सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : जम्मू- कश्मीर के 29 बरस के तेज गेंदबाज आकिब नबी को घुटने की चोट के चलते बाहर अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के बाहर होने पर आगामी श्रीलंका में उसके खिलाफ 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैच खेलने जाने वाली भारतीय क्रिकेट टीम में शामिल किया गया है। भारतीय क्रिकेट टीम श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट की सीरीज का पहला टेस्ट गाल में 15 अगस्त से खेलने से पहले सात अगस्त से तीन दिन का वार्म अप मैच खेलेगी।
आकिब नबी को भारतीय टेस्ट टीम के लिए पहली बार बुलावा आया है। नबी को यदि श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में खेलने का मौका मिलता है तो वह जम्मू- कश्मीर के टेस्ट मैच खेलने वाले भारत के लिए पहले क्रिकेटर बन सकते हैं। नबी ने जम्मू कश्मीर को पहली बार रणजी ट्रॉफी खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। साथ ही नबी ने श्रीलंका का हाल ही दौरा किया था और वहां उन्होंने भारत ए के लिए श्रीलंका ए के खिलाफ दो मैचों में छह विकेट चटकाए थे। इसमें नबी ने एक पारी में चार विकेट भी चटकाए थे। बेशक आकिब नबी को भारत की टेस्ट टीम के लिए बुलावा आया लेकिन उनके लिए टेस्ट में भारत की एकादश में स्थान पाना वाकई बड़ी चुनौती साबित होगा। अनुभवी मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा के साथ गुरनूर बराड़ की पहले से ही भारतीय टेस्ट टीम में मौजूदगी में आकिब नबी के लिए टीम इंडिया की टेस्ट एकादश में स्थान पाना फिलहाल मुश्किल नजर आ रहा है
दरअसल हर्षित राणा और नीतिश कुमार रेड्डी जैसे तेज गेंदबाजों और ऑफ स्पिन ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर के चोट से उबरने में जुटे होने से बाहर होने के बाद बुमराह का भी बाहर हो जाना खासतौर पर टेस्ट सीरीज के लिए भारत के तेज गेंदबाजी आक्रमण के लिए बड़ा झटका है। जसप्रीत बुमराह भारत के लिए अगले साल होने वाले आईसीसी वन डे क्रिकेट विश्व कप के लिए बहुत अहम है। इसी के चलते टीम इंडिया का प्रबंधन बुमराह को लेकर किसी तरह का जोखिम नहीं उठाना चाहता है। शुभमन गिल की अगुआई में जब भारतीय क्रिकेट टीम श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए रवाना हुई थी और बुमराह जब उसके साथ नहीं गए तभी यह तय हो गया था कि वह इस टेस्ट सीरीज से ही बाहर हो गए हैं। भारत के लिए एक अच्छी खबर यह है कि साई सुदर्शन अब अपनी चोट से उबर कर करीब करीब पूरी तरह फिट हैं और पहले टेस्ट के लिए फिट होने के लिए भारत को श्रीलंका के खिलाफ इस सीरीज के लिए उपलब्ध होंगे।
श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैच की सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम : शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत(विकेटकीपर),ध्रुव जुरैल (विकेटकीपर), बी साई सुदर्शन, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार,मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़ , आकिब नबी, देवदत्त पड्डीकल, सारांश जैन।* पूरी तरह फिट होने पर खेलेंगे।
आकिब नबी ने अब तक जम्मू कश्मीर के लिए 2025-26 में 60 विकेट चटका कर उसे रणजी ट्रॉफी खिताब जिताने के साथ दो रणजी सीजन में कुल 104 विकेट चटकाए हैं। जसप्रीत बुमराह 2024-25 में बॉर्डर गावसकर ट्रॉफी के दौरान पीठ में चोट के बाद इंग्लैंड में उसके खिलाफ पांच टेस्ट की सीरीज में तीन टेस्ट ही खेले। बुमराह इसके बाद भारतीय क्रिकेट टीम के तीन वन डे मैचों की सीरीज के दो मैच खेल कर घुटने में चोट के चलते बाहर हो गए। बुमराह को इसके बाद इस शर्त पर श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया कि वह पूरी तरह फिट होने पर ही इसमें खेलेंगे। बीसीसीआई के बेंगलुरू में सेंटर ऑफ एक्सिलेंस (सीओई)में बुमराह की चोट का आकलन किया गया और पाया गया कि उनके घुटने की चोट पूरी तरह ठीक नहीं है और इसलिए वह टीम इंडिया के साथ श्रीलंका में उसके खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलने नहीं जाएंगे।





