श्री गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए छह माह तक बंद

The doors of Shri Gangotri Dham closed for six months for winter.

रविवार दिल्ली नेटवर्क

देहरादून : विश्व प्रसिद्ध श्री गंगोत्री धाम में अन्नकूट एवं गोवर्धन पर्व के पावन अवसर पर मंगलवार को अभिजीत मुहूर्त में ठीक दोपहर 12:05 बजे वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ शीतकाल के लिए छह माह तक बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की उत्सव डोली पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों, देव डोली, लोक संस्कृति की मनमोहक छटा, ढोल-दमाऊ की गूंज और सेना के बैंड की मधुर धुनों के बीच अपने शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा (मुखीमठ) के लिए रवाना हुई। मां गंगा की उत्सव डोली आज करीब 19 किलोमीटर की पैदल यात्रा तय करेगी। पहले दिन भैरव मंदिर होते हुए मार्कण्डेय पुरी स्थित देवी मंदिर में रात्रि विश्राम होगा। इसके बाद 11 नवंबर को डोली मुखबा के लिए प्रस्थान करेगी। कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया एवं तैयारियां मंगलवार प्रातःकाल से ही विधि-विधान के साथ शुरू हो गई थीं। निर्धारित मुहूर्त में पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चार और विशेष धार्मिक अनुष्ठानों के बीच मां गंगा के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ बंद किए गए।