरनाक हो सकते हैं। वेल्स के खिलाफ पहले मैच में जिस तरह मध्यपंक्ति का अग्रिम पंक्ति और रक्षापंक्ति के साथ तालेमल का अभाव दिखा उससे बचने की जरूरत है।
भारत के स्ट्राइकर अभिषेक नैन, शिलानंद लाकरा और दिलप्रीत सिंह को डी के भीतर पहुंच कर ज्यादा सूझबूझ दिखाने की जरूरत होगी। मनदीप सिंह और सुखजीत सिंह वेल्स के खिलाफ गेंद को कब्जे में लेने के लिए जूझते दिखे। दरअसल मनदीप सिंह थोड़ा पीछे हट कर लिंकमैन के रूप में खेल रहे हैं।मनदीप को मध्यपंक्ति में हार्दिक सिंह और नीलकांत शर्मा को धैर्य के और चतुराई के साथ आगे अग्रिम पंक्ति में अभिषेक, शिलानंद, दिलप्रीत और सुखजीत सिंह के लिए आगे गोल करने के लिए गेंद बढ़ानी होगी। बेशक अभिषेक डी के भीतर रिवर्स हिट से गोल करने में सक्षम हैं और करते भी हैं लेकिन बजाय इसके जरूरत से इस्तेमाल के फेर में डी में कई बार चूक भी जाते हैं। अभिषेक, दिलप्रीत और सुखजीत को बेहतर तालमेल से गोल करने की कोशिश करनी होगी। भारत के नौजवान गोलरक्षक मोहित एचएस ने जिस तरह वेल्स के खिलाफ आखिरी क्षणों में गोल खाया उससे भी बेशक बचने की जरूरत होगी।’
हम अपनी ताकत पर भरोसा कर खेलने उतरेंगे : फुल्टन
भारत के चीफ कोच क्रेग फुल्टन कहते हैं, ‘विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में पहले मैच में पहली कोशिश जीत के साथ आगाज करने की होती है। हम वेल्स पर जीत के साथ पहले मैच से पूरे अंक हासिल करने में सफल रहे। हमने बराबर वेल्स पर दबाव बनाया। हमारे स्ट्राइकर वेल्स की डी में पहुंचे और टीम को पेनल्टी कॉर्नर बनाने में सफल रहे। हमारी टीम एक समय केवल एक मैच पर ही फोकस करती है। हमारा अगला मैच इंग्लैंड के खिलाफ है। मैं बहुत आगे की नहीं सोचता। फिनिशिंग जितनी बेहतर हो उतना अच्छा है।हमारे फॉरवर्ड बढ़िया ढंग से हमले बोल रहे है। इंग्लैंड के खिलाफ बहुत ज्यादा न सोच कर हम अपनी ताकत पर भरोसा खेलने उतरेंगे।
इंग्लैंड के खिलाफ कोशिश बेहतर फिनिशिंग व मैदानी गोल करने की : हरमनप्रीत
वहीं भारत के कप्तान हरमनप्रीत ने कहा, ‘विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में जीत के साथ आगाज करने की खुशी है। हमारे फॉरवर्ड बहुत बढ़िया खेले उन्होंने भले ही मैदानी गोल नहीं किए लेकिन हमारे लिए बराबर पेनल्टी कॉर्नर दिलाए। हम अब इंग्लैंड के खिलाफ अगले मैच में अपनी फिनिशिंग और बेहतर करने के साथ इस मैच की गलतियों से सबक ले और मैदानी गोल भी करने की कोशिश करेंगे। टीम में हर किसी को विश्व कप की अहमियत मालूम है। हमारी सोच जीत की है और हमें अपनी क्षमता पर भरोसा है।‘
सोमवार का मैच: भारत वि इंग्लैंड(शाम साढ़े छह बजे से, भारतीय समयानुसार)।




