सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका की पुरुष क्रिकेट टीमों को सितंबर में होने वाले 2026 में आईची-नगोया (जापान)में होने वाले एशियाई खेलों में टी 20 क्रिकेट में सीधे नॉकआउट में स्थान दिया गया है। अफगानिस्तान, हांगकांग, जापान, मलयेशिया, नेपाल और ओमान की छह पुरुष टीमों को दो ग्रुपों ए और बी में बांटा गया है जो एशियाई खेलों के क्वॉलिफाइंग में पहले दौर में भिड़ेंगी। ग्रुप ए में अफगानिस्तान, नेपाल और मेजबान जापान की टीमों को रखा गया। हांगकांग, मलयेशिया और ओमान की टीमें ग्रुप बी में हैं। ग्रुप ए और ग्रुप बी में शीर्ष पर रहने वाली दो दो टीमें सीधे नॉकआउट में स्थान पाने वाली चार टीमों के साथ नॉकआउट क्वार्टर फाइनल में पहुंचेगी। पुरुष वर्ग के क्रिकेट मुकाबले 24 सितंबर से 1 अक्टूबर तक होंगे। एशियाई खेलों में क्रिकेट का ड्रॉ शुक्रवार को निकाला गया। भारत एशियाई खेलों में पुरुष और महिला दोनों वर्गों का स्वर्ण पदक विजेता है।
एशियाई खेलों में महिला क्रिकेट में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, चीन,मेजबान जापान, थाईलैंड और मलयेशिया सहित आठ टीमें हैं। महिला वर्ग के मुकाबले सीधे क्वॉर्टर फाइनल से शुरू होंगे। एशियाई खेलों में महिला वर्ग के मुकाबले17 से 22 सितंबर तक होंगे।
2023 में हांगजू(चीन) में हुए एशियाई खेलों पुरुष वर्ग का फाइनल बारिश के चलते अधूरा बेनतीजा खत्म हो गया था और इसमें तब अफगानिस्तान ने 18.2 ओवर खेले थे और भारत को उसकी उंची वरीयता के चलते स्वर्ण पदक दिया गया। भारत की महिला टीम ने श्रीलंका को 2023 के एशियाई खेलों के फाइनल में 19 रन से हरा कर स्वर्ण पदक जीता था।





